कार-बाइक वालों के लिए बदलेंगे नियम! ट्रैफिक चालान कटने पर महंगा होगा इंश्योरेंस, बिना पॉलिसी नहीं मिलेगा पेट्रोल
No Insurance No Fuel: केंद्र सरकार वाहन बीमा नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है, जिसमें ट्रैफिक उल्लंघन पर प्रीमियम महंगा होगा और 4-6 साल की लंबी अवधि की पॉलिसी का विकल्प मिलेगा। 'नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल' पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू होगा।
-1795695110026_m.webp)
वाहन बीमा नियमों में बड़ा बदलाव: ट्रैफिक उल्लंघन पर महंगा होगा प्रीमियम, मिलेगी लंबी पॉलिसी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Motor Insurance Rules 2026: अगर आप कार या बाइक चलाते हैं, तो आने वाले समय में गाड़ी का इंश्योरेंस खरीदने और उसे रिन्यू कराने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। केंद्र सरकार वाहन बीमा से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सड़क परिवहन मंत्रालय कई नए प्रस्तावों पर विचार कर रहा है। इन बदलावों के लागू होने के बाद जहां ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए इंश्योरेंस महंगा हो सकता है, वहीं बिना वैध बीमा वाली गाड़ियों को पेट्रोल पंप पर ईंधन मिलना भी मुश्किल हो जाएगा।
ट्रैफिक चालान कटने पर महंगा होगा इंश्योरेंस
मंत्रालय एक ऐसे सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसमें गाड़ी के इंश्योरेंस प्रीमियम को पिछले एक साल के ट्रैफिक उल्लंघनों से जोड़ा जाएगा। इसका सीधा मतलब यह है कि जो ड्राइवर बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं या जिनके नाम पर ज्यादा चालान दर्ज हैं, उन्हें नियम मानने वाले ड्राइवरों के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम चुकाना होगा।
इस कदम का मकसद सड़क पर लोगों को जिम्मेदार बनाना और बार-बार होने वाली गलतियों को रोकना है। हालांकि, किस अपराध पर कितना प्रीमियम बढ़ेगा, इसका पूरा खाका अभी तैयार किया जा रहा है।
अब 4 से 6 साल की लंबी पॉलिसी का विकल्प
गाड़ी मालिकों को हर साल पॉलिसी रिन्यू कराने के झंझट से बचाने के लिए सरकार लंबी अवधि के सिंगल-प्रीमियम प्लान लाने पर भी विचार कर रही है। इस प्रस्ताव के तहत लोग एक बार प्रीमियम भरकर कार के लिए 4 साल और दोपहिया वाहनों (बाइक-स्कूटर) के लिए 6 साल तक का इंश्योरेंस ले सकेंगे। इससे सड़कों पर लगातार बीमित वाहनों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, मंत्रालय इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) समेत कुछ खास श्रेणियों के वाहनों के बेस प्रीमियम रेट में बदलाव करने की भी समीक्षा कर रहा है।
यह भी पढ़ें- बुढ़ापे में पत्नी को नहीं होगी पैसों की चिंता! मंथली मिलेगी ₹10000 पेंशन; जाने किस स्कीम में मिलेगा यह फायदा?
नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल: पेट्रोल पंपों पर पायलट प्रोजेक्ट
बिना बीमा के सड़क पर दौड़ रही गाड़ियों पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति (Supreme Court Committee on Road Safety) ने सड़क परिवहन और पेट्रोलियम मंत्रालयों से 'नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल' (no insurance no fuel) पहल का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने को कहा है।
इस ट्रायल के तहत हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 5-5 पेट्रोल पंपों को चुना जाएगा। इन पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे, जो गाड़ी की नंबर प्लेट स्कैन करके तुरंत पता लगा लेंगे कि उसका इंश्योरेंस वैध है या नहीं।
देश में लाखों गाड़ियां बिना इंश्योरेंस के दौड़ रहीं
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में करीब 25 करोड़ सक्रिय वाहनों के पास ही वैध बीमा है, जो कुल गाड़ियों का लगभग 81 प्रतिशत है। श्रेणी के हिसाब से देखें तो 90 प्रतिशत से ज्यादा भारी कमर्शियल वाहन और करीब 88 प्रतिशत कारें बीमित हैं। दोपहिया वाहनों में यह आंकड़ा 80 प्रतिशत के आसपास है, जबकि थ्री-व्हीलर्स की स्थिति सबसे खराब है, जहां केवल 57 प्रतिशत वाहनों के पास ही वैध पॉलिसी है।
क्यों जरूरी हैं ये बदलाव?
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य है, क्योंकि यह सड़क हादसे में किसी व्यक्ति की मृत्यु, चोट या संपत्ति के नुकसान की स्थिति में पीड़ित परिवार को आर्थिक सुरक्षा देता है। बिना बीमा वाली गाड़ी से एक्सीडेंट होने पर पीड़ितों को मुआवजा मिलने में भारी दिक्कत आती है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद सरकार इन नियमों को सख्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।
फिलहाल ये सभी प्रस्ताव शुरुआती चरण में हैं और सरकार ने इन्हें पूरे देश में लागू करने की कोई समयसीमा तय नहीं की है।
यह भी पढ़ें- Gratuity calculation: 10 साल की नौकरी तो ₹50000 सैलरी पर कितनी मिलेगी ग्रेच्युटी; देखें कैलकुलेशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।