बुढ़ापे में पत्नी को नहीं होगी पैसों की चिंता! मंथली मिलेगी ₹10000 पेंशन; जाने किस स्कीम में मिलेगा यह फायदा?
Atal pension yojana calculation: अटल पेंशन योजना के तहत पति-पत्नी अलग-अलग खाता खोलकर बुढ़ापे के लिए कुल 10,000 रुपये मासिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं।

मंथली मिलेगी ₹10000 पेंशन
HighLights
पति-पत्नी को अटल पेंशन योजना में 10,000 रुपये मासिक पेंशन।
30 साल की उम्र से 577 रुपये मासिक निवेश पर 5,000 रुपये पेंशन।
खाताधारक की मृत्यु पर जीवनसाथी को भी मिलती है पेंशन।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: बुढ़ापे में आर्थिक रूप से किसी दूसरे पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए नौकरी या कमाई के दिनों से ही रिटायरमेंट (retirement) की तैयारी करना जरूरी है। खासकर पति-पत्नी के लिए यह तैयारी और भी अहम हो जाती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार की अटल पेंशन योजना (Atal pension yojana) एक विकल्प देती है। इस योजना में पति और पत्नी दोनों अलग-अलग अपने नाम से खाता खुलवा सकते हैं। दोनों अगर 5000-5000 रुपये की पेंशन का विकल्प चुनते हैं, तो 60 साल की उम्र के बाद यानी बुढ़ापे में परिवार को कुल 10,000 रुपये महीने की पेंशन मिल सकती है।
क्या है अटल पेंशन योजना (APY)?
अटल पेंशन योजना केंद्र सरकार की गारंटीड पेंशन स्कीम है। इसमें 18 से 40 साल की उम्र के भारतीय नागरिक शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत 60 साल की उम्र पूरी होने पर हर महीने 1000 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की निश्चित पेंशन (Pension) मिलती है। पेंशन की रकम इस बात पर निर्भर करती है कि खाता किस उम्र में खुलवाया गया है और हर महीने कितना योगदान किया जा रहा है।
इस योजना की खास बात यह है कि पति और पत्नी दोनों अलग-अलग खाते खुलवा सकते हैं। यानी अगर दोनों 5,000 रुपये मासिक पेंशन का विकल्प चुनते हैं, तो 60 साल के बाद दोनों को मिलाकर 10,000 रुपये महीने मिलेंगे।
पति-पत्नी को कितना करना होगा निवेश? समझें कैलकुलेशन
अटल पेंशन योजना में जितनी कम उम्र में खाता खुलवाया जाता है, हर महीने उतना ही कम योगदान करना पड़ता है। उदाहरण के लिए, अगर पति और पत्नी दोनों 30 साल की उम्र में इस योजना से जुड़ते हैं और 5000 रुपये मासिक पेंशन का विकल्प चुनते हैं, तो प्रत्येक को हर महीने 577 रुपये जमा करने होंगे।
इस तरह दोनों का कुल मासिक योगदान 1,154 रुपये होगा।
- पति का मासिक योगदान: 577 रुपये
- पत्नी का मासिक योगदान: 577 रुपये
- दोनों का कुल मासिक निवेश: 1,154 रुपये
- दोनों की कुल मासिक पेंशन: 10,000 रुपये
दोनों को 30 साल तक योगदान करना होगा। इस दौरान पति का कुल निवेश 2,07,720 रुपये और पत्नी का भी 2,07,720 रुपये होगा। यानी दोनों मिलकर कुल 4,15,440 रुपये जमा करेंगे। इसके बाद 60 साल की उम्र से दोनों को कुल 10,000 रुपये महीने की पेंशन मिलेगी।
पति की मौत के बाद पत्नी को भी मिलेगी पेंशन
इस योजना में सिर्फ खाताधारक को ही नहीं, बल्कि उसके जीवनसाथी को भी सुरक्षा मिलती है। अगर किसी खाताधारक की 60 साल के बाद मृत्यु हो जाती है, तो उसके जीवनसाथी को भी उतनी ही मासिक पेंशन मिलती रहेगी, जितनी खाताधारक को मिल रही थी।
उदाहरण के लिए, अगर पति और पत्नी दोनों ने 5,000 रुपये पेंशन वाला विकल्प चुना है और पति की मृत्यु हो जाती है, तो पत्नी को अपने खाते से 5,000 रुपये और पति के खाते से 5,000 रुपये की पेंशन मिल सकती है। इस तरह उसे कुल 10,000 रुपये महीने मिलेंगे। दोनों की मृत्यु के बाद उनके खाते में जमा पेंशन कॉर्पस नॉमिनी को दिया जाता है। 5,000 रुपये की पेंशन वाले विकल्प में एक खाताधारक के लिए नॉमिनी को करीब 8.5 लाख रुपये का कॉर्पस मिलता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।