चावल की बढ़ती कीमत बनी सरकार की चिंता! निर्यात पर 30% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट बैन पर भी आ सकता है फैसला
सरकार घरेलू बाजार में चावल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए गैर-बासमती चावल के निर्यात पर 30% शुल्क लगाने और न्यूनतम निर्यात मूल्य लागू करने पर विचार कर रही है।

चावल निर्यात पर रोक लगाने की तैयारी में सरकार
HighLights
घरेलू चावल कीमतों पर नियंत्रण हेतु निर्यात शुल्क की तैयारी।
गैर-बासमती चावल पर 30% शुल्क या MEP लागू होगा।
अक्टूबर में चावल की महंगाई दर 12.51% तक पहुंची।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| चावल उत्पादन के मामले में भारत दुनिया का नंबर वन देश है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी मौजूदगी 45 प्रतिशत के आसपास है। इसके बाद भी चावल की घरेलू कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। डोमेस्टिक मार्केट में चावल की बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार गैर-बासमती चावल के निर्यात पर 30 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही न्यूनतम निर्यात मूल्य (MEP) लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार अगले महीने से इन उपायों को लागू कर सकती है। हालांकि, अगर इन उपायों से कीमतों में कमी नहीं आती है तो सरकार गैर-बासमती चावल के निर्यात पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का विकल्प भी अपना सकती है।
निर्यात बैन होने से घटेगी कीमत
सरकार का उद्देश्य निर्यात को कम करके घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों को नियंत्रित करना है। मीडिया के सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की कीमतें थाईलैंड और वियतनाम के मुकाबले कम हैं। ऐसे में 20 प्रतिशत निर्यात शुल्क लगाने के बाद भी भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धा बनी रह सकती है। इसलिए सरकार 30 फीसदी शुल्क लगाने के विकल्प पर विचार कर रही है। इस स्तर पर भारतीय चावल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कम हो सकती है।
नवंबर के पहले सप्ताह में भारतीय सफेद चावल (5% टूटा हुआ) का FOB मूल्य 384-389 डॉलर प्रति टन था। वहीं, पाकिस्तान का चावल करीब 415 डॉलर, थाईलैंड का 495 डॉलर और वियतनाम का 480 डॉलर प्रति टन था। ऐसे में भारतीय चावल की कीमत इन प्रमुख निर्यातक देशों से कम बनी हुई है।
अक्टूबर में चावल की महंगाई 12% से अधिक
घरेलू बाजार में चावल की बढ़ती कीमतें सरकार के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 8.94% हो गई, जो सितंबर में 7.74% थी। वहीं, चावल की महंगाई दर लगातार बढ़ रही है। जून में यह 1.72% थी, जो जुलाई में 3.30%, अगस्त में 5.89%, सितंबर में 8.27% और अक्टूबर में 12.51% पहुंच गई।
दक्षिण भारत के राज्यों में चावल की महंगाई का दबाव ज्यादा है। अक्टूबर में कर्नाटक में चावल की महंगाई 43.2%, आंध्र प्रदेश में 25.7%, तेलंगाना में 24.6%, तमिलनाडु में 17.4% और केरल में 9.4% रही।
गैर-बासमती चावल का निर्यात 7% बढ़ा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की मांग बढ़ने से निर्यात में भी तेजी आई है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान गैर-बासमती चावल का कुल निर्यात 7% बढ़कर 88.4 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 82.8 लाख टन था।
इस दौरान पारबॉयल्ड चावल का निर्यात 5% घटकर 48.7 लाख टन रह गया। वहीं, सफेद चावल का निर्यात 18% से अधिक बढ़कर 28.2 लाख टन और टूटे चावल का निर्यात 74% बढ़कर 9.8 लाख टन हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने 587 करोड़ डॉलर मूल्य का 150.4 लाख टन गैर-बासमती चावल निर्यात किया था।
पूरी तरह निर्यात बैन के पक्ष में नहीं सरकार
बिजनेसलाइन ने सूत्रों के हवाले से बताया कि, अधिकारियों की अंतर-मंत्रालयी समिति ने निर्यात पर एक साथ पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से कदम उठाने का फैसला किया है। घरेलू कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर अलग-अलग उपाय लागू किए जाएंगे। सरकार पहले ही खुले बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कदम उठा चुकी है। 6 नवंबर को केंद्र ने ओपन मार्केट सेल स्कीम (OMSS-D) के तहत फाइनेंशियल ईयर 2026-27 में ई-नीलामी के जरिए चावल बिक्री का लक्ष्य दोगुना करके 50 लाख टन कर दिया था। अक्टूबर तक 7 महीनों में 25 लाख टन चावल बेचा जा चुका था।
ये भी पढ़ें: 1 हफ्ते में ₹260 क्विंटल तक बढ़े गेहूं के भाव, FCI नीलामी की रणनीति पर उठते सवालों के बीच किस राज्य में कितना है भाव?
इसके अलावा, सरकार ने NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार को खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों में 'भारत राइस' की बिक्री बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। व्यापारियों, थोक विक्रेताओं, खुदरा कारोबारियों, प्रोसेसर और मिलर्स को बासमती, गैर-बासमती, पारबॉयल्ड, टूटे चावल और धान का स्टॉक अलग-अलग घोषित करने को कहा गया है। यह जानकारी हर शुक्रवार साप्ताहिक आधार पर देनी होगी।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना को जरूरत पड़ने पर चावल और धान पर स्टॉक लिमिट लगाने की अनुमति भी दी गई है। इसके बावजूद 21 नवंबर को देश में चावल की औसत खुदरा कीमत पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 11 फीसदी से अधिक रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।