कतर के शेख खाएंगे यूपी के फर्रुखाबाद की हरी मटर और मिश्रित सब्जियां, पहली खेप हुई रवाना; इस बंदरगाह से गया सामान
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली खेप कतर के लिए रवाना की गई है। यह निर्यात राज्य के कृषि बास्केट में विविधता लाने और मूल्य-संवर्धित खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली निर्यात खेप (AI फोटो)
HighLights
फर्रुखाबाद से कतर को फ्रोजन सब्जियों की पहली खेप
63 मीट्रिक टन फ्रोजन मटर और मिश्रित सब्जियां निर्यात
यूपी के कृषि निर्यात बास्केट में विविधता का महत्वपूर्ण कदम
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली निर्यात खेप कतर के लिए रवाना की गई है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, यह पहली बार है जब फर्रुखाबाद से फ्रोजन हरे मटर और मिक्स्ड वेजिटेबल्स का निर्यात कतर को किया गया है।
'श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स' द्वारा निर्यात की गई इस खेप में 63 मीट्रिक टन फ्रोजन हरी मटर और मिक्स्ड वेजिटेबल्स शामिल हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह खेप फर्रुखाबाद से चली और न्हावा शेवा बंदरगाह के रास्ते कतर की राजधानी दोहा भेजी गई।
आयोजित हुआ कार्यक्रम
'एग्रीकल्चरल एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी' (एपीईडीए) ने वाराणसी में 'स्टेकहोल्डर्स के साथ संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम एपीईडीए के चेयरमैन अभिषेक देव की अध्यक्षता में हुआ। इसमें निर्यातकों और सरकारी एजेंसियों ने कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इन मुद्दों में निर्यात को आसान बनाना, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, बाजार तक पहुंच, नियामक आवश्यकताएं और संस्थागत सहयोग शामिल थे।
उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात बास्केट में विविधता
एपीईडीए के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को भरोसा दिलाया कि निर्यात से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने में हर संभव मदद दी जाएगी। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में क्षेत्रीय निर्यातकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी पूरा सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कतर के लिए फ्रोजन हरी मटर और मिक्स्ड वेजिटेबल्स की पहली खेप को वर्चुअली हरी झंडी दिखाना था।
बयान में कहा गया है, "यह पहली खेप उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात बास्केट में विविधता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, खासकर 'वैल्यू-एडेड' (मूल्य-संवर्धित) और फ्रोजन फूड सेगमेंट में।"
कृषि निर्यात में अहम
बयान में कहा गया कि यह पहली निर्यात खेप उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात दायरे के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विशेष रूप से मूल्य संवर्धित (वैल्यू-ऐडेड) और फ्रोजन फूड सेगमेंट में यह उपलब्धि राज्य के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को और मजबूत करेगी।
फर्रुखाबाद और उसके आसपास के इलाकों में सब्जियों के उत्पादन और प्रसंस्करण की काफी संभावनाएं हैं। यह निर्यात दिखाता है कि कैसे क्षेत्रीय कृषि उत्पादन को फूड-प्रोसेसिंग केंद्रों और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जोड़ा जा सकता है। इससे किसानों, किसान उत्पादक संगठनों, प्रोसेसर्स और निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
'भारत कृषि निर्यात योजना'
अभिषेक देव ने दोहराया कि एपीईडीए कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए अपने सदस्य निर्यातकों को हर जरूरी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाल ही में शुरू की गई 'भारत कृषि निर्यात योजना' के बारे में भी बात की, जिसका उद्देश्य कृषि निर्यात को प्रोत्साहित करना और निर्यात से जुड़े बुनियादी ढांचे और गतिविधियों को मजबूत करना है।
देव ने एपीईडीए की 'भारती' पहल पर भी जोर दिया। इस पहल का उद्देश्य किसान उत्पादक संगठनों को सशक्त बनाकर उन्हें निर्यात वैल्यू चेन से जोड़ना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकें। एपीईडीए के अध्यक्ष ने वैश्विक बाजारों में भारतीय कृषि उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों, सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय और साझा प्रयास पर जोर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।