रूस क्यों धड़ाधड़ खाली कर रहा खजाना? हॉन्गकॉन्ग के रास्ते चीन भेजा 165 टन सोना; 1998 के बाद सबसे ज्यादा घटा गोल्ड रिजर्व
Russia Gold Export to China: रूस ने जनवरी से सितंबर 2026 के बीच हॉन्गकॉन्ग के रास्ते चीन को रिकॉर्ड 165 ...और पढ़ें

रूस का रिकॉर्ड सोना निर्यात चीन को हॉन्गकॉन्ग के रास्ते

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Russia Gold Xxport to China: गोल्ड में उतार-चढ़ाव के बीच चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रूस ने यूक्रेन से युद्ध के बीच चीन को रिकॉर्ड 165 टन सोना भेजा है। यह सोना जनवरी से सितंबर 2026 के बीच हॉन्गकॉन्ग (hongkong gold route) के रास्ते भेजा गया है। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले तीन गुना से भी ज्यादा है।
दूसरी तरफ चीन ने भी अक्टूबर में अपने गोल्ड रिजर्व में 26 टन सोना (china gold reserves 2026) जोड़ा है। इससे अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मार्केट में चीन की भूमिका और मजबूत हुई है।
रूस का सोना निर्यात बढ़ना और उसके सरकारी गोल्ड रिजर्व में गिरावट आना कई सवाल खड़े कर रहा है। माना जा रहा है कि रूस युद्ध और सरकारी खर्च का दबाव कम करने के लिए अपने सोने का इस्तेमाल कर रहा है।
रूस का चीन को सोना निर्यात 55 गुना बढ़ा
रशियन मीडिया हाउस द मॉस्को टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने जनवरी से सितंबर 2026 के बीच हॉन्गकॉन्ग को 165 टन सोना निर्यात किया। यह आंकड़ा रूसी कस्टम डेटा पर आधारित है। इसका विश्लेषण गजप्रोम बैंक का सेंटर फॉर इकोनॉमिक फोरकास्टिंग (Gazprombank Center for Economic Forecasting) ने किया है।
रूस का सोना निर्यात युद्ध से पहले के मुकाबले 55 गुना से ज्यादा बढ़ चुका है। साल 2021 में हॉन्गकॉन्ग ने पूरे साल रूस से सिर्फ 3.3 टन सोना खरीदा था। अब चीन के हॉन्गकॉन्ग के रास्ते आने वाले कुल सोने में रूसी सोने की हिस्सेदारी करीब 15% हो गई है। यानी चीन में आने वाली हर सात गोल्ड बार में से एक रूस से आ रहा है।
पश्चिमी प्रतिबंधों के बाद बदला रूस का गोल्ड कारोबार
फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे। इसका असर उसके गोल्ड कारोबार पर भी पड़ा।
लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (LBMA) ने रूसी रिफाइनरियों को अपनी मान्यता प्राप्त सप्लायर लिस्ट से हटा दिया। वहीं, G7 देशों ने रूसी सोने के आयात पर रोक लगा दी। इससे रूस के लिए अमेरिका और यूरोप जैसे पारंपरिक बाजारों में सोना बेचना मुश्किल हो गया।
इसके बाद दुबई रूसी सोने के कारोबार का बड़ा केंद्र बना। लेकिन अमेरिका और ब्रिटेन के दबाव के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने भी कीमती धातुओं के कारोबार पर निगरानी बढ़ा दी। इसके बाद हॉन्गकॉन्ग रूस के लिए अहम रास्ता बनकर उभरा।
हॉन्गकॉन्ग में सोने के कारोबार पर ड्यूटी नहीं लगती। यहां गोल्ड पर वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) भी नहीं है। इसके अलावा चीन ने रूसी सोने पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। ऐसे में रूस को चीन तक पहुंचने का एक नया रास्ता मिल गया है।
1998 के बाद रूस के गोल्ड रिजर्व में सबसे बड़ी गिरावट
रूस का सोना निर्यात ऐसे समय बढ़ा है, जब उसका अपना सरकारी गोल्ड रिजर्व भी घट रहा है। 'द मॉस्को टाइम्स' के मुताबिक, रूस के सेंट्रल बैंक ने 2026 में अपने रिजर्व से करीब 60 टन सोना बेचा है।
इसमें दूसरी तिमाही में 21.8 टन और तीसरी तिमाही में 18.7 टन सोने की बिक्री शामिल है। यह 1998 के बाद यानी करीब 28 साल बाद रूस के गोल्ड रिजर्व में सबसे बड़ी गिरावट है।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 1998 में रूस ने घरेलू सरकारी कर्ज चुकाने में डिफॉल्ट किया था। उस समय देश गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा था।
यूक्रेन की विदेशी खुफिया सेवा ने भी पहले दावा किया था कि दिसंबर 2025 से रूस का गोल्ड रिजर्व करीब 62 टन घटा है। यह 2019 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। एजेंसी के मुताबिक, तेल और गैस से होने वाली कमाई घटने और सैन्य खर्च बढ़ने से रूस के बजट पर दबाव बढ़ा है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन भेजे गए कुछ सोने का स्रोत रूस का सेंट्रल बैंक रिजर्व हो सकता है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
चीन ने अक्टूबर में खरीदा 26 टन सोना
एक तरफ रूस सोना बेच रहा है, तो दूसरी तरफ चीन लगातार अपने गोल्ड रिजर्व को बढ़ा रहा है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के सीनियर एनालिस्ट क्रिशन के मुताबिक, चीन ने अक्टूबर में 26 टन सोना खरीदा है। इसके बाद चीन का कुल आधिकारिक गोल्ड रिजर्व बढ़कर 2,435 टन हो गया है। यह फ्रांस के गोल्ड रिजर्व से सिर्फ 2 टन कम है।
चीन के अलावा कई दूसरे देशों के सेंट्रल बैंक भी सोना खरीद रहे हैं।
- चेक नेशनल बैंक ने अक्टूबर में 2.5 टन सोना खरीदा। उसका कुल रिजर्व 90 टन हो गया है। बैंक का लक्ष्य 100 टन का है।
- उज्बेकिस्तान ने अक्टूबर में 7 टन सोना खरीदा। उसका कुल रिजर्व 453 टन पहुंच गया है।
- पोलैंड ने अक्टूबर में करीब 27 टन सोना खरीदा। उसका कुल गोल्ड रिजर्व 700 टन हो गया है। यह उसके तय लक्ष्य के बराबर है।
केंद्रीय बैंकों की सोने में खरीदारी बढ़ी
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के बीच दुनिया के केंद्रीय बैंकों ने कुल 321 टन सोना खरीदा। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 42% ज्यादा है। यह पिछले पांच साल के औसत 227 टन से भी काफी अधिक है। WGC का मानना है कि
साल की आखिरी तिमाही में भी केंद्रीय बैंक सोने की खरीदारी जारी रख सकते हैं। हालांकि, सोने की कीमतों में बदलाव का असर उनकी खरीदारी पर पड़ सकता है।"
WGC के मुताबिक, रूस का सोना बेचना और चीन समेत दूसरे देशों के केंद्रीय बैंकों का सोना खरीदना वैश्विक गोल्ड मार्केट में बदलती रणनीति को दिखाता है। एक तरफ रूस युद्ध और बजट का खर्च उठाने के लिए अपने गोल्ड रिजर्व का इस्तेमाल कर रहा है। दूसरी तरफ चीन और दूसरे देश आर्थिक अनिश्चितता के बीच अपने सोने के भंडार को मजबूत कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।