Bharti Airtel Q2 results: एयरटेल ने जारी किए दूसरी तिमाही के नतीजे, मुनाफा 31% बढ़कर 8888 करोड़ रुपये हुआ
Bharti Airtel Q2 results: भारती एयरटेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अपने शुद्ध लाभ में 31% की वृद्धि दर्ज की, जो 8,888 करोड़ रुपये पहुंच गया।

भारती एयरटेल का शुद्ध लाभ 31% बढ़कर 8,888 करोड़ रुपये हुआ।
HighLights
शुद्ध लाभ 31% बढ़कर 8,888 करोड़ रुपये हुआ।
राजस्व 16.7% बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये पर पहुंचा।
कुल ग्राहक आधार 69.3 करोड़, ARPU बढ़कर 271 रुपये।
नई दिल्ली। Bharti Airtel Q2 results: मार्केट कैप के लिहाज से भारत की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी ने सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 31 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। इस दौरान कंपनी का मुनाफा बढ़कर 8888 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 6,792 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
हालांकि, कंपनी का मुनाफा बाजार के अनुमानों से थोड़ा कम रहा। CNBC-TV18 के पोल में एयरटेल का मुनाफा 9,209 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था।
16.7% बढ़ा कंपनी का रेवेन्यू
भारती एयरटेल के रेवेन्यू में भी दूसरी तिमाही के दौरान अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.7 फीसदी बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 52,145 करोड़ रुपये था।
वहीं, कंपनी का कंसोलिडेटेड EBITDA 35,240 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान EBITDA मार्जिन 57.9 फीसदी दर्ज किया गया। कंपनी के मुताबिक, भारत और अफ्रीका के कारोबार में मजबूत प्रदर्शन से रेवेन्यू को सहारा मिला, हालांकि नेटवर्क संचालन की बढ़ती लागत का असर कमाई पर पड़ा।
69.3 करोड़ हुआ एयरटेल का कुल ग्राहक आधार
कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने नतीजों पर कहा कि एयरटेल ने एक और तिमाही में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में पिछली तिमाही के मुकाबले 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि अफ्रीका के कारोबार में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है।
दूसरी तिमाही के अंत तक एयरटेल का कुल ग्राहक आधार बढ़कर 69.3 करोड़ हो गया। कंपनी भारत और अफ्रीका में अपने नेटवर्क के जरिए 15 देशों में सेवाएं दे रही है। इस तिमाही में कंपनी ने करीब 1.2 करोड़ नए ग्राहक जोड़े।
भारत में बढ़ी प्रति ग्राहक कमाई
भारतीय कारोबार में एयरटेल के मोबाइल रेवेन्यू में सालाना आधार पर 10.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं, कंपनी का एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) बढ़कर 271 रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 256 रुपये था।
ARPU में बढ़ोतरी का मतलब है कि कंपनी को अपने प्रत्येक मोबाइल ग्राहक से पहले के मुकाबले ज्यादा कमाई हो रही है। कंपनी के मुताबिक, बेहतर ग्राहक आधार और प्रीमियम प्लान पर फोकस से इस आंकड़े में सुधार हुआ है।
होम ब्रॉडबैंड और अफ्रीका कारोबार में भी तेजी
एयरटेल के होम्स बिजनेस का रेवेन्यू सालाना आधार पर 25.3 फीसदी बढ़ा। इस दौरान कंपनी ने 6.76 लाख नए ग्राहक जोड़े, जिससे इस कारोबार का कुल ग्राहक आधार 1.54 करोड़ हो गया।
वहीं, एयरटेल बिजनेस के रेवेन्यू में 11.4 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के अफ्रीका कारोबार ने भी शानदार प्रदर्शन किया। यहां स्थिर मुद्रा (Constant Currency) के आधार पर रेवेन्यू में सालाना 20.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
यह भी पढ़ें: Lenskart Q2 Results: चश्मा पहनाने वाली कंपनी का मुनाफा 123% बढ़कर हुआ 227 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में भी आया उछाल
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।