Multibagger Stocks: इन 3 शेयरों ने एक ही दिन तोड़ा रिकॉर्ड, ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंचे; आज इन पर रहेगी नज़र
Multibagger Stocks मंगलवार को SML Isuzu नवीन फ्लोरीन और वैरिएंट कम्युनिकेशंस ने पुराने रिकॉर्ड तोड़े और अपने ऑल टाइम हाई लेवल को छू लिया। एसएमएल इसुजु के शेयर 2897 रुपए नवीन फ्लोरीन के शेयर 5054 रुपए और वैरिएंट कम्युनिकेशंस के शेयर 897 रुपए के साथ ऑल टाइम हाई पर पहुंचे। आज इन तीनों शेयरों पर निवेशकों की पैनी नजर रहने वाली है।

नई दिल्ली। Multibagger Stocks : आठ जुलाई का दिन शेयर बाजार के लिए खास रहा। क्योंकि, इस दिन तीन अलग-अलग सेक्टर से जुड़े मिड और स्मॉल कैप शेयरों ने पुराने रिकॉर्ड तोड़े और ऑल टाइम हाई की ऊंचाइयों को छूआ। ये शेयर हैं- SML Isuzu, Navin Fluorine, और Valiant Communications। जहां SML Isuzu ने Mahindra के साथ स्ट्रैटेजिक डील्स और सेल्स में बूस्ट के दम पर छह दिन में 40% से ज़्यादा की छलांग लगाई। तो वहीं Navin Fluorine ने 750 करोड़ रुपए के QIP की घोषणा और मजबूत रिटर्न प्रोफाइल के चलते ऑल-टाइम हाई को पार किया। जबकि Valiant Communications ने ग्लोबल टेलिकॉम इक्विपमेंट मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए नया विदेशी ऑर्डर हासिल किया, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी तेज़ हुई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ये शेयर निवेशकों को मोटी कमाई करा सकते हैं। खासतौर पर आज इन शेयरों पर सबकी नजर रहेगी।
1. SML Isuzu Limited: पांच साल में 577% रिटर्न दिया
यह स्टॉक मंगलवार को NSE पर 2,626 से 2,888 रुपए के बीच ट्रेड कर रहा था और 2,849.60 रुपए पर बंद हुआ। कंपनी के एक शेयर ने पिछले 15 दिन में 1092 रुपए की बढ़ोतरी हुई। यह 24 जून को 1,757 रुपए का था और 15 दिन में 1000 रुपए से ज्यादा का मुनाफा करा चुका है। इसने एक महीने में 51.29%, छह महीने में 108.91%, एक साल में 37.15% और पांच साल में 577% रिटर्न दिया है। यह शेयर एक जनवरी 1999 को 50 रुपए का था, जो अब 2,849 रुपए के साथ अब तक के हाई लेवल पर पहुंच गया है। यानी इसने अब तक 5,599% का रिटर्न दिया है।
- क्या काम करती है कंपनी : SML Isuzu एक भारतीय कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी है, जो मुख्य रूप से लाइट कमर्शियल व्हीकल्स यानी ट्रक, बस, एम्बुलेंस, वाटर टैंकर जैसे वाहन बनाती है।
- मार्केट कैप और रेवेन्यू : कंपनी का मार्केट कैप 4,124 करोड़ रुपए (FY2025) है और रेवेन्यू (FY24) 2,399 करोड़ रुपए है, जो पिछले साल की तुलना में 9.25% ज्यादा है।
- शेयरों में तेजी क्यों : अप्रैल 2025 में बिक्री में 43.2% की ग्रोथ हुई। जून 2025 में कार्गो वाहनों की बिक्री में 41.6% की बढ़त देखी गई। जबकि हाल ही में M&M ने कंपनी में 59% हिस्सेदारी लेने की घोषणा की। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और शेयर की मांग बढ़ी।
2. Navin Fluorine: QIP लाने उछले शेयरों के दाम
यह शेयर एक महीने में 14%, छह महीने में 32%, एक साल में 36% और 5 साल में 194% का रिटर्न दे चुका है। 8 जुलाई यानी मंगलवार को कंपनी के शेयर 4,926 रुपए से 5,040 रुपए के बीच ट्रेड कर रहे थे। इस बीच शेयरों ने ऑल टाइम हाई के लेवल को छू लिया और 5,054 रुपए तक पहुंच गया। इसमें 3% से ज्यादा की तेजी देखी गई। 2007 में यह स्टॉक करीब 64 रुपए का था। ये अब तक 7,730% का तगड़ा मुनाफा दिला चुका है।
- क्या काम करती है कंपनी : कंपनी मुख्य रूप में फ्लोरीन कैमिकल्स का प्रोडक्शन करती है। यह रेफ्रिजरेंट गैसों, अकार्बनिक फ्लोराइड्स और स्पेशल ऑर्गेनोफ्लोरीन कैमिकल्स के निर्माण में शामिल है। इसके अलावा, कंपनी कॉन्ट्रैक्स रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज़ भी प्रदान करती है।
- मार्केट कैप और रेवेन्यू : जुलाई 2025 तक कंपनी का मार्केट कैप 2.39 लाख करोड़ रुपए है। जबकि FY2024-2025 का रेवेन्यू 14.7% बढ़कर 2,349 करोड़ रुपए हो गया है।
- शेयरों में तेजी क्यों : R32 और R125 (रेफ्रिजरेटर गैसे) की वैश्विक आपूर्ति-क्षमताओं में कमी के चलते कीमतें बढ़ीं, जिससे Navin Fluorine को 14% तक का फायदा हुआ। इसके अलावा जुलाई 2025 में 750 करोड़ रुपए जुटाने के लिए कंपनी QIP लाई, जिससे शेयर में 3% से ज्यादा की तेजी आई।
3. Valiant Communications: टाटा ग्रुप के ऑर्डर ने दिलाई ग्रोथ
BSE के स्टॉक में मंगलवार को 1.93% की तेजी देखी गई। स्टॉक 883 रुपए से 894 रुपए के बीच ट्रेड कर रहे थे। इस बीच शेयर ने 897 रुपए के साथ अपने ऑल टाइम हाई के रिकॉर्ड को छू लिया। यह स्टॉक एक साल में 31%, छह महीने में 64%, एक साल में 29% और पांच साल में 3,109% का रिटर्न दे चुका है। जुलाई 1995 में इसकी कीमत 16 रुपए थी। यानी यह अब तक 5,506% का रिटर्न दे चुका है।
- क्या काम करती है कंपनी : कंपनी पावर और टेलिकॉम सेक्टर के लिए कम्युनिकेशन, ट्रांसमिशन, प्रोटेक्शन और सिंक्रोनाइज़ेशन इक्विपमेंट बनाती और एक्सपोर्ट करती है। इसके प्रोडक्ट बिजली सब‑स्टेशनों (33kV से 765kV तक) में इस्तेमाल होते हैं और यह Power Grid, GETCO जैसी प्रमुख यूटिलिटीज़ की मंज़ूरी प्राप्त है।
- मार्केट कैप और रेवेन्यू : जनवरी 2025 तक कंपनी का मार्केट कैप 453 करोड़ रुपए है और FY 2024-2025 में रेवेन्यू 9.8% की ग्रोथ के साथ 50.85 करोड़ रुपए है। कंपनी का नेट प्रॉफिट 9.61 करोड़ रुपए है, जो पिछले साल से 54.8% बढ़ा है।
- शेयरों में तेजी क्यों : कंपनी को GETCO के लिए इक्विपमेंट की सप्लाई के लिए टाटा ग्रुप के तेजस नेटवर्क्स से 41.35 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला। इससे जून 2025 में शेयर ने upper‑circuit लगाते हुए 5-8% तेजी आई।
अब देखने वाली बात होगी कि ये तीनों शेयर आज बाजार में कितनी धूम मचाते हैं।
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।