सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भूटान में एशिया हब बनाएगी Binance, मिली शुरुआती मंजूरी; रोजगार के साथ डिजिटल एसेट कारोबार को देगी बढ़ावा

By Jagran BusinessEdited By: Gyanendra Tiwari
Published: Sat, 28 Nov 2026 04:25 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 04:31 PM (IST)

बाइनेंस को भूटान की गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में डिजिटल एसेट कारोबार शुरू करने के लिए शुरुआती मंजूरी मिल गई है। कंपनी की योजना गेलेफू को एशिया में अपना प्रमुख केंद्र बनाने की है, जिससे स्थानीय रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर पैदा होंगे।

बाइनेंस को गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में शुरुआती मंजूरी मिली।

बाइनेंस को गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में शुरुआती मंजूरी मिली।

HighLights

  1. बाइनेंस को गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में शुरुआती मंजूरी मिली।

  2. कंपनी की योजना गेलेफू को एशिया का प्रमुख केंद्र बनाने की।

  3. स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर पैदा होंगे।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के प्रमुख क्रिप्टो और ब्लॉकचेन प्लेटफॉर्म Binance को भूटान में अपना कारोबार बढ़ाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। कंपनी को भूटान की गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी (Gelephu Mindfulness City) में डिजिटल एसेट से जुड़ा कारोबार शुरू करने के लिए शुरुआती मंजूरी (In-Principle Approval) मिल गई है। इस मंजूरी के बाद बाइनेंस की योजना गेलेफू को एशिया में अपना प्रमुख केंद्र बनाने की है।

यह घोषणा Binance Blockchain Week 2026 के दौरान की गई। इस मौके पर बाइनेंस और गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी के बीच एक सहयोग समझौते पर भी हस्ताक्षर हुए। इसके तहत दोनों पक्ष डिजिटल एसेट कारोबार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर इससे जुड़ा इकोसिस्टम तैयार करने के लिए मिलकर काम करेंगे।

बाइनेंस को यह शुरुआती मंजूरी गेलेफू सेंट्रल बैंक (GCB) से मिली है। हालांकि, यह अभी कंपनी को कारोबार शुरू करने का पूरा लाइसेंस नहीं है। बाइनेंस को नियामक की ओर से तय सभी शर्तों को पूरा करना होगा। इसके बाद ही उसे अंतिम लाइसेंस मिल सकेगा और वह संबंधित नियंत्रित गतिविधियां शुरू कर पाएगी।

कंपनी साल 2025 में भूटान में क्रिप्टो आधारित पर्यटन भुगतान प्रणाली शुरू करने के बाद से ही वहां अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। अब इस नई साझेदारी के जरिए वह देश में डिजिटल एसेट से जुड़े कारोबार को और मजबूत करना चाहती है।

भूटान में रोजगार और ट्रेनिंग पर भी जोर

बाइनेंस की योजना सिर्फ भूटान में एक कार्यालय खोलने तक सीमित नहीं है। कंपनी वहां अपना वास्तविक कारोबारी और संचालन केंद्र स्थापित करना चाहती है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

इसके अलावा कंपनी स्थानीय युवाओं और पेशेवरों को डिजिटल एसेट, नियमों के पालन (Compliance) और कारोबार संचालन से जुड़ी ट्रेनिंग देने की योजना बना रही है। दोनों पक्ष ज्ञान साझा करने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर कौशल देने पर भी काम करेंगे।

इस साझेदारी का एक उद्देश्य गेलेफू को एशिया में डिजिटल एसेट से जुड़े कामकाज के लिए उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) के रूप में विकसित करना भी है।

भूटान के लिए क्यों अहम है यह समझौता?

गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी के बोर्ड निदेशक जिग्द्रेल सिंगे के मुताबिक, बाइनेंस का यहां एशिया परिचालन केंद्र स्थापित करने का फैसला भूटान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि गेलेफू का उद्देश्य सिर्फ विदेशी कंपनियों को आकर्षित करना नहीं है, बल्कि उन्हें वास्तविक कारोबार स्थापित करने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने और देश में नई तकनीकी क्षमताएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

वहीं, बाइनेंस के एशिया-प्रशांत प्रमुख एसबी सेकर ने कहा कि गेलेफू में एशिया हब स्थापित करना कंपनी की रणनीति का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक, यहां डिजिटल एसेट कारोबार के लिए स्पष्ट नियम और बेहतर नियामकीय व्यवस्था मौजूद है, जो ग्राहकों की सुरक्षा के साथ नई तकनीक को बढ़ावा देती है।

क्या है गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी?

गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी भूटान के दक्षिणी हिस्से में विकसित की जा रही एक विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (SAR) परियोजना है। इसका उद्देश्य भूटान की पारंपरिक संस्कृति और मूल्यों को आधुनिक तकनीक, कारोबार और वैश्विक निवेश के साथ जोड़ना है।

इस परियोजना में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और नवीकरणीय ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भूटान की जलविद्युत और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा क्षमताओं का इस्तेमाल करके इसे अंतरराष्ट्रीय कारोबार और वित्तीय नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

बाइनेंस के साथ यह समझौता इसी महत्वाकांक्षा का हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक, उसका प्लेटफॉर्म दुनिया के 100 से अधिक देशों में 30 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को सेवाएं देता है। अब भूटान में प्रस्तावित एशिया हब के जरिए कंपनी क्षेत्रीय स्तर पर अपनी गतिविधियों को और मजबूत करना चाहती है।

यह भी पढ़ें- सेबी के रडार पर टाटा स्टील-एपीएल अपोलो डील, छोटे निवेशकों के हितों से समझौता नहीं; तुहिन कांत पांडे ने क्या-क्या कहा?

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।