Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    India Cotton Production: इस साल देश में कपास उत्पादन 8% कम रहने का अनुमान, जानिए क्या है वजह

    Updated: Thu, 14 Aug 2025 07:06 PM (IST)

    India Cotton Production देश में कपास उत्पादन इस साल फिर घटने का अंदेशा है। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) के अनुमान के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में कपास का उत्पादन 25 लाख गांठ कम रहेगा। यील्ड में गिरावट को इसका कारण बताया है। उत्तरी और मध्य क्षेत्र में उत्पादन में बड़ी गिरावट की आशंका जताई गई है।

    Hero Image
    इस साल देश में कपास उत्पादन 8% कम रहने का अनुमान, जानिए क्या है वजह

    देश में 2024-25 के सीजन में कपास का उत्पादन (India Cotton production) घटकर 311.40 लाख गांठ रह जाने का अनुमान है। पिछले वर्ष 336.45 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) की तरफ से गुरुवार को जारी अनुमान के अनुसार इस वर्ष कपास उत्पादन में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CAI ने यील्ड में गिरावट को इसका कारण बताया है। वर्ष 2002 में भारत में बीटी कॉटन के कॉमर्शियल उत्पादन की अनुमति दी गई थी। उसके बाद देश में कपास उत्पादन 2013-14 में 398 लाख गांठ तक पहुंच गया था। कपास का सीजन अक्टूबर से शुरू होकर अगले साल नवंबर तक चलता है। मौजूदा सीजन 1 अक्टूबर 2024 को शुरू हुआ था और यह 30 सितंबर 2025 तक चलेगा।

    उत्तरी और मध्य क्षेत्र में कम हुआ उत्पादन

    उत्तरी क्षेत्र में कुल उत्पादन घटकर 29.55 लाख गांठ और मध्य क्षेत्र में 186.50 लाख गांठ रहने का अनुमान है। पिछले वर्ष इन क्षेत्रों में क्रमशः 45.62 लाख गांठ और 202.51 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था। हालांकि दक्षिणी क्षेत्र में उत्पादन पिछले सीजन के 82.85 लाख गांठ की तुलना में 89.50 लाख गांठ रहने की उम्मीद है। कपास की एक गांठ का वजन लगभग 170 किलो होता है।

    जुलाई 2025 के अंत तक कपास की कुल आपूर्ति 374.43 लाख गांठ की थी। इसमें 33 लाख गांठ का आयात और 39.19 लाख गांठ का शुरुआती स्टॉक शामिल हैं। पिछले महीने के अंत में स्टॉक 96.77 लाख गांठ का था। इसमें कपड़ा मिलों के पास 32.50 लाख गांठ और शेष 64.27 लाख गांठ कॉटन कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, महाराष्ट्र फेडरेशन और अन्य (बहुराष्ट्रीय कंपनियां, ट्रेडर, जिनर, निर्यातक, आदि) के पास थे।

    कपास की घरेलू खपत बढ़ने की उम्मीद

    कॉटन एसोसिएशन ने कपास सीजन 2024-25 के अंत तक कुल 389.59 लाख गांठ कपास आपूर्ति का अनुमान लगाया है। इसका पिछला अनुमान 380.59 लाख गांठ का था। कुल कपास आपूर्ति में 2024-25 सीजन की शुरुआत में 39.19 लाख गांठ का शुरुआती स्टॉक और 39 लाख गांठ का आयात शामिल हैं।

    यह भी पढ़ें... घट गया खाने के तेल का आयात

    सीएआई ने कपास की घरेलू खपत का अनुमान बढ़ाया है। पहले इसने 308 लाख गांठ की खपत का अनुमान जताया था, जिसे बढ़ाकर 314 लाख गांठ कर दिया है। इसने 2024-25 के सीजन में 18 लाख गांठ निर्यात का अनुमान लगाया है, जबकि 2023-24 के सीजन में 28.36 लाख गांठ का निर्यात हुआ था।