यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh News: देश के मुख्यमंत्रियों की तुलना में 'बघेल' से जनता सबसे कम नाराज : सर्वे
Chhattisgarh News सर्वे में बताया गया है कि सीएम भूपेश बघेल से जनता बाकी सीएम के मुकाबले काफी नाराज है। ...और पढ़ें

रायपुर, राज्य ब्यूरो। आइएएनएस—सीवोटर ट्रैकर ने सभी स्तरों की एंटी—इनकंबेंसी इंडेक्स पर एक सर्वे किया है, जिसमें यह तथ्य आया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति जनता में नाराजगी का स्तर देश के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री की तुलना में सबसे कम है। इसके पीछे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छत्तीसगढि़या (राज्य के मूल निवासी) गौरव के ध्वजवाहक के रूप में बनाई गई छवि मददगार साबित हो रही है।
त्रैमासिक आइएएनएस-सीवोटर ट्रैकर के अनुसार, मुख्यमंत्री बघेल ने अपनी सरकार की योजनाओं और कामकाज से छत्तीसगढि़या भावनाओं को मजबूत किया है। तीज-त्योहार से लेकर छत्तीसढि़या ओलिंपिक ने मुख्यमंत्री की छवि को मजबूत करने का काम किया है।
सर्वे में बताया गया सबसे फिट सीएम
सर्वे के अनुसार, भूपेश बघेल देश के सबसे शारीरिक रूप से सबसे फिट मुख्यमंत्रियों में से एक हैं। वह अपनी प्रमुख योजनाओं की सफलता सुनिश्चित करने के लिए दिन में लगभग 16 घंटे लगातार काम करते हैं। उनकी आधिकारिक बैठकों और कार्यक्रमों का दैनिक कार्यक्रम सुबह नौ बजे शुरू होता है, जो आधी रात के बाद तक चलता है।
उन्होंने गोधन न्याय योजना जैसी अपनी प्रमुख योजनाओं के साथ छत्तीसगढ़ में विशाल ग्रामीण परिदृश्य में एक आर्थिक क्रांति की शुरआत की है। जुलाई 2020 में पशुपालकों, जैविक किसानों की आय बढ़ाने और मजबूत करने के मुख्य उद्देश्य के साथ यह योजना शुरू की गई थी। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां किसानों से चार रपये प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदा जाता है।
त्वरित निर्णय लेने वालों में भी आगे
सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री बघेल त्वरित नीतिगत निर्णय लेते हैं। उन्होंने नौकरशाहों को निर्देश दिया है कि वे फाइलों पर न बैठें और जमीन पर सरकारी योजनाओं के उचित क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखें। यदि योजनाओं को समयबद्घ तरीके से लागू नहीं किया जाता है, तो वह शीर्ष अधिकारियों को निलंबित करने या उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं।
रोजगार देने में अव्वल राज्य है छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ देश में सबसे कम बेरोजगारी दर के साथ शीर्ष पर है। छत्तीसगढ़ देश के सबसे खराब नक्सल प्रभावित राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन भूपेश बघेल—शासन के दौरान स्थिति काफी बदल गई है। उन्होंने सड़कों का निर्माण तथा स्कूल खोलने का काम किया है। सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर जैसे घोर नक्सल प्रभावित जिलों में विकास योजनाओं के कारण बदलाव आया है।
