PPF Vs SSY: किसकी ब्याज दर है ज्यादा और कौन 21 साल में देगा ज्यादा रिटर्न; पूरा कैलकुलेशन
PPF Vs SSY: यह लेख PPF और सुकन्या समृद्धि योजना की 21 साल की अवधि के लिए ब्याज दरों और ...और पढ़ें

PPF पर 7.1%, SSY पर 8.2% ब्याज दर मिलती है।
HighLights
PPF पर 7.1%, SSY पर 8.2% ब्याज दर मिलती है।
21 साल में PPF से 72.92 लाख, SSY से 71.82 लाख।
SSY में कम निवेश पर अधिक ब्याज मिलता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। PPF Vs SSY: आज के समय में भी बहुत से लोग शेयर बाजार में निवेश करने की बजाए सुरक्षित जगह निवेश करते हैं। सुरक्षित निवेश के लिए लोग पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) और सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) जैसी योजनाओं में निवेश करते हैं। दोनों ही सरकार की छोटी बचत योजनाएं हैं। हालांकि, दोनों की ब्याज दर और निवेश की अवधि अलग-अलग है।
नवंबर 2026 में PPF पर सालाना 7.1% और सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.2% ब्याज मिल रहा है। यानी ब्याज दर के मामले में SSY आगे है। लेकिन क्या ज्यादा ब्याज मिलने का मतलब ज्यादा मैच्योरिटी फंड भी है? आइए 21 साल के हिसाब से दोनों योजनाओं का पूरा कैलकुलेशन समझते हैं।
PPF Vs SSY: किसमें मिल रहा है ज्यादा ब्याज?
सरकार हर तीन महीने में छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा करती है। अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए ब्याज दरें इस प्रकार हैं:
- PPF की ब्याज दर 7.1% है।
- सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दर 8.2% है।
इस तरह सुकन्या समृद्धि योजना में PPF के मुकाबले 1.1 प्रतिशत ज्यादा ब्याज मिल रहा है।
PPF में 21 साल में कितना मिलेगा पैसा?
पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF एक सरकारी बचत योजना है। इसमें कोई भी भारतीय नागरिक अपना खाता खुलवा सकता है। इस योजना में एक वित्त वर्ष के दौरान कम से कम 500 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं।
PPF खाते की शुरुआती मैच्योरिटी अवधि 15 साल होती है। इसके बाद निवेशक पांच-पांच साल के ब्लॉक में खाते को आगे बढ़ा सकता है। इस दौरान वह खाते में नया निवेश भी जारी रख सकता है। अगर आप हर साल 1.5 लाख रुपये निवेश करते हैं और 21 साल तक निवेश जारी रखते हैं, तो कैलकुलेशन के मुताबिक आपका कुल निवेश 31.5 लाख रुपये होगा।
- सालाना निवेश: 1,50,000 रुपये
- निवेश की अवधि: 21 साल
- कुल निवेश: 31,50,000 रुपये
- ब्याज दर: 7.1%
- 21 साल बाद अनुमानित फंड: 72.92 लाख रुपये
- अनुमानित ब्याज: 41.42 लाख रुपये

यानी 21 साल तक नियमित निवेश करने पर PPF में करीब 72.92 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।
सुकन्या समृद्धि योजना में 21 साल में कितना मिलेगा?
सुकन्या समृद्धि योजना खासतौर पर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शुरू की गई है। इसमें 10 साल से कम उम्र की बच्ची के नाम पर माता-पिता या कानूनी अभिभावक खाता खुलवा सकते हैं।
इस योजना में एक वित्त वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसमें खाता खुलने के बाद केवल 15 साल तक ही पैसा जमा करना होता है। इसके बाद अगले छह साल तक जमा रकम पर ब्याज मिलता रहता है। खाता खुलने के 21 साल बाद यह मैच्योर होता है।
अगर आप हर साल 1.5 लाख रुपये जमा करते हैं, तो 15 साल में आपका कुल निवेश 22.5 लाख रुपये होगा।
- सालाना निवेश: 1,50,000 रुपये
- पैसा जमा करने की अवधि: 15 साल
- मैच्योरिटी अवधि: 21 साल
- कुल निवेश: 22,50,000 रुपये
- ब्याज दर: 8.2%
- 21 साल बाद अनुमानित फंड: 71.82 लाख रुपये
- अनुमानित ब्याज: 49.32 लाख रुपये

इस तरह सुकन्या समृद्धि योजना में 21 साल बाद करीब 71.82 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।
PPF Vs SSY: 21 साल में किसमें मिलेगा ज्यादा पैसा?
अब दोनों योजनाओं की तुलना करें तो PPF में करीब 72.92 लाख रुपये और सुकन्या समृद्धि योजना में करीब 71.82 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।
इस कैलकुलेशन के मुताबिक, PPF में करीब 1.10 लाख रुपये ज्यादा मैच्योरिटी फंड मिल सकता है। हालांकि, इसमें आपको SSY के मुकाबले 9 लाख रुपये ज्यादा निवेश करना होगा। क्योंकि SSY में 15 साल तक ही निवेश करना होता है और वह 21 साल में मेच्योर होता है। वहीं, SSY में कम निवेश के बावजूद ज्यादा ब्याज से कमाई होती है। यानी कुल ब्याज के मामले में सुकन्या समृद्धि योजना आगे है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।