HD Fire Protect IPO: खुलते ही छाया आईपीओ, 90 मिनट में बंपर सब्सक्रिप्शन; GMP ने बढ़ाई निवेशकों की उम्मीद
Share Market News: एचडी फायर प्रोटेक्ट का आईपीओ 13 अक्टूबर को खुला और पहले ही दिन 1.23 गुना सब्सक्राइब हो ...और पढ़ें

HD Fire Protect IPO: खुलते ही छाया आईपीओ, 90 मिनट में बंपर सब्सक्रिप्शन; GMP ने बढ़ाई निवेशकों की उम्मीद
HighLights
एचडी फायर प्रोटेक्ट आईपीओ पहले दिन 1.23 गुना सब्सक्राइब।
आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹86 प्रति शेयर।
कंपनी आग बुझाने वाले उपकरण बनाती, 90 देशों में सप्लाई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। एचडी फायर प्रोटेक्ट (HD Fire Protect IPO) का आईपीओ आज 13 अक्टूबर को खुलने के साथ ही निवेशकों के बीच चर्चा में आ गया है। सुबह 10:10 बजे तक ही ये इश्यू 15% से ज्यादा बुक हो चुका था। मालूम हो कि ये पूरा आईपीओ ऑफर फॉर सेल (OFS) है, यानी इसके जरिए कंपनी को कोई नया पैसा नहीं मिलेगा, बल्कि पुराने शेयरधारक (Shareholders) अपने शेयर बेच रहे हैं। इस आईपीओ के बंद होने की तारीख 15 अक्टूबर है।
आईपीओ की मुख्य बातें
एचडी फायर प्रोटेक्ट का प्राइस बैंड ₹258 से ₹271 प्रति शेयर हैं। वहीं इस आईपीओ का लॉट साइज 55 शेयर का है। जिसका मतलब है कि इसके एक लॉट में 55 शेयर होंगे। वहीं रिटेल निवेशकों के लिए कम से कम ₹271 प्रति शेयर के हिसाब से ₹14905 लगाने होंगे। इस आईपीओ का इश्यू साइज ₹712.31 करोड़ का है। वहीं बीएसई और एनएसई पर इसकी लिस्टिंग 21 अक्टूबर 2026 को होगी।
पहले दिन कैसा रहा सब्सक्रिप्शन?
आईपीओ शुरू होते ही बाजार में जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिला। इश्यू शुरू होने के सिर्फ 90 मिनट के अंदर ही ये पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। पहले दिन कुल सब्सक्राइब 1.23 गुना रहा। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NIIs) ने इसे 2.69 गुना और रिटेल निवेशकों (RIIs) ने 1.31 गुना सब्सक्राइब किया। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) की तरफ से पहले दिन बोली लगनी बाकी थी।
क्या है GMP का हाल?
देखा जाए तो बाजार में इसकी ग्रे मार्केट डिमांड अच्छी चल रही है। एचडी फायर प्रोटेक्ट आईपीओ का लेटेस्ट जीएमपी 86 रुपये प्रति शेयर के आसपास चल रहा है। अगर ऊपरी कीमत ₹271 में जीएमपी ₹86 जोड़ा जाए, तो इसकी संभावित लिस्टिंग कीमत ₹357 के आसपास हो सकती है, जो कि लगभग 31.73% का प्रीमियम दिखाता है। हालांकि जीएमपी सिर्फ एक अनौपचारिक अनुमान होता है, इस पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता।
क्या काम करती है कंपनी?
1997 में शुरू हुई एचडी फायर प्रोटेक्ट लिमिटेड इंडस्ट्रियल, कमर्शियल और रेसिडेंशियल सेक्टर के लिए आग से बचाने वाले (फायर-फाइटिंग) उपकरण और सिस्टम बनाती है। कंपनी के पास जलगांव और ठाणे में दो मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं। वहीं इनके पास 87 एफएम-अप्रूव्ड और 21 यूएल-लिस्टेड प्रोडक्ट सर्टिफिकेशन्स हैं। मालूम हो कि कंपनी अब तक दुनिया के 90 से ज्यादा देशों में अपने उत्पाद सप्लाई कर चुकी है। भारत की नई संसद बिल्डिंग, जामनगर रिफाइनरी और सऊदी अरामको जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में भी इनके उत्पादों का इस्तेमाल हुआ है।
इन तारीखों का रखें ध्यान
- आईपीओ खुलने की तारीख: 13 अक्टूबर 2026
- आईपीओ बंद होने की तारीख: 15 अक्टूबर 2026
- अलॉटमेंट फाइनल होने की तारीख: 16 अक्टूबर 2026
- रिफंड और डीमैट में शेयर आने की तारीख: 19 अक्टूबर 2026
- शेयर बाजार पर लिस्टिंग: 21 अक्टूबर 2026
डिस्क्लेमर: यहां जो शेयर मार्केट और कंपनी के बारे में जानकारी दी गई है, वो निवेश की सलाह नहीं है। किसी भी स्टॉक में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
