सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छोटे व्यापारियों को मिलेगा फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का पूरा फायदा, FISME ने पीयूष गोयल से की 10 निर्यात सेक्टरों की स्टडी कराने की मांग

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:22 PM (IST)

फेडरेशन ऑफ इंडियन माइक्रो एंड स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (FISME) ने सरकार से MSME को मुक्त व्यापार समझौतों का पूरा ...और पढ़ें

FISME ने MSME को FTA का लाभ उठाने के लिए की पीयूष गोयल से मांग

FISME ने MSME को FTA का लाभ उठाने के लिए की पीयूष गोयल से मांग

HighLights

  1. FISME ने MSME को मुक्त व्यापार समझौतों का पूरा लाभ दिलाने की मांग।

  2. प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के लिए 10 निर्यात क्षेत्रों पर शोध का प्रस्ताव।

  3. निर्यात उत्पादों की जांच, परीक्षण सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत के विभिन्न देशों के साथ बढ़ते मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का लाभ छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) तक पहुंचाने के लिए फेडरेशन ऑफ इंडियन माइक्रो एंड स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (FISME) ने सरकार से व्यापक स्तर पर तैयारी करने की मांग की है। संगठन ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों के लिए MSME के 10 प्राथमिक निर्यात क्षेत्रों पर अलग-अलग रिसर्च कराने का प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही निर्यात से जुड़े उत्पादों की जांच, परीक्षण, प्रमाणन और अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने के लिए देश की मौजूदा प्रयोगशालाओं और परीक्षण सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की है।

FISME के मुताबिक, यूरोपीय संघ (EU), अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के साथ भारत की व्यापारिक साझेदारियां घरेलू मैन्युफैक्चरिंग, ग्लोबल सप्लाई चेन में भागीदारी और रोजगार बढ़ाने का अवसर दे रही हैं। लेकिन केवल आयात शुल्क में रियायत मिलने से MSME को निर्यात का पूरा लाभ नहीं मिलेगा। इसके लिए उत्पादों को संबंधित देशों के तकनीकी मानकों, गुणवत्ता जांच, प्रमाणन, पैकेजिंग, ट्रेसबिलिटी और अन्य नियामकीय शर्तों को भी पूरा करना होगा।

हर बाजार के लिए 10 प्राथमिक सेक्टरों की पहचान हो

संगठन ने सुझाव दिया है कि प्रत्येक व्यापारिक साझेदार देश के लिए अलग-अलग अध्ययन कराया जाए। इसमें बाजार की मांग, आयात शुल्क में मिलने वाली रियायत, MSME की भागीदारी, रोजगार की संभावना, प्रोडक्शन कैपासिटी और नियमों के कंप्लायंस में आने वाली चुनौतियों को आधार बनाया जाए। इसके लिए एक समान राष्ट्रीय कार्यप्रणाली (National Methodology) अपनाने का प्रस्ताव है, लेकिन हर देश के लिए चुने जाने वाले सेक्टर अलग हो सकते हैं।

रिसर्च के लिए शुरुआती तौर पर टेक्सटाइल और गारमेंट, चमड़ा एवं फुटवियर, कृषि उत्पाद, प्रोसेस्ड फूड, केमिकल एवं डाई, लाइट इंजीनियरिंग एवं मशीनरी, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल उत्पाद और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों का सुझाव दिया गया है। दसवें सेक्टर का चयन संबंधित बाजार के हिसाब से मेडिकल डिवाइस, प्लास्टिक या फर्नीचर जैसे क्षेत्रों में से किया जा सकता है।

FISME ने कहा है कि इन अध्ययनों में HS कोड के छह अंकों या उससे अधिक के स्तर पर उत्पादों की पहचान होनी चाहिए। प्रत्येक उत्पाद के लिए संबंधित देश में लागू इंपोर्ट ड्यूटी, बिजनेस कॉम्पटीशन, मूल स्थान के नियम (Rules of Origin), जरूरी दस्तावेज और उत्पाद की कुल लागत का आकलन किया जाना चाहिए।

टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन की लागत कम करने पर जोर

FISME के ज्ञापन में निर्यात के लिए जरूरी जांच और सर्टिफिकेशन की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। संगठन ने कहा है कि प्रत्येक उत्पाद के लिए यह जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए कि भारत में कौन-सी प्रयोगशाला संबंधित जांच कर सकती है, उसकी मान्यता का दायरा क्या है, जांच में कितना समय लगेगा और क्या उसकी रिपोर्ट संबंधित विदेशी बाजार में स्वीकार की जाती है।

जहां भारत में ऐसी मान्यता प्राप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां विदेश में जांच कराने के विकल्प और घरेलू स्तर पर जरूरी क्षमता विकसित करने की कमियों की पहचान की जानी चाहिए।

FISME ने सैंपल जांच, सर्टिफिकेशन, निरीक्षण, विदेश में सैंपल भेजने, रजिस्ट्रेशन, कंसल्टेंसी और दोबारा जांच जैसी प्रक्रियाओं की लागत का भी आकलन करने का सुझाव दिया है। इसमें शुरुआती खर्च और हर खेप पर आने वाले नियमित खर्च को अलग-अलग दिखाने की मांग की गई है, ताकि छोटे ऑर्डर लेने वाले उद्यमियों पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ का पता चल सके।

लैब और टेस्टिंग सुविधाओं को मजबूत करने की मांग

FISME ने एक्सपोर्ट की जरूरतों के हिसाब से देश की मौजूदा परीक्षण और प्रमाणन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अंतर-मंत्रालयी तंत्र बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसकी अगुवाई वाणिज्य विभाग करे और इसमें MSME मंत्रालय, संबंधित क्षेत्रीय मंत्रालयों, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI), नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेटरीज (NABL), नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर सर्टिफिकेशन बॉडीज (NABCB) और एक्सपोर्ट इंस्पेक्शन काउंसिल (EIC) समेत सरकारी और निजी तकनीकी संस्थानों को शामिल किया जाए।

संगठन का सुझाव है कि नए लैब बनाने से पहले मौजूदा सुविधाओं को अपग्रेड किया जाए। उनकी तकनीकी क्षमता, कर्मचारियों की विशेषज्ञता, जांच के दायरे और रिपोर्ट जारी करने की समय-सीमा में सुधार किया जाए। नई लैब में निवेश तभी किया जाए, जब उसकी जरूरत और मांग का स्पष्ट आकलन हो।

इसके अलावा, विदेशी बाजारों में भारतीय जांच और प्रमाणन रिपोर्ट को स्वीकार कराने के लिए संबंधित देशों के साथ म्यूचुअल रिकग्निशन एग्रीमेंट (MRA) और अन्य मान्यता व्यवस्थाओं पर काम करने की मांग की गई है। FISME ने स्पष्ट किया है कि किसी लैब को मान्यता मिलना अपने आप में इस बात की गारंटी नहीं है कि उसकी रिपोर्ट हर विदेशी नियामक या खरीदार स्वीकार करेगा। इसलिए हर उत्पाद और जांच की जरूरत के हिसाब से इसकी पुष्टि होनी चाहिए।

छोटे उद्यमों को वित्तीय सहायता देने का प्रस्ताव

FISME ने MSME के लिए टेस्टिंग सर्विस की पारदर्शी फीस, तय समय-सीमा, सामूहिक आधार पर जांच सेवाओं की खरीद और टारगेटेड कंप्लायंस वाउचर जैसी सुविधाएं शुरू करने का सुझाव दिया है। इससे छोटे उद्यमियों के लिए इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का पालन करना आसान हो सकेगा।

ये भी पढ़ें: धान खरीद में भारी गिरावट! 71.52 मिलियन टन का लक्ष्य, अब तक सिर्फ 73.52 लाख टन हुई खरीदी, कहां फंसा पेंच?

संगठन के मुताबिक, नए व्यापार समझौतों से मिलने वाले बाजार अवसरों को वास्तविक निर्यात में बदलने के लिए सरकार को बाजार की जानकारी, तकनीकी सहायता, सर्टिफिकेशन फैसलिटी और फाइनेंशियल सहयोग को एक साथ जोड़कर काम करना होगा। ज्ञापन में इन अध्ययनों को विदेशी नियामकों, भारतीय दूतावासों, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रयोगशालाओं और संबंधित उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर तैयार करने की भी मांग की गई है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।