क्या यस बैंक में सरकारी खातों से उड़ गए 32 करोड़? बैंक का कड़ा पलटवार, कहा - 'सब बकवास है! रिपोर्ट वापस लो'
यस बैंक ने सरकारी खातों से जुड़े 3.4 मिलियन डॉलर के साइबर फ्रॉड की रिपोर्ट का खंडन किया है। बैंक ...और पढ़ें

यस बैंक ने साइबर फ्रॉड रिपोर्ट का खंडन किया
HighLights
यस बैंक ने साइबर फ्रॉड रिपोर्ट का खंडन किया
बैंक ने कहा, सिस्टम सुरक्षित, सरकारी खातों पर असर नहीं
मीडिया हाउस से गलत रिपोर्ट वापस लेने को कहा
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। शुक्रवार को यस बैंक ने उस रिपोर्ट का कड़ा खंडन किया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि बैंक को सरकारी खातों से जुड़े एक साइबर फ्रॉड में लगभग 3.4 मिलियन डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है।
13 नवंबर को जारी एक स्पष्टीकरण में, यस बैंक ने कहा कि इसके सिस्टम सुरक्षित हैं, किसी भी सरकारी खाते पर कोई असर नहीं पड़ा है और किसी घटना के कारण बैंक को कोई वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है।
दावा वापस लेने को कहा
यह रेस्पॉन्स तब आया है जब एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यस बैंक में 3.4 मिलियन डॉलर के साइबर नुकसान के बाद भारत हाई अलर्ट पर है। दावा किया गया था कि यह घटना अक्टूबर 2026 के अंत में हुई थी। इन दावों को गलत बताते हुए, यस बैंक ने कहा कि यह रिपोर्ट असल स्थिति को नहीं दर्शाती है।
बैंक ने यह भी बताया कि उसने इस मामले को मीडिया हाउस (जिसने ये दावा किया) के सामने उठाया है, गलत तथ्यों की ओर इशारा किया है और उनसे अपनी रिपोर्ट वापस लेने के लिए कहा है।
बेवजह चिंता पैदा होने का डर
यस बैंक ने कहा कि गलत जानकारी का प्रकाशन इसकी प्रतिष्ठा के लिए नुकसानदेह है और इससे इसके स्टेकहोल्डर्स के बीच बेवजह चिंता पैदा हो सकती है।
बैंक ने अपने बयान में कहा, "यस बैंक बैंकिंग सुरक्षा, ऑपरेशनल इंटीग्रिटी और ग्राहकों के भरोसे के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह स्पष्टीकरण बैंकिंग क्षेत्र में साइबर सुरक्षा जोखिमों को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच आया है, खासकर उन घटनाओं के संदर्भ में जिनमें वित्तीय संस्थान और सरकारी खातों से जुड़े मामले शामिल हैं।