अब विदेशों से नहीं मंगानी होगी खाद? यूरिया प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए 6 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी! ₹55000 करोड़ होंगे खर्च
सरकार ने देश में यूरिया का घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए ₹55,000 करोड़ की लागत से 6 ब्राउनफील्ड गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से सालाना 70 लाख टन से अधिक अतिरिक्त यूरिया का उत्पादन होगा, जिससे आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
-1795676257239_m.webp)
यूरिया के 6 नए प्रोजेक्ट्स को सरकार की मंजूरी
HighLights
सरकार ने 6 नए यूरिया प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी।
₹55,000 करोड़ का निवेश, 70 लाख टन अतिरिक्त उत्पादन।
यूरिया आयात पर निर्भरता कम होगी, आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| देश में यूरिया का घरेलू उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने नई निवेश नीति के तहत करीब ₹55,000 करोड़ की लागत वाली 6 ब्राउनफील्ड गैस आधारित यूरिया प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इन प्रोजेक्ट्स से देश में सालाना 70 लाख टन से अधिक अतिरिक्त यूरिया उत्पादन की क्षमता विकसित होने की उम्मीद है।
सरकार को इन परियोजनाओं के लिए कुल 18 प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से छह को मंजूरी दी गई है। ये प्रोजेक्ट्स तमिलनाडु के चेन्नई, पंजाब के नंगल, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और जगदीशपुर, पश्चिम बंगाल के पानागढ़ और राजस्थान के कोटा में लगाई जाएंगी।
इन 6 कंपनियों को मिली मंजूरी
सरकार के मुताबिक, मंजूर किए गए प्रोजेक्ट्स में चेन्नई स्थित मद्रास फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (MFL), पंजाब के नंगल में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL), उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कृभको फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (KFL), पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में मैटिक्स (Matix), राजस्थान के कोटा में चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (CFCL) और उत्तर प्रदेश के जगदीशपुर में इंडोरामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (IIPL) शामिल हैं। इनमें मैटिक्स, इंडोरामा इंडिया और चंबल फर्टिलाइजर्स प्राइवेट सेक्टर की कंपनियां हैं, जबकि मद्रास फर्टिलाइजर्स, कृभको और नेशनल फर्टिलाइजर्स सार्वजनिक या सहकारी क्षेत्र से जुड़ी हैं।
सरकार के अनुसार, एक यूरिया प्लांट लगाने पर करीब ₹9,000 करोड़ की पूंजीगत लागत आ सकती है। हालांकि, कोयला गैसीकरण आधारित परियोजना की लागत इससे अधिक हो सकती है। इसी आधार पर 6 प्रोजेक्ट में कुल इन्वेस्टमेंट करीब ₹55 हजार करोड़ रहने का अनुमान है।
मैटिक्स लगाएगी कोयला गैसीकरण आधारित इकाई
इन 6 प्रोजेक्ट्स में पश्चिम बंगाल के पानागढ़ स्थित मैटिक्स का प्रोजेक्ट खास है। यह देश की एकमात्र कोयला गैसीकरण आधारित यूरिया प्रोजेक्ट है। बाकी 5 प्रोजेक्ट्स में कच्चे माल के तौर पर LNG का इस्तेमाल किया जाएगा। मैटिक्स ने साल 2017 में पानागढ़ में अपना मौजूदा यूरिया प्लांट शुरू किया था। अब कंपनी इसी परिसर में 12.7 लाख टन सालाना क्षमता वाली एक और यूरिया इकाई लगाने की योजना बना रही है।
यूरिया आयात पर निर्भरता होगी कम
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, साल 2014-15 में देश का यूरिया उत्पादन 2.25 करोड़ टन था, जो 2023-24 में बढ़कर रिकॉर्ड 3.141 करोड़ टन पर पहुंच गया था। हालांकि, दो प्लांट्स के बंद होने के कारण साल 2025-26 में उत्पादन घटकर 2.933 करोड़ टन रह गया।
नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिलने से देश में 70 लाख टन से अधिक अतिरिक्त यूरिया उत्पादन की क्षमता विकसित हो सकती है। भारत ने 2025-26 में करीब एक करोड़ टन यूरिया का आयात किया था। ऐसे में घरेलू उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम करने और विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की कीमतों में गिरावट! FMCG कंपनियों का बढ़ेगा मुनाफा, आम ग्राहकों को क्या राहत?
सरकार ने जुलाई में 2026 की राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति (NIPU) को मंजूरी दी थी। इसे 30 जुलाई को नॉटिफाई किया गया था। इस पॉलिसी का उद्देश्य 8 नए यूरिया प्लांट स्थापित करने और मौजूदा क्षमता के विस्तार के जरिये करीब एक करोड़ टन अतिरिक्त उत्पादन क्षमता विकसित करना है।
हर साल 5% बढ़ रही यूरिया की मांग
देश में फसल चक्र में बदलाव और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ने के कारण यूरिया की मांग सालाना करीब 5 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। पिछले 1 दशक में बंद पड़े संयंत्रों को दोबारा शुरू करने और मौजूदा यूनिट्स के विस्तार से 6 नई उत्पादन इकाइयां जोड़ी गई हैं। इसके बावजूद देश का सालाना यूरिया उत्पादन करीब तीन करोड़ टन है, जबकि मांग लगभग चार करोड़ टन है।
नई निवेश नीति में कंपनियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सब्सिडी की गणना में स्थिर और परिवर्तनीय लागत को अलग किया गया है। इसके अलावा निवेश पर न्यूनतम 12 फीसदी और अधिकतम 16 फीसदी रिटर्न (RoE) का प्रावधान किया गया है। विदेशी मुद्रा के उतार-चढ़ाव से जुड़े जोखिम को कम करने की व्यवस्था भी की गई है। इससे प्रत्येक संयंत्र को करीब ₹250 करोड़ की बचत होने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।