सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की कीमतों में गिरावट! FMCG कंपनियों का बढ़ेगा मुनाफा, आम ग्राहकों को क्या राहत?

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:47 PM (IST)

अंतरराष्ट्रीय पाम ऑयल की कीमतों में गिरावट से भारतीय पैकेज्ड फूड और पर्सनल केयर कंपनियों को लाभ होगा, जिससे उनके मुनाफे का मार्जिन 100-150 बेसिस पॉइंट तक बढ़ सकता है।

पाम ऑयल के दाम में गिरावट

पाम ऑयल के दाम में गिरावट

HighLights

  1. पाम ऑयल की कीमतों में गिरावट से कंपनियों का मुनाफा बढ़ेगा।

  2. FMCG कंपनियों का मार्जिन 100-150 बेसिस पॉइंट तक बढ़ सकता है।

  3. उपभोक्ताओं को तत्काल कीमतों में कमी का लाभ नहीं मिलेगा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत खाद्य तेलों का बड़ा आयातक देश है, जिसके चलते इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बदलाव बहुत मायने रखता है। पाम ऑयल की कीमतों में अगस्त के उच्चतम स्तर से आई गिरावट का फायदा भारत की पैकेज्ड फूड और पर्सनल केयर कंपनियों को मिलने की उम्मीद है। इससे कंपनियों के मुनाफे का मार्जिन 100 से 150 बेसिस पॉइंट यानी 1 से 1.5 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।

मलेशिया में कम हुए दाम

पाम ऑयल खाद्य और पर्सनल केयर उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के लिए प्रमुख कच्चा माल है। इन कंपनियों की कुल कच्चे माल की लागत में इसकी हिस्सेदारी करीब 28-30% है। गॉडरेज इंटरनेशनल के निदेशक और कमोडिटी एक्सपर्ट डोरब मिस्त्री ने मीडिया को बताया कि, मलेशिया में कच्चे पाम ऑयल की कीमतें अप्रैल 2027 तक 4,500 से 5,000 रिंगिट प्रति टन के दायरे में रह सकती हैं। अगस्त के आखिर में इसकी कीमत 5,000 रिंगिट प्रति टन से ऊपर पहुंच गई थी। खाद्य तेल पर ज्यादा निर्भर कंपनियों को इस गिरावट से आने वाली तिमाहियों में लागत कम होने का फायदा मिलेगा।

150 बेसिस पॉइंट तक बढ़ेगा कंपनी का मार्जिन

एक फूड्स के CFO ने फाइनेंशियल एक्सप्रेस से कहा कि खाद्य तेलों की कीमतों में नरमी से कंपनी के मार्जिन को करीब 150 बेसिस पॉइंट का फायदा मिल सकता है। इसका पूरा असर मार्च तिमाही में दिखाई देने की उम्मीद है। कंपनी की खरीद प्रक्रिया और कम कीमत पर खरीदे गए पुराने स्टॉक के उत्पादन में इस्तेमाल होने के बाद लागत में कमी का पूरा फायदा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कंपनी ने पिछले कुछ महीनों में चार फेजेस में अपने उत्पादों की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 7% की बढ़ोतरी कर चुकी है। इसमें पिछले सप्ताह दिवाली के बाद की गई 3% की बढ़ोतरी भी शामिल है। अब कच्चे माल की कीमतों में नरमी को देखते हुए कंपनी को उम्मीद है कि इस साल बाकी समय उत्पादों के दाम बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, लागत में दोबारा बड़ी बढ़ोतरी होने पर स्थिति बदल सकती है।

कॉस्मेटिक्स प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों को भी राहत

अन्य कंपनियों को भी पाम ऑयल की कीमतों में गिरावट का फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी अपने न्यूट्रालाइट टेबल स्प्रेड उत्पादों में इसका इस्तेमाल करती है। पैकेज्ड फूड में नमकीन, बिस्कुट और स्प्रेड के अलावा साबुन, शैंपू और कॉस्मेटिक्स बनाने में भी पाम ऑयल का इस्तेमाल होता है।

एक अन्य कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि खाद्य उत्पादों में वनस्पति तेलों की बड़ी हिस्सेदारी है। पाम ऑयल की कीमतें हाई लेवल से नीचे आने से FMCG कंपनियों को राहत मिली है। हालांकि, खाद्य महंगाई कई कारकों पर निर्भर करती है। इसलिए कंपनियां आगे कीमतों में बदलाव को लेकर रिव्यू करेंगी।

आयात लागत में भी आई गिरावट

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) के एग्जक्यूटिव डायरेक्टर बीवी मेहता के मुताबिक, भारत में आयात होकर आने वाले कच्चे पाम ऑयल की कीमत 20 नवंबर को घटकर 1,080 डॉलर प्रति टन रह गई। एक महीने पहले यह 1,190 डॉलर प्रति टन थी। यानी इसमें 110 डॉलर की गिरावट आई है।

इसी तरह कच्चे सोयाबीन तेल की कीमत घटकर 1,295 डॉलर प्रति टन रह गई, जो एक महीने पहले 1,328 डॉलर थी। सूरजमुखी तेल की कीमत भी 1,515 डॉलर से घटकर 1,430 डॉलर प्रति टन पर आ गई। मेहता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ घरेलू बाजार में भी खाद्य तेलों की कीमतों में कुछ नरमी आई है।

खाद्य तेलों के लिए आयात पर निर्भर है भारत

विशेषज्ञों के मुताबिक, खाद्य तेलों की कीमतों में आगे कितनी गिरावट आएगी, यह वैश्विक बाजार में मांग और सप्लाई पर निर्भर करेगा। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बदलाव महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश अपनी सालाना 2.4 से 2.5 करोड़ टन खाद्य तेल खपत का करीब 57% आयात करता है। सितंबर में कच्चे पाम, सोयाबीन और सूरजमुखी तेल पर आयात शुल्क घटाने से भी घरेलू बाजार को राहत मिली है।

ये भी पढ़ें: चावल के बढ़ते दाम को रोकने के लिए निर्यात पर 20% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट पर भी लगेगा बैन?

नवंबर से अक्टूबर तक चलने वाले 2025-26 तेल वर्ष में भारत ने 1.692 करोड़ टन खाद्य तेलों का आयात किया। यह पिछले तेल वर्ष के मुकाबले करीब 6 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें ऊंची रहने के कारण आयात बिल बढ़कर 21 अरब डॉलर पहुंच गया, जो 2024-25 के मुकाबले 24% ज्यादा है।

आम उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत?

FMCG कंपनियों के लिए फिलहाल खाद्य तेलों की कीमतों में गिरावट का सबसे बड़ा फायदा अपना मुनाफा बढ़ाने और मार्जिन सुधारने में मिलेगा। कम लागत का फायदा ग्राहकों को उत्पादों की कीमतें घटाकर देने के बजाय कंपनियां अपनी कमाई सुधारने में इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे उपभोक्ताओं को फिलहाल पहले बढ़ाए गए दामों में कमी मिलने की संभावना कम है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।