Stock Market Outlook: अगले हफ्ते किधर जाएगा शेयर बाजार? बरकरार रहेगी तेजी या लौटेगी गिरावट; ये फैक्टर्स होंगे अहम
इस सप्ताह थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित मुद्रास्फीति, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और कच्चे तेल की कीमतें भारतीय शेयर बाजारों ...और पढ़ें

कैसा रहेगा अगला हफ्ता? (AI फोटो)
HighLights
WPI मुद्रास्फीति और विदेशी निवेश तय करेंगे बाजार की दिशा
कच्चे तेल की कीमतें और वैश्विक घटनाक्रम भी रहेंगे अहम कारक
अमेरिका के खुदरा बिक्री और एफओएमसी ब्योरे पर रहेगी नजर
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़े, विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियां, कच्चे तेल की कीमतें और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा तय करेंगे। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। वैश्विक स्तर पर अमेरिका के खुदरा बिक्री के आंकड़े, एनवीडिया के तिमाही नतीजे और अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे से ब्याज दरों को लेकर वैश्विक बाजारों की उम्मीदों और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेशकों की धारणा पर असर पड़ेगा।
ये फैक्टर्स होंगे अहम
रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ''कच्चे तेल की कीमतों, डॉलर, अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के निवेश का बाजार की दिशा तय करने में अहम योगदान रहेगा। घरेलू आर्थिक आंकड़ों के लिहाज से यह सप्ताह व्यस्त रहेगा। अक्टूबर के थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति और वस्तुओं के व्यापार के आंकड़े सोमवार, 16 नवंबर को जारी होंगे।''
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर निवेशक आर्थिक वृद्धि और भविष्य की मौद्रिक नीति के संकेतों के लिए अमेरिका के खुदरा बिक्री के आंकड़ों, एफओएमसी की बैठक के ब्योरे और बेरोजगारी भत्ते के दावों से जुड़े आंकड़ों पर नजर रखेंगे।
84,290 करोड़ रुपये का निवेश
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के संपत्ति प्रबंधन कारोबार के शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ''भारतीय शेयर बाजार में इस सप्ताह सकारात्मक रुख बने रहने और धीरे-धीरे तेजी जारी रहने की उम्मीद है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी, घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद और दूसरी तिमाही के उत्साहजनक नतीजों से बाजार धारणा को समर्थन मिल रहा है।''
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर निवेशक जापान के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), अमेरिका के खुदरा बिक्री के आंकड़ों, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के मुद्रास्फीति आंकड़ों, अमेरिका के रोजगार आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्योरे पर नजर रखेंगे। विदेशी निवेशकों ने नवंबर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजारों में जोरदार वापसी करते हुए 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे पहले लगातार दो महीने वे शुद्ध रूप से बिकवाल रहे थे।
बीते हफ्ते ये फैक्टर्स रहे अहम
वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बड़ी कंपनियों के शेयरों का आकर्षक मूल्यांकन इस निवेश के प्रमुख कारण रहे। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि वैश्विक बाजारों के घटनाक्रम का घरेलू बाजार की धारणा पर असर बना रहेगा।
खासकर अमेरिकी बाजार में प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में उतार-चढ़ाव पर निवेशकों की नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा कंपनियों के ऊंचे मूल्यांकन और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश की निरंतरता को लेकर चिंताओं के कारण वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में बीच-बीच में बिकवाली देखने को मिल रही है।
आईटी शेयरों पर दवाब का डर
पोनमुडी ने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी गिरावट से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों पर भी दबाव पड़ सकता है। निवेशक अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल और डॉलर की चाल पर भी नजर रखेंगे, क्योंकि इनमें और मजबूती से वित्तीय परिस्थितियां सख्त हो सकती हैं और उभरते बाजारों में पूंजी का प्रवाह प्रभावित हो सकता है।
पोनमुडी ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें और मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव भी महत्वपूर्ण बाहरी कारक बने रहेंगे।
पिछला सप्ताह कैसा रहा?
पिछले सप्ताह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 564.43 अंक यानी 0.69 प्रतिशत चढ़ा, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 113.95 अंक यानी 0.45 प्रतिशत बढ़ा। शोध विश्लेषक कंपनी एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरीसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड बाजार के घटनाक्रम विदेशी निवेश के लिहाज से अहम रहेंगे।
अमेरिका में खुदरा बिक्री के मजबूत आंकड़े या एफओएमसी की बैठक के ब्योरे में सख्त मौद्रिक नीति के संकेत मिलने से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ सकती है। इससे अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल पांच प्रतिशत से ऊपर बना रह सकता है।
कच्चे तेल की कीमतें भी घरेलू बाजार की धारणा को प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण कारक हैं। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार दिसंबर में होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित कदमों का आकलन करना शुरू कर देंगे। कच्चे तेल की कीमतें और विदेशी निवेश का प्रवाह भी निगरानी के प्रमुख कारक होंगे।''
ये भी पढ़ें - नवंबर 2026 में FD पर मिल रहा 8.6% तक ब्याज, चेक करें HDFC, ICICI और PNB से उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक तक की रेट्स
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।