EPFO लॉन्च कर रहा ये 4 बड़ी सुविधाएं, 3.O से लेकर UPI निकासी तक; जानें क्या-क्या बदलेगा?
EPFO New rules: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) 2027 तक अपनी सेवाओं में बड़े बदलाव करने जा रहा है, जिसमें पीएफ निकासी के लिए यूपीआई सुविधा और रिटायरमेंट के बाद किस्तों में पैसा निकालने का विकल्प शामिल है।

EPFO नए साल में देगा PF खाताधारकों को ये 4 बड़े फायदे
HighLights
EPFO 3.0 सिस्टम से सेवाएं होंगी तेज और आसान।
पीएफ का पैसा अब यूपीआई के जरिए निकाल सकेंगे।
रिटायरमेंट के बाद किस्तों में मिलेगा पीएफ फंड विकल्प।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: प्रोविडेंट फंड (PF) में पैसा जमा करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए साल 2027 कई बड़े बदलाव लेकर आ सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी सेवाओं को पहले से ज्यादा आसान और तेज बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत अब पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबी ऑनलाइन प्रक्रिया से राहत मिल सकती है। खाताधारक UPI के जरिए भी अपना पैसा निकाल सकेंगे। वहीं, रिटायरमेंट के बाद पूरा फंड एक साथ निकालने के बजाय हर महीने, तीन महीने या छह महीने में किस्तों में लेने का विकल्प भी मिल सकता है।
EPFO ने 19 नवंबर को हुई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में निकासी से जुड़े कई अहम बदलावों को मंजूरी दी है। इनमें पीएफ खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की शर्त घटाना और नौकरी छोड़ने के बाद फाइनल निकासी के लिए इंतजार की अवधि कम करना शामिल है। इसके अलावा EPFO 3.0 के तहत तकनीकी व्यवस्था को भी अपग्रेड किया जा रहा है। आइए जानते हैं कि ये चार बड़े बदलाव क्या हैं और इनसे पीएफ खाताधारकों को कैसे फायदा मिलेगा।
1. EPFO 3.O से बदल जाएगा पूरा सिस्टम
EPFO अपनी तकनीकी व्यवस्था को अपग्रेड करने के लिए EPFO 3.O पर काम कर रहा है। इसका मकसद पीएफ खातों का प्रबंधन आसान बनाना और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को तेज करना है। नए सिस्टम को अगले 50 साल में करीब 200 करोड़ कर्मचारियों का डेटा संभालने की क्षमता के हिसाब से तैयार किया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO 3.0 को फरवरी 2027 में लॉन्च किए जाने की संभावना है। इसके तहत पेपरलेस सर्विस को बढ़ावा दिया जाएगा और कोर बैंकिंग सिस्टम की तरह एक केंद्रीकृत व्यवस्था विकसित होगी।
2. UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा
पीएफ खाताधारकों के लिए दूसरा बड़ा बदलाव UPI के जरिए निकासी की सुविधा हो सकता है। EPFO इस सुविधा को शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। UPI से पीएफ निकालने की सुविधा दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। इसके जरिए खाताधारक अपना कुल पीएफ बैलेंस, कितनी रकम निकालने के योग्य हैं और खाते में कितनी रकम सुरक्षित रखनी जरूरी है, इसकी जानकारी देख सकेंगे।
3. रिटायरमेंट के बाद किस्तों में मिलेगा PF का पैसा
तीसरा बड़ा बदलाव रिटायरमेंट के बाद पीएफ की रकम निकालने के तरीके में हो सकता है। अभी तक कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपना पूरा पीएफ फंड एक साथ निकाल सकते हैं। लेकिन नए सिस्टम में उन्हें किस्तों में पैसा लेने का विकल्प भी मिलेगा। EPFO के प्रस्ताव के तहत रिटायर कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार हर महीने, तीन महीने या छह महीने में पीएफ की रकम निकाल सकेंगे। इसे सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) कहा जा रहा है।
शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र और 5 लाख रुपये से ज्यादा पीएफ बैलेंस वाले करीब 6.32 लाख सदस्यों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। अगर किस्तें मिलने के दौरान सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो नॉमिनी या आश्रित बची हुई रकम निकाल सकते हैं या किस्तें जारी रख सकते हैं। हालांकि, इसे लागू करने के लिए जरूरी नियमों में संशोधन होना बाकी है।
4. अब खुद भी PF खाते में कर सकेंगे योगदान
चौथा बदलाव पीएफ में योगदान करने के तरीके से जुड़ा है। EPFO अब ऐसी व्यवस्था तैयार कर रहा है, जिसके तहत लोग अपने UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर से सीधे पीएफ खाते में अपनी मर्जी से योगदान कर सकेंगे। इसके अलावा थर्ड पार्टी के जरिए भी पीएफ खाते में छोटी-छोटी रकम जमा करने की सुविधा देने का प्रस्ताव है। उदाहरण के तौर पर, किसी डिलीवरी पार्टनर को ग्राहक की ओर से मिलने वाली टिप या किसी अन्य व्यक्ति और संस्था की तरफ से किया गया योगदान।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।