सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय चावल के दाम 19 महीने के हाई लेवल पर, प्रोडक्शन की कमी के बाद भी इंटरनेशनल मार्केट में मजबूत रहेगी सप्लाई!

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:38 PM (GMT+05:30)

भारतीय चावल के निर्यात भाव 19 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं, जिसका मुख्य कारण घरेलू धान की ऊंची कीमतें, रुपये की मजबूती और अफ्रीकी देशों से लगातार मांग है। थाईलैंड के चावल के दाम भी बढ़े हैं, जबकि वियतनाम के चावल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय चावल की कीमतों में उछाल

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय चावल की कीमतों में उछाल

HighLights

  1. भारतीय चावल के निर्यात भाव 19 महीने के उच्चतम स्तर पर।

  2. घरेलू धान की ऊंची कीमतें और रुपये की मजबूती मुख्य कारण।

  3. थाईलैंड के चावल भी महंगे, वियतनाम के दाम गिरे।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारतीय चावल के निर्यात भाव इस हफ्ते पिछले 19 महीने से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। घरेलू बाजार में धान की ऊंची कीमतों, रुपये में मजबूती और अफ्रीकी देशों से लगातार मिल रही मांग के कारण निर्यात कीमतों में तेजी देखने को मिली है। वहीं, थाईलैंड के चावल के भाव भी करीब दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। इसके उलट वियतनाम के चावल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।

व्यापारियों के मुताबिक, भारत के 5 फीसदी टूटे दाने वाले पारबॉयल्ड चावल की कीमत इस सप्ताह 394-398 डॉलर प्रति टन रही, जबकि पिछले सप्ताह यह 385-390 डॉलर प्रति टन थी। वहीं, भारत के 5 फीसदी टूटे दाने वाले सफेद चावल का निर्यात भाव 395-400 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया।

आदित्य बिड़ला ग्लोबल ट्रेडिंग में भारत के राइस बिजनेस प्रमुख नीरज कुमार के मुताबिक, पिछले 3-4 हफ्तों के दौरान घरेलू धान की ऊंची कीमतों, अफ्रीकी देशों से लगातार मांग और रुपये में मजबूती ने भारतीय चावल के निर्यात भाव को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा सामान्य से कम मानसूनी बारिश और प्रतिकूल मौसम की आशंकाओं ने भी बाजार में कीमतों को मजबूती दी है।

उत्पादन घटने के बावजूद निर्यात बढ़ने का अनुमान

अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुमान के मुताबिक, भारत में चावल का उत्पादन कम रहने के बावजूद इस साल और अगले साल निर्यात बढ़ सकता है। इसकी प्रमुख वजह देश में चावल का पर्याप्त भंडार होना है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की आपूर्ति बनाए रखने की क्षमता बनी रहने की उम्मीद है।

थाईलैंड में चावल 510 डॉलर प्रति टन तक पहुंचा

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक थाईलैंड के 5 फीसदी टूटे दाने वाले चावल की कीमत बढ़कर 505-510 डॉलर प्रति टन हो गई है। पिछले सप्ताह इसका भाव 495-500 डॉलर प्रति टन था। यह दिसंबर 2024 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

कारोबारियों के मुताबिक, फिलीपींस और इंडोनेशिया के नियमित खरीदारों की ओर से एक्स्ट्रा खरीदारी और जापान से कुछ मांग मिलने के कारण थाई चावल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। घरेलू बाजार में ऊंचे भाव भी निर्यात कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बने हैं। इसके अलावा अल नीनो की आशंका से आगामी फसल का उत्पादन प्रभावित होने की चिंता भी बाजार में बनी हुई है। हालांकि, कारोबारियों का कहना है कि निकट भविष्य में थाईलैंड में चावल की सप्लाई स्थिर बनी हुई है। अगली फसल अगले साल की शुरुआत में बाजार में आने की उम्मीद है।

वियतनाम के चावल के भाव में गिरावट

दूसरी ओर, वियतनाम के 5% टूटे दाने वाले चावल का निर्यात भाव घटकर 475-485 डॉलर प्रति टन रह गया है। पिछले सप्ताह यह 490-495 डॉलर प्रति टन था। वियतनाम के सरकारी कस्टम आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के पहले पखवाड़े में देश ने 2,68,397 टन चावल का निर्यात किया। इसके साथ ही 15 नवंबर तक इस साल का कुल निर्यात बढ़कर 71.8 लाख टन हो गया, जिसका कुल मूल्य 3.48 अरब डॉलर रहा।

ये भी पढ़ें: 1 हफ्ते में ₹260 क्विंटल तक बढ़े गेहूं के भाव, FCI नीलामी की रणनीति पर उठते सवालों के बीच किस राज्य में कितना है भाव?

बांग्लादेश में भी ऊंचे बने हुए हैं चावल के दाम

बांग्लादेश में पर्याप्त घरेलू भंडार होने के बावजूद चावल की कीमतें हाई लेवल पर बनी हुई हैं। इससे पहले से महंगाई का सामना कर रहे उपभोक्ताओं पर दबाव बढ़ रहा है। कारोबारियों के मुताबिक, बाजार में पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद कीमतों में राहत नहीं मिल रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।