₹15 प्रति किलो तक घटे प्याज के दाम, खरीफ फसलों की आवक से आम ग्राहकों को मिलेगी राहत?
देश में प्याज की कीमतों में कमी आई है, प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ प्याज की आवक शुरू हो गई है। इससे अगले दो महीनों तक कीमतों को नियंत्रित रखने और उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि खुदरा भाव अभी भी ऊंचे हैं।
-1795171910836_m.webp)
प्याज की कीमतों में कमी
HighLights
प्याज के थोक भाव में ₹15 प्रति किलो तक की कमी।
प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ प्याज की आवक शुरू हुई।
अगले दो महीने कीमतों को नियंत्रित रखने में मिलेगी मदद।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। देश में पिछले कई महीनों से प्याज की कीमतों ने आम आदमी की जेब में दबाव बनाए रखा है। अब ऊंचे बने हुए प्याज के दाम अब कमी देखने को मिली है। राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ प्याज की शुरुआती आवक शुरू हो गई है। कारोबारियों और सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो महीनों तक खरीफ फसल की आवक से प्याज की कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे ने फाइनेंशियल एक्सप्रेस को बताया कि मंडियों और खुदरा बाजारों में प्याज के भाव नरम होने लगे हैं। पिछले सीजन में किसानों को अच्छे दाम मिलने से आगामी रबी सीजन 2026-27 में प्याज की बुवाई को लेकर पॉजिटिव रुझान बना है। इससे अगले सीजन में उत्पादन और उपलब्धता बेहतर रहने की उम्मीद है।
आजादपुर मंडी में 40 रुपये किलो तक पहुंचे भाव
देश की सबसे बड़ी फल एवं सब्जी मंडी आजादपुर में प्याज के थोक भाव घटकर ₹35 से ₹40 प्रति किलो रह गए हैं। एक महीने पहले यहां प्याज ₹50 से ₹55 प्रति किलो बिक रहा था, करीब ₹15 की कमी देखने को मिली है। कारोबारियों के मुताबिक, मंडी में आवक बढ़ने से कीमतों में गिरावट आई है। वहीं, महाराष्ट्र के नासिक स्थित देश की सबसे बड़ी प्याज थोक मंडी लासलगांव में भाव घटकर ₹45 से ₹47 प्रति किलो रह गए हैं। पिछले महीने यहां प्याज की कीमत करीब ₹50 प्रति किलो थी।
हालांकि, खुदरा बाजार में अभी भी प्याज महंगा बना हुआ है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को देश में प्याज का औसत खुदरा भाव ₹53.83 प्रति किलो रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 101 प्रतिशत अधिक है। पिछले 3 महीनों के दौरान कई बाजारों में प्याज की खुदरा कीमत ₹65 से ₹70 प्रति किलो तक पहुंच गई थी, जो अब घटकर ₹50 से ₹55 प्रति किलो रह गई है।
अक्टूबर में महंगाई बढ़ाने में प्याज की बड़ी भूमिका
प्याज की कीमतों में तेज बढ़ोतरी का असर खुदरा महंगाई पर भी पड़ा है। अक्टूबर 2026 में प्याज की महंगाई दर सालाना आधार पर 116 फीसदी रही। इसी दौरान खुदरा महंगाई दर पिछले साल के अक्टूबर की तुलना में बढ़कर 8.94 फीसदी दर्ज की गई। ऐसे में प्याज की नई फसल की आवक से उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
खरीफ फसल की आवक से मिलेगी राहत
कृषि कारोबार विश्लेषक दीपक चव्हाण ने मीडिया को बताया कि उत्तर कर्नाटक को छोड़कर ज्यादातर उत्पादक क्षेत्रों में खरीफ प्याज की फसल की स्थिति और आवक के शुरुआती संकेत बेहतर हैं। उत्तर कर्नाटक में सामान्य से कम बारिश के कारण फसल प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अगले 2 महीनों में खरीफ प्याज की आवक से कीमतों को नियंत्रण में रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 में उत्पादन की संभावनाएं काफी हद तक रबी प्याज की बुवाई के रकबे पर निर्भर करेंगी।
पिछले सीजन में उत्पादन 6.5 फीसदी घटा
फसल वर्ष 2025-26 में देश में प्याज का उत्पादन 288.9 लाख टन रहने का अनुमान है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 6.5% कम है। उत्पादन में गिरावट की प्रमुख वजह महाराष्ट्र में रबी प्याज की पैदावार कमी रही। देश के कुल प्याज उत्पादन में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है।
ये भी पढ़ें: भारतीय चावल के दाम 19 महीने के हाई लेवल पर, प्रोडक्शन की कमी के बाद भी इंटरनेशनल मार्केट में मजबूत रहेगी सप्लाई!
देश में कुल प्याज उत्पादन का 70 से 75 फीसदी हिस्सा रबी सीजन में आता है। रबी प्याज की फसल अक्टूबर से शुरू होने वाली खरीफ प्याज की आवक तक घरेलू मांग पूरी करने और कीमतों को स्थिर रखने में अहम भूमिका निभाती है। आमतौर पर अगस्त-सितंबर से त्योहारों की मांग, मौसम और आपूर्ति व्यवस्था के कारण प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ जाता है।
निर्यात पर नहीं पड़ा उत्पादन घटने का असर
पिछले सीजन में उत्पादन घटने के बावजूद भारत के प्याज निर्यात पर खास असर नहीं पड़ा है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भारत ने 6.4 लाख टन प्याज का निर्यात किया, जिसका कुल मूल्य 184 मिलियन डॉलर रहा।
वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में देश से 15 लाख टन प्याज का निर्यात किया गया था, जिसका मूल्य 397 मिलियन डॉलर था। भारत से बांग्लादेश, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका और नेपाल प्रमुख रूप से प्याज खरीदते हैं। हालांकि, चालू वित्त वर्ष में बांग्लादेश को प्याज का निर्यात अब तक बेहद कम रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।