'भारतीय शेयर बाजार में पैसा लगाओ, चीन से बचो'...ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म ने दी सलाह; घटाई बीजिंग की रेटिंग
विदेशी ब्रोकरेज कंपनी एचएसबीसी ने भारतीय शेयरों की रेटिंग 'ओवरवेट' कर दी है, जबकि चीन के शेयरों को 'न्यूट्रल' कर ...और पढ़ें

एचएसबीसी ने चीन से ज्यादा भारत पर जताया भरोसा (AI फोटो)
HighLights
एचएसबीसी ने भारतीय शेयरों की रेटिंग 'ओवरवेट' की
चीन के शेयरों की रेटिंग घटाकर 'न्यूट्रल' कर दी गई
भारत में मजबूत कर्ज वृद्धि और कंपनियों की कमाई की उम्मीद
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। विदेशी ब्रोकरेज कंपनी एचएसबीसी ने शेयर बाजार की हाल की गिरावट के बाद भारतीय शेयरों के प्रति अपना रुख सकारात्मक करते हुए सोमवार को उनकी रेटिंग बढ़ाकर ‘ओवरवेट’ (मानक से अधिक निवेश की सलाह) कर दी, जबकि चीन के शेयरों की रेटिंग घटाकर ‘न्यूट्रल’ (तटस्थ) कर दी।
एचएसबीसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि कई वर्षों तक भारतीय शेयरों के मूल्यांकन में नरमी और उभरते बाजारों की तुलना में उनके कमजोर प्रदर्शन के बाद यह फैसला किया गया है। उसने कहा कि भारतीय शेयरों का मूल्यांकन अब अधिक उचित स्तर पर आ गया है।
भारत में कर्ज की वृद्धि मजबूत
रिपोर्ट के मुताबिक, एचएसबीसी को भारत में कर्ज की वृद्धि मजबूत बने रहने और कंपनियों की कमाई में स्थिरता की उम्मीद है। इसके अलावा, आर्थिक वृद्धि और रुपये को समर्थन देने वाले उपाय भी बाजार के लिए अनुकूल रहेंगे।
ब्रोकरेज ने कहा कि भारत जैसे ऊर्जा आयातक देश पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर पड़ना स्वाभाविक है। हालांकि, तेल की ऊंची कीमतों और अल नीनो के जोखिम के बावजूद बाजार की समग्र धारणा पर इनका खास असर पड़ने की आशंका नहीं है।
बाजार में उतार-चढ़ाव भी कम
एचएसबीसी ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी कंपनियों के दबदबे वाले एशियाई बाजारों में भारत निवेश में विविधता लाने का विकल्प उपलब्ध कराता है। साथ ही, यहां बाजार में उतार-चढ़ाव भी अपेक्षाकृत कम है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऊंची ब्याज दरों और कच्चे तेल की कीमतों सहित विभिन्न आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत बनी हुई है।
चीन के शेयरों की रेटिंग घटाई
चीन के शेयरों की रेटिंग घटाकर तटस्थ करने के फैसले पर एचएसबीसी ने कहा कि उसे ऐसे कारक सीमित नजर आ रहे हैं, जो शेयरों के मूल्यांकन में टिकाऊ सुधार ला सकें। रिपोर्ट में कहा गया कि चीन में उपभोक्ताओं का कमजोर भरोसा, रियल एस्टेट बाजार पर दबाव और घरेलू निवेश में सुस्ती आर्थिक वृद्धि को प्रभावित कर रहे हैं।
इसके अलावा, हांगकांग के शेयर बाजार में मुख्य भूमि चीन के निवेशकों का निवेश प्रवाह कमजोर पड़ने और मार्जिन पर कर्ज लेकर शेयरों में निवेश घटने से भी निवेशकों की घटती दिलचस्पी का संकेत मिलता है।
ये भी पढ़ें - कपड़ों की धुलाई हुई महंगी: सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के बढ़ गए दाम; चेक करें साबुन और डिटर्जेंट की नई रेट लिस्ट
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।