सरकारी भंडारण में जरूरत से 4 गुना अधिक चावल फिर भी क्यों बिक रहा महंगा? पोल्ट्री, एथनॉल और एक्सपोर्ट पर हलचल
देश में रिकॉर्ड सरकारी चावल भंडार के बावजूद कीमतें बढ़ रही हैं, खासकर दक्षिण भारत में कुछ किस्मों के दाम दोगुने हो गए हैं। कम उत्पादन अनुमान, टूटे चावल की बढ़ती मांग (पोल्ट्री, एथनॉल) और सरकारी स्टॉक में सामान्य किस्मों की अधिकता इसके मुख्य कारण हैं, जिससे खाद्य महंगाई बढ़ी है।

चावल के दाम में तेज बढ़ोतरी के मुख्य कारण
HighLights
रिकॉर्ड सरकारी स्टॉक के बावजूद चावल की कीमतें बढ़ीं।
कम उत्पादन, टूटे चावल की बढ़ती मांग मुख्य कारण।
सरकार निर्यात शुल्क, बिक्री बढ़ाने पर विचार कर रही।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| देश में चावल का सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बावजूद इसकी कीमतों में तेजी बनी हुई है। दक्षिण भारत में लोकप्रिय चावल की कुछ किस्मों के दाम पिछले 1 साल में लगभग दोगुने हो गए हैं। इसके चलते अक्टूबर में चावल की देशभर में औसत कीमत एक साल पहले की तुलना में 12.5% बढ़ गई। चावल की कीमतों में इस तेजी ने खाद्य महंगाई को भी करीब 2 साल के हाई लेवल पर पहुंचा दिया है।
खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हो रही है, जब दूध, दाल, चीनी और सब्जियों के दाम भी बढ़ रहे हैं। इससे महंगाई पर काबू पाने की सरकार की कोशिशों के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।
टूटे चावल की बढ़ती मांग से कीमतों में तेजी
चावल की कीमतों में बढ़ोतरी की दो प्रमुख वजहें हैं। पहली, इस साल चावल का कुल उत्पादन घटने का अनुमान है। दूसरी, टूटे चावल (ब्रोकन राइस) की मांग बढ़ रही है। करीब एक दशक में पहली बार देश में चावल का उत्पादन घटने की आशंका है। पिछले करीब 20 सालों में यह सबसे बड़ी गिरावट हो सकती है। इसकी प्रमुख वजह मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश है। एक दशक से अधिक समय में सबसे कम मानसूनी बारिश का असर फसल के दाने बनने और पकने के महत्वपूर्ण चरण पर पड़ा है। इससे प्रति हेक्टेयर उपज प्रभावित हुई है।
हालांकि, कम बारिश का असर सभी राज्यों में एक जैसा नहीं रहा। दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की कमी का ज्यादा असर पड़ा है। इससे सीरगा सांबा, सोना मसूरी, HMT और BPT जैसी प्रीमियम गैर-बासमती चावल की किस्मों का उत्पादन प्रभावित हुआ है। इन किस्मों की खपत मुख्य रूप से दक्षिण भारत में होती है।
इनमें से कुछ किस्मों की कीमतें पिछले एक साल में लगभग दोगुनी हो गई हैं। वहीं, देश के दूसरे हिस्सों में लोकप्रिय चावल की किस्मों के दाम में अपेक्षाकृत कम बढ़ोतरी हुई है। दक्षिण भारत में इस्तेमाल होने वाली महंगी किस्मों की कीमतों में तेजी का असर राष्ट्रीय औसत पर भी पड़ा है।
पोल्ट्री, पशु आहार और एथनॉल उद्योग से बढ़ी मांग
चावल की कीमतों पर दूसरा दबाव टूटे चावल की बढ़ती मांग से आ रहा है। पहले इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री में होता था, लेकिन अब पोल्ट्री और पशु आहार बनाने वाली कंपनियों के साथ एथनॉल उत्पादक भी इसकी खरीद बढ़ा रहे हैं।
मक्के की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने और उत्पादन में कमी के कारण पशु आहार तथा पोल्ट्री उद्योग के लिए लागत बढ़ गई है। इसके अलावा, एथनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर सरकारी पाबंदियों के चलते उत्पादक दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। ऐसे में टूटे चावल की मांग बढ़ी है। इससे इसकी उपलब्धता को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हुई है और कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
55.47 लाख टन नहीं, 5.547 करोड़ टन है सरकारी स्टॉक
देश में चावल की कीमतों में तेजी के बीच सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ब1 अक्टूबर को नए चावल मार्केटिंग सीजन की शुरुआत के समय सरकारी गोदामों में 5.547 करोड़ मीट्रिक टन चावल का स्टॉक था। यह सरकार की निर्धारित बफर जरूरत से 4 गुना से भी अधिक है। इसके बावजूद सरकारी भंडार का फायदा खुदरा बाजार में पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। इसकी वजह सरकारी स्टॉक में मौजूद चावल की किस्मों और बाजार में उपभोक्ताओं की मांग वाली किस्मों के बीच अंतर है।
राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीवी कृष्णा राव ने मीडिया को बताया कि, सरकारी भंडार में ज्यादातर सामान्य किस्मों का चावल है। दक्षिण भारत में उपभोक्ताओं की पसंद वाली प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों की जगह इनका इस्तेमाल आसानी से नहीं किया जा सकता। यही वजह है कि सरकारी गोदामों में पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद कुछ खास किस्मों की कीमतें बढ़ रही हैं।
चावल की कीमतें घटाने के लिए सरकार के पास क्या विकल्प?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घरेलू बाजार में चावल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार कई कदम उठा सकती है। इनमें गैर-बासमती चावल के निर्यात पर 20% शुल्क लगाना, न्यूनतम निर्यात मूल्य (MEP) दोबारा लागू करना या 100 फीसदी टूटे चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाना शामिल है। भारत ने साल 2022 में टूटे चावल के एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध लगाया था।
इसके अलावा, सरकार अपने भंडार से निजी खरीदारों को अधिक चावल बेच सकती है। इसी महीने सरकार ने खुले बाजार में बिक्री के लिए चावल बेचने का लक्ष्य बढ़ाकर 50 लाख टन कर दिया है। सरकारी दुकानों के माध्यम से सब्सिडी वाला चावल उपलब्ध कराने से भी खुदरा बाजार में सप्लाई बढ़ाई जा सकती है।
निजी कारोबारियों के स्टॉक पर निगरानी बढ़ाना भी एक विकल्प है। सरकार पहले ही साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी देने की व्यवस्था लागू कर चुकी है। दक्षिण भारत के 5 राज्यों को स्टॉक लिमिट लगाने की अनुमति भी दी गई है। निगरानी और सख्त होने से जमाखोरी पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
निर्यात पर रोक लगाने के बजाय अन्य ऑप्शन
भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक है और वैश्विक चावल कारोबार में इसकी हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी से अधिक है। ऐसे में निर्यात पर व्यापक प्रतिबंध लगाने से घरेलू बाजार को राहत तो मिल सकती है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित होने का खतरा भी है।
ये भी पढ़ें: पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की कीमतों में गिरावट! FMCG कंपनियों का बढ़ेगा मुनाफा, आम ग्राहकों को क्या राहत?
कीमतों में मौजूदा तेजी मुख्य रूप से कुछ प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों तक सीमित है। ऐसे में सरकार सभी किस्मों पर एक जैसी पाबंदी लगाने के बजाय चुनिंदा किस्मों के निर्यात और घरेलू आपूर्ति को लेकर कदम उठा सकती है।
निर्यात शुल्क बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल महंगा हो सकता है। इसका फायदा थाईलैंड, वियतनाम और पाकिस्तान जैसे प्रतिस्पर्धी देशों को मिल सकता है। ये देश पहले से ही भारतीय चावल की कम कीमतों के कारण प्रतिस्पर्धा में दबाव का सामना कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।