NSE बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज, बाजार पूंजीकरण 6 लाख करोड़ के पार
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) बाजार पूंजीकरण के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज बन गया है, जिसका बाजार पूंजीकरण 64.1 अरब डॉलर (लगभग ₹6 लाख करोड़) तक पहुंच गया है।

NSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹6 लाख करोड़ के पार (AI Image)
HighLights
NSE बाजार पूंजीकरण में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एक्सचेंज।
एक्सचेंज का बाजार पूंजीकरण 64.1 अरब डॉलर पहुंचा।
जर्मनी और लंदन स्टॉक एक्सचेंज को पीछे छोड़ा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) बाजार पूंजीकरण (Capitalization) के लिहाज से दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज बन गया है। एक्सचेंज का बाजार पूंजीकरण 64.1 अरब डॉलर यानी करीब ₹6 लाख करोड़ पहुंच गया है। इस उपलब्धि के साथ NSE ने जर्मनी के डॉयचे बोर्स एजी और लंदन स्टॉक एक्सचेंज को पीछे छोड़ दिया है।
NSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन 64.1 अरब डॉलर हो गया है, जबकि डॉयचे बोर्स एजी का बाजार पूंजीकरण 63.4 अरब डॉलर और लंदन स्टॉक एक्सचेंज का 62.4 अरब डॉलर है। इस वैश्विक रैंकिंग में NSE से आगे CME ग्रुप 111.6 अरब डॉलर और इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज 99.4 अरब डॉलर के मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ पहले और दूसरे स्थान पर हैं।
नवंबर में 18 में से 14 कारोबारी सेशन में शेयर चढ़ा
NSE के शेयरों में लिस्टिंग के बाद से तेजी बनी हुई है। नवंबर में अब तक हुए 18 कारोबारी सत्रों में से 14 सत्रों में शेयर में बढ़त दर्ज की गई है। 26 नवंबर को कारोबार के दौरान NSE का शेयर लिस्टिंग के बाद के हाई लेवल ₹2,400 पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने के समय शेयर ₹2,375 पर कारोबार कर रहा था। इससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 64.1 अरब डॉलर हो गया।
इश्यू प्राइस से 33 फीसदी चढ़ा शेयर
NSE के शेयर 24 सितंबर 2026 को शेयर बाजार में लिस्टेड हुए थे। इसकी लिस्टिंग ₹1,800 प्रति शेयर पर हुई थी, जबकि इश्यू प्राइस ₹1,785 था। लिस्टिंग के बाद से शेयर अपने इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 33% चढ़ चुका है। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से तीसरे स्थान पर पहुंचना NSE की कॉरपोरेट यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे वैश्विक वित्तीय बाजारों में भारतीय एक्सचेंज की बढ़ती स्थिति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी मजबूत होती पहचान का पता चलता है।