विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bastar News: पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या, माओवादी वारदात की आशंका

By AgencyEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Thu, 10 Nov 2022 02:50 PM (IST)

Bastar News छत्तीसगढ़ के बस्तर में संदिग्ध माओवादियों ने एक पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ...और पढ़ें

बस्तर में पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या, माओवादी वारदात की आशंका। फाइल फोटो
बस्तर में पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या, माओवादी वारदात की आशंका। फाइल फोटो

रायपुर, एजेंसी। Bastar News: छत्तीसगढ़ के बस्तर (Bastar) में वीरवार को संदिग्ध माओवादियों ने एक पुलिस कांस्टेबल (Police Constable) की गोली मारकर हत्या (Murder) कर दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना राज्य की राजधानी रायपुर (Raipur) से करीब 300 किलोमीटर दूर मरदूम थाना क्षेत्र के मारिकोदरी गांव में तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई।

अज्ञात लोगों ने चलाई गोली

प्रेट्र के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि इसी इलाके में रेखाघाटी पुलिस शिविर में तैनात कांस्टेबल नेवरू बेंजाम अपने परिवार के साथ एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया था। जब वह कार्यक्रम स्थल पर थे तो कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई।

माओवादी वारदात की आशंका

अधिकारी ने बताया कि हमलावर तुरंत घने जंगल में भाग गए। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह घटना माओवादियों की करतूत लगती है, लेकिन इसकी जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।

अक्टूबर में कांकेर में हुई थी मुठभेड़

अक्टूबर, 2022 में कांकेर के सिकसोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कड़मे के जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड व सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने दो हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया। दोनों पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटनास्थल से एक राइफल, एक पिस्तौल, 57 हजार रुपये समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। कड़मे के जंगल में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर सिकसोड़ थाने से डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम गश्त पर निकली थी।

जवानों को भारी पड़ता देख भागे नक्सली

थाने से लगभग 20 किलोमीटर दूर कड़मे के जंगल में पहुंचते ही पहाड़ पर घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसाने लगे। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभालकर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों ओर से लगभग दो घंटे चली गोलीबारी के बाद जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए। घटनास्थल की सर्चिंग करने पर दो नक्सलियों के शव मिले। इनमें से एक की पहचान नक्सलियों के प्रतापपुर एरिया कमेटी के सदस्य दर्शन पद्दा (32) और उत्तर ब्यूरो एक्शन और रेकी टीम के कमांडर जागेश सलाम (23) के रूप में की गई।

यह भी पढ़ेंः आरक्षण बढ़ाने पर भाजपा भी बघेल सरकार के साथ, विधेयक का करेगी समर्थन