सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चावल के बढ़ते दाम को रोकने के लिए निर्यात पर 20% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट पर भी लगेगा बैन?

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:11 PM (IST)

सरकार घरेलू चावल की कीमतों को नियंत्रित करने और उपलब्धता बढ़ाने के लिए कुछ किस्मों के निर्यात पर 20% शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। यह कदम टूटे चावल और गैर-बासमती की कुछ प्रीमियम किस्मों पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं और उद्योगों को बढ़ती कीमतों से राहत देना है।

चावल के निर्यात पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की तैयारी में सरकार

चावल के निर्यात पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की तैयारी में सरकार

HighLights

  1. सरकार चावल निर्यात पर 20% शुल्क लगाने पर विचार कर रही।

  2. घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ाने का है लक्ष्य।

  3. टूटे चावल और गैर-बासमती किस्मों पर होगा असर।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| चावल की घरेलू कीमत में बढ़ोतरी को रोकने और सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार नया प्लान कर रही है। भारत सरकार चावल की कुछ किस्मों के निर्यात पर करीब 20 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ाना और उपभोक्ताओं के साथ उद्योगों को कीमतों में बढ़ोतरी से राहत देना है।

प्रस्तावित शुल्क मुख्य रूप से 100 प्रतिशत टूटे चावल (Broken Rice) और गैर-बासमती चावल की कुछ प्रीमियम किस्मों पर लगाया जा सकता है। दक्षिण भारत के राज्यों में इन किस्मों की उपलब्धता कम होने के कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। एक सरकारी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि सरकार संबंधित मंत्रालयों के साथ निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के विकल्पों पर भी चर्चा कर रही है। इस संबंध में अंतिम फैसला बातचीत पूरी होने के बाद लिया जाएगा।

पशु आहार उद्योग पर बड़ा असर

टूटे चावल के भाव में तेज बढ़ोतरी से पोल्ट्री और पशु आहार बनाने वाले उद्योग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इन उद्योगों ने सरकार से चावल के निर्यात पर रोक लगाने की मांग की है। क्योंकि टूटे चावल का इस्तेमाल मुर्गियों और पशुओं के चारे में बड़े पैमाने पर होता है।

भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक देश है। ऐसे में भारतीय चावल के निर्यात पर शुल्क लगाने से थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार जैसे प्रतिस्पर्धी देशों को फायदा मिल सकता है। ये देश अब तक भारत की तुलना में ऊंची कीमतों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

चावल का सरकारी स्टॉक रिकॉर्ड स्तर पर

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ प्रीमियम गैर-बासमती चावल की कीमतें बढ़ी हैं, जबकि दूसरी किस्मों के दाम में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित एक चावल निर्यातक ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि घरेलू बाजार में चावल की कुल उपलब्धता मांग के मुकाबले पर्याप्त है। उनके मुताबिक, कुछ खास किस्मों की कीमतें बढ़ने के बावजूद निर्यात पर रोक लगाने की जरूरत नहीं है।

1 नवंबर तक भारत के सरकारी भंडार में धान और चावल मिलाकर कुल 5.53 करोड़ मीट्रिक टन स्टॉक था। यह सरकार के निर्धारित बफर स्टॉक लक्ष्य से करीब चार गुना अधिक है। एक्सपोर्टर ने आगे कहा कि चावल का निर्यात जारी रहना चाहिए, क्योंकि इससे नई फसल की आवक के लिए गोदामों में जगह खाली करने में मदद मिलेगी। उनके मुताबिक, निर्यात रोकने से भंडारण की समस्या भी बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: ₹15 प्रति किलो तक घटे प्याज के दाम, खरीफ फसलों की आवक से आम ग्राहकों को मिलेगी राहत?

इस तरह सरकार का प्रस्ताव मुख्य रूप से टूटे चावल और कुछ प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने पर केंद्रित है। हालांकि, इस फैसले से भारत के चावल निर्यात कारोबार और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा पर भी असर पड़ सकता है।

चावल एक्सपोर्ट होगा बैन?

चावल की कीमत को कंट्रोल करने के लिए आयात शुल्क लगाने के साथ ही इसके निर्यात पर रोक लगाने की भी चर्चा तेज है। इसी बीच नई दिल्ली स्थित एक अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग कंपनी के डीलर ने कहा कि निर्यात शुल्क लगाने से भारत से चावल की आपूर्ति धीमी हो सकती है, लेकिन पूरी तरह बंद होने की संभावना कम है। इसकी वजह भारतीय चावल की अन्य देशों के मुकाबले कम कीमत है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।