यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुकेश अंबानी ने भर दिया मोदी सरकार का खजाना, रिलायंस ने दिया ₹10000000000000 का टैक्स!
Reliance Industries tax रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2024-25 में 210269 करोड़ रुपये का टैक्स दिया जो पिछले वर्ष से ...और पढ़ें

नई दिल्ली। भारत और एशिया के सबसे अमीर इंसान मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने टैक्स देकर सरकार का खजाना भर दिया। टैक्स देने में रिलायंस सबसे आगे रही। वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी ने 2,10,269 करोड़ रुपये का टैक्स दिया है। यह 2023-24 के 1,86,440 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।
6 साल में 10 लाख करोड़ रुपये का दिया टैक्स
पिछले छह वर्षों में कंपनी 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का टैक्स दे चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष के दौरान रिलायंस का कुल वैल्यू एडिशन 4,30,453 करोड़ रुपये रहा है जो भारत की आर्थिक पारिस्थितिकी में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। इस दौरान कंपनी का कुल समेकित राजस्व 10,71,174 करोड़ रुपये रहा है और इसमें वार्षिक आधार पर 7.1 प्रतिशत की वृद्धि रही है।
इस रिपोर्ट में कंपनी के प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों से कहा कि रिलायंस केवल एक कंपनी नहीं है। यह एक राष्ट्रीय संस्था है जो 145 करोड़ भारतीयों के लिए अवसर, प्रगति और समृद्धि को सशक्त बनाती है।
हाल के वर्षों में रिलायंस एक बहु-इंजन विकास शक्ति के रूप में उभरी है। रिलायंस के मजबूत प्रदर्शन को इसके संतुलित और विविधीकृत व्यवसाय पोर्टफोलियो द्वारा समर्थन मिला, जिसने बाहरी अस्थिरता और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को कम किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले दस वर्षों के दौरान रिलायंस के शेयरधारकों के मूल्य में पांच गुना की वृद्धि रही है।
9 साल में 5 गुना हुई वैल्यूएशन
वित्त वर्ष 2015-16 में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 3.39 लाख करोड़ रुपये था, जो 2024-25 के अंत में पांच गुना बढ़कर 17.25 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इस एक दशक में कंपनी का समेकित राजस्व 3.65 गुना, संचालन लाभ 3.4 गुना और शुद्ध लाभ 2.72 गुना बढ़ा है।
इस दौरान कंपनी की नेटवर्थ 3.4 गुना बढ़कर 7,95,069 करोड़ रुपये और कुल संपत्तियां 3.2 गुना बढ़कर 19,50,121 करोड़ रुपये हो गई हैं।
लगातार 5वें साल मुकेश अंबानी ने नहीं लिया वेतन
Reliance Industries के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने वित्त वर्ष 2024-25 में लगातार पांचवें वर्ष भी वेतन नहीं लिया है। वित्त वर्ष 2008-09 में मुकेश अंबानी ने 15 करोड़ रुपये पर सीमित कर दी थी। वित्त वर्ष 2019-20 तक उन्होंने यही वेतन लिया। कोरोना महामारी के कारण वित्त वर्ष 2020-21 में उन्होंने अपना पूरा वेतन छोड़ने की घोषणा की थी और अभी तक वेतन नहीं लिया है। हालांकि, पिछले वर्ष उन्हें कंपनी से लाभांश के तौर पर 8.85 करोड़ रुपये मिले हैं। इस दौरान कंपनी के प्रमोटर समूह को 3,655 करोड़ रुपये का लाभांश मिला है।
