सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Titan Q2 Results: टाटा की टाइटन का मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़कर 2393 करोड़ रुपये हुआ, रेवेन्यू में 23% की तेजी

Published: Thu, 05 Nov 2026 09:25 PM (IST)

Titan Q2 Results: टाटा समूह की टाइटन कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में ₹2,393 करोड़ का शुद्ध ...और पढ़ें

टाइटन का शुद्ध मुनाफा दोगुना होकर ₹2,393 करोड़ पहुंचा।

टाइटन का शुद्ध मुनाफा दोगुना होकर ₹2,393 करोड़ पहुंचा।

HighLights

  1. टाइटन का शुद्ध मुनाफा दोगुना होकर ₹2,393 करोड़ पहुंचा।

  2. कंपनी का राजस्व 23% बढ़कर ₹20,337 करोड़ दर्ज किया गया।

  3. नोएल टाटा 12 नवंबर को पद से रिटायर होंगे।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। Titan Company Q2 Result: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। टाइटन का शुद्ध मुनाफा दोगुने से ज्यादा हो गया है। वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई से सितंबर 2026 के बीच कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 2,393 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,120 करोड़ रुपये था। कंपनी की स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, नोएल टाटा 12 नवंबर से टाइटन कंपनी के वाइस-चेयरमैन और डायरेक्टर के पद से रिटायर हो जाएंगे।

टाइटन की सेल से होने वाली कमाई में बढ़ोतरी हुई है। इस कारण दूसरी तिमाही में टाइटन का रेवेन्यू सालाना आधार पर 23 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 20,337 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 16,461 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। कंपनी के ज्वेलरी कारोबार में मजबूत मांग का फायदा उसके कुल नतीजों में देखने को मिला।

पिछली तिमाही के मुकाबले मुनाफा 35% बढ़ा

टाइटन ने तिमाही आधार पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,777 करोड़ रुपये था, जो दूसरी तिमाही में बढ़कर 2,393 करोड़ रुपये हो गया। इस तरह कंपनी के मुनाफे में तिमाही आधार पर करीब 35 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

हालांकि, रेवेन्यू में मामूली गिरावट दर्ज की गई। पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 20,787 करोड़ रुपये था, जो दूसरी तिमाही में घटकर 20,337 करोड़ रुपये रह गया। वहीं, कंपनी की ब्याज और टैक्स से पहले की कमाई (EBIT) सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 2,865 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल इसी तिमाही में यह 1,799 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के मुताबिक, ब्रांड कैंपेन और प्रमोशनल गतिविधियों से ग्राहकों के बीच मांग बढ़ी। इसके अलावा डिजाइनर ज्वेलरी, खासकर स्टडेड ज्वेलरी को लेकर ग्राहकों की पसंद में इजाफा हुआ। इससे न केवल बिक्री बढ़ी, बल्कि ग्राहकों की ओर से एक बार में की जाने वाली औसत खरीदारी की राशि में भी सुधार हुआ।

नोएल टाटा 12 नवंबर को रिटायर होंगे

टाटा समूह के गवर्नेंस दिशानिर्देशों के तहत, नोएल टाटा 12 नवंबर को वाइस-चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद से रिटायर हो जाएंगे। नोएल टाटा अगस्त 2003 से टाइटन से जुड़े हुए हैं। बोर्ड ने पिछले 23 वर्षों में कंपनी के प्रति उनके योगदान की सराहना की।

टाइटन के प्रबंध निदेशक अजय चावला ने कहा कि त्योहारों की तारीखें आगे खिसकने के बावजूद ग्राहकों की मांग मजबूत बनी रही। डिज़ाइन-आधारित कलेक्शन और ऑफर ने आभूषणों की मांग को बढ़ावा दिया।

ज्वेलरी, आईकेयर और वॉच बिजनेस की कमाई 27% बढ़ी

टाइटन के घड़ियों के कारोबार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट में Titan, Fastrack और Titan World जैसे ब्रांड शामिल हैं। दूसरी तिमाही में वॉच बिजनेस की कुल कमाई सालाना आधार पर 27 फीसदी बढ़कर 1,881 करोड़ रुपये हो गई।

टाइटन के आईकेयर यानी चश्मे के कारोबार ने भी दूसरी तिमाही में अच्छी वृद्धि दर्ज की। इस सेगमेंट की कमाई सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 281 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी के मुताबिक, प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग से इस कारोबार को फायदा मिला।

टाइटन के ज्वेलरी कारोबार ने दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी के इस सेगमेंट में Tanishq, Mia, Zoya और beYon जैसे ब्रांड शामिल हैं। ज्वेलरी कारोबार से होने वाली कमाई सालाना आधार पर 24 फीसदी बढ़कर 17,495 करोड़ रुपये हो गई।

यह भी पढ़ें- Bharti Airtel Q2 results: एयरटेल ने जारी किए दूसरी तिमाही के नतीजे, मुनाफा 31% बढ़कर 8888 करोड़ रुपये हुआ

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।