सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FPI की बंपर वापसी: नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में लगाए ₹53739 करोड़, मोड़ दिया मार्केट का रुख!

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:55 AM (IST)

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) नवंबर के पहले नौ दिनों में भारतीय शेयर बाजार में 53,739 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश ...और पढ़ें

FPI ने किया 53739 करोड़ का निवेश

FPI ने किया 53739 करोड़ का निवेश

HighLights

  1. नवंबर में FPIs ने भारतीय शेयर बाजार में 53,739 करोड़ निवेश किए

  2. दो महीने की बिकवाली के बाद FPIs शुद्ध खरीदार बने

  3. AI ट्रेड से दूरी और मजबूत आय वृद्धि ने निवेश बढ़ाया

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध खरीदार बनकर लौटे हैं। उन्होंने महीने के पहले नौ दिनों में 53,739 करोड़ रुपए का निवेश किया है। इससे पहले लगातार दो महीनों तक वे शुद्ध विक्रेता बने हुए थे। एफपीआई की इस खरीदारी की वजह भारतीय बाजारों के प्रति निवेशकों की धारणा में सुधार और एआई ट्रेड से निवेशकों का दूर होना है।
यह निवेश अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार से एफपीआई द्वारा 34,843 करोड़ रुपए और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपए की निकासी के बाद आया है।

एआई के कारण आई बिकवाली

विश्लेषकों ने इस बड़े बदलाव की वजह अमेरिका, दक्षिण कोरिया, ताइवान और जापान सहित प्रमुख वैश्विक बाजारों में एआई के कारण आई बिकवाली को बताया है। इस बिकवाली ने निवेशकों को अपने निवेश आवंटन पर फिर से विचार करने के लिए प्रेरित किया।

विश्लेषकों के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े डेटा सेंटर पर खर्च को लेकर चिंताओं ने एआई-केंद्रित बाजारों में गिरावट को बढ़ावा दिया। इसके चलते वैश्विक निवेशकों ने ऐसे क्षेत्रों और बाजारों में अवसर तलाशने शुरू किए, जिनका एआई थीम से सीधा संबंध कम है।

पसंदीदा निवेश डेस्टिनेशंस में से एक

भारत को व्यापक रूप से गैर-एआई निवेश बाजार के रूप में देखा जाता है। ऐसे में इस अवधि के दौरान यह विदेशी निवेशकों के पसंदीदा निवेश गंतव्यों में से एक बनकर उभरा। वैश्विक निवेश रुझानों में बदलाव के अलावा, भारत में कंपनियों की मजबूत आय वृद्धि और लार्ज-कैप शेयरों का आकर्षक मूल्यांकन भी बाजार के प्रति निवेशकों का आकर्षण बढ़ाने में मददगार रहा।

2 नवंबर से 9 नवंबर तक आया निवेश

विश्लेषकों ने बताया कि विदेशी निवेशक विशेष रूप से प्रमुख इंडेक्स शेयरों में सक्रिय रहे। इस दौरान वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, ऑटोमोबाइल और दूरसंचार क्षेत्र के शेयरों में उछाल आया। डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, 53,739 करोड़ रुपए का यह निवेश 2 नवंबर से 9 नवंबर के बीच छह कारोबारी सत्रों में दर्ज किया गया।

कुल निकासी 2.41 लाख करोड़ रुपए

नवंबर में मजबूत खरीदारी के बावजूद, 2026 में अब तक भारतीय शेयर बाजार से एफपीआई की कुल निकासी 2.41 लाख करोड़ रुपए के बड़े स्तर पर बनी हुई है। ऋण बाजार में विदेशी निवेशकों ने फुली एक्सेसिबल रूट (एफएआर) के माध्यम से 7,759 करोड़ रुपए का निवेश किया।

हालांकि, उन्होंने वॉलंटरी रिटेंशन रूट (वीआरआर) के माध्यम से 591 करोड़ रुपए और सामान्य मार्ग के जरिए 270 करोड़ रुपए की निकासी की।

कंपनियों की आय में लगातार वृद्धि

बाजार प्रतिभागियों का मानना है कि कंपनियों की आय में लगातार वृद्धि और लार्ज-कैप शेयरों का उचित मूल्यांकन निकट भविष्य में भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेश को समर्थन देना जारी रख सकता है। हालांकि, वैश्विक व्यापक आर्थिक घटनाक्रम और जोखिम वाली परिसंपत्तियों के प्रति निवेशकों की धारणा ऐसे प्रमुख कारक होंगे, जिन पर नजर रखनी होगी।

ये भी पढ़ें - आज का शेयर बाजार: मार्केट में फ्लैट शुरुआत की उम्मीद, गिफ्ट निफ्टी सपाट; टाटा पावर समेत इन स्टॉक्स पर रखें नजर

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।