छत्तीसगढ़ के स्थानीय निकाय चुनाव में 68 फीसदी मतदान, 15 को आएंगे नतीजे
छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों समेत 173 नगरीय निकायों के महापौर अध्यक्ष और पार्षद पद के उम्मीदवारों का भाग्य मंगलवार को मतदान के बाद ईवीएम में कैद हो गया। स्थानीय निकायों के महापौर के लिए 79 पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए 970 वहीं पार्षद पद के लिए 9452 प्रत्याशी मैदान में हैं।
जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों समेत 173 नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के उम्मीदवारों का भाग्य मंगलवार को मतदान के बाद ईवीएम में कैद हो गया। प्रदेश में शाम चार बजे तक 68.1 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मतगणना 15 फरवरी को होगी
मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। मतगणना 15 फरवरी को होगी। स्थानीय निकायों के महापौर के लिए 79, पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए 970, वहीं पार्षद पद के लिए 9,452 प्रत्याशी मैदान में हैं।
32 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं
जिलों में 32 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ के कुछ मतदान केंद्रों से विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और समझा कर मामला शांत कराया।
मतदान को लेकर महिलाओं में जमकर दिखा उत्साह
राजधानी में मंगलवार को हुई वोटिंग के दौरान महिलाओं में भी जमकर उत्साह दिखा। पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी सुबह से मतदान केंद्रों में पहुंचीं और शहर में महिला महापौर को चुनने की बातें कर रही थीं। इस दौरान कुछ महिलाओं ने कहा कि उनके शहर को इस नगर निगम चुनाव में महिला महापौर मिलने जा रही है, इसलिए वोट देने के लिए उनकी प्राथमिकता और अहम हो जाती है।
महिलाएं, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं
रायपुर नगर निगम में हुए मतदान में जहां पुरुष का मतदान प्रतिशत 49.79 रहा, वहीं महिलाओं का मतदान प्रतिशत भी 49.4 प्रतिशत रहा। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर में महिला महापौर को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। वहीं महिलाएं, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं।
34 वार्डों में महिलाओं की संख्या अधिक नगर निगम की सरकार में महिलाओं की भूमिका मुख्य अहम रहने वाली है, क्योंकि इस बार कुल 70 वार्डों से 34 वार्ड में महिला वोटरों की संख्या भी अधिक थी। वहीं एक वार्ड में महिला और पुरुष वोटर बराबर हैं। इस बार जहां शहर को महिला महापौर मिलने जा रही है, वहीं चुनावी जंग में भी महिलाओं की भूमिका मुख्य होगी।
11 वार्डों में महिलाओं की संख्या अधिक
70 में 23 वार्ड महिला आरक्षित हैं, जिसमें भी 11 वार्डों में महिलाओं की संख्या अधिक है। ऐसे में महिला प्रत्याशियों को अवसर भी मिला है। कुल वोटरों की बात करें तो महिला और पुरुष के बीच सिर्फ 2006 का अंतर है। 70 वार्डों की बात करें तो कुल वोटर 10 लाख 36 हजार 110 मतदाता हैं, जिसमें 49.58 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है।
70 वार्ड में से 23 वार्ड महिला आरक्षित थे
शहर के साथ इन वार्डों में महिलाओं का रहेगा दबदबा नगर निगम चुनाव में 70 वार्ड में से 23 वार्ड महिला आरक्षित थे, जिसमें 11 वार्डों में महिलाओं की संख्या भी अधिक थी, जिसे लेकर माना जा रहा है कि अब पांच वर्ष इन वार्डों में महिलाओं का दबदबा रहने वाला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।