विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Chit Fund Ccam: भूपेश बघेल बोले-पीएम मोदी ईडी से करवाएं नान व चिटफंड घोटाले की जांच, मैं करूंगा सहयोग

By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Thu, 10 Nov 2022 09:41 PM (IST)

Chit Fund Ccam भूपेश बघेल ने लिखा प्रधानमंत्री जी! 2014-2018 तक छत्तीसगढ़ में और केंद्र में भाजपा की सरकार थी ...और पढ़ें

भूपेश बघेल बोले, पीएम मोदी ईडी से करवाएं नान व चिटफंड घोटाले की जांच, मैं करूंगा सहयोग। फाइल फोटो
भूपेश बघेल बोले, पीएम मोदी ईडी से करवाएं नान व चिटफंड घोटाले की जांच, मैं करूंगा सहयोग। फाइल फोटो

रायपुर, जेएनएन। Chit Fund Ccam: छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने हिमाचल प्रदेश की एक चुनावी सभा में पीएम नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के दिए बयान पर दो ट्विट करते हुए छत्तीसगढ़ के नागरिक आपूर्ति निगम (नान) व चिटफंड घोटाले की ईडी से जांच कराने की मांग की। बघेल ने लिखा, प्रधानमंत्री जी! 2014-2018 तक छत्तीसगढ़ में और केंद्र में भाजपा की सरकार थी, लेकिन ना ही चिटफंड घोटाले, ना नान घोटाले की जांच हुई। मैं तो सहयोग करने को तैयार हूं। आप दोनों घोटालों की ईडी से जांच करवाइए। रमन सिंह (Raman Singh) ने आपका साथ नहीं दिया, लेकिन मैं दूंगा।

जानें, क्या है मामला

इन दोनों घोटालों में पूर्व सीएम रमन सिंह और उनके बेटे अभिषेक सिंह के संलिा होने का आरोप भूपेश बघेल ने लगाया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और उस पर राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान ने पारा चढ़ा दिया है। ईडी की कार्रवाई छत्तीसगढ़ में चल रही है, लेकिन इसकी धमक प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी से लेकर हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव की सभाओं तक में सुनाई दे रही है।

पीएम मोदी ने कही थी ये बात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की एक चुनावी सभा में कहा कि अगर कांग्रेस वाले यहां (हिमाचल प्रदेश) बैठ गए, तो मुझे हिमाचल के लिए काम नहीं करने देंगे। पीएम मोदी के बयान को हिमाचल प्रदेश में चुनावी रैली कर रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लपकते हुए इसी पर ट्विट किया है।

बघेल का ट्वीट

दूसरे ट्विट में बघेल ने लिखा, भाजपा के मुख्यमंत्री पता नहीं आपका सहयोग क्यों नहीं करते। हमारा पूरा सहयोग 2024 तक आपको मिलेगा। आप छत्तीसगढ़ में भाजपा काल में हुए घोटालों की जांच शुरू करवाइए। हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनते ही आपको जयराम और नड्डा की सिर फुटव्वल से मुक्ति मिलेगी और हिमाचल को कुशासन से।

बघेल ने ईडी को लिखा था पत्र

दो दिन पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्ववर्ती रमन सरकार में हुए नान और चिटफंड घोटाले की ईडी से जांच कराने के लिए पत्र लिखा था। बघेल के पत्र में जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का जिक्र आया, तो डा. रमन ने भी आनन-फानन में पत्रकारवार्ता लेकर पलटवार कर दिया। डा. रमन ने कहा कि जिन अधिकारियों के खिलाफ विपक्ष में रहने के दौरान बघेल एफआइआर की मांग करते थे, आज उन्हीं अधिकारियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने नान घोटाले में फंसे आइएएस अनिल टुटेजा का नाम भी लिया। इस पर टुटेजा ने डा. रमन सिंह को पत्र लिखा है।

रमन सिंस को आइएएस टुटेजा का पत्र

आपकी (डा. रमन) सरकार ने मेरे कार्यकाल में अमानक चावल संग्रहण और पांच करोड़ के नुकसान के ईसीबी के मुख्य आरोपों को खारिज किया था और मुझे क्लीन चिट दी थी। विडंबना है कि जिन आरोपों को आपके सरकार द्वारा निराधार तथा काल्पनिक बताया गया था, उन्हीं आरोपों के आधार पर मैं ट्रायल का सामना करने को विवश हूं। मीडिया में लगातार आप मुझे नान का आरोपी बताते हैं। मेरे ऊपर घोटालों का आरोप लगाते हैं, जो काल्पनिक और सिर्फ राजनीति से प्रेरित है। आज भी ऐसे आरोपों के ट्रायल का सामना कर रहा हूं, जिनमें आरोप था ही नहीं।

टुटेजा ने यह भी कहा

आप के कार्यकाल के दौरान 2015 में संयुक्त सचिव था और आज भी दुर्भाग्य देखिए, मैं उसी पद पर कार्यरत हूं। मुझसे जूनियर चार अधिकारी सचिव के पद पर पदोन्नत हो चुके हैं। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि वर्तमान सरकार पर मेरे विरुद्ध कार्रवाई ना करने, संरक्षण प्रदान करने, बचाने तथा महत्वपूर्ण पद पर पदस्थ जैसे निराधार आरोप लगाना बंद करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।