सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बगदाद हमले से पश्चिमी एशिया में तनाव, क्रूड ऑयल और सोने में उछाल, बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

By Pawan JayaswalEdited By:
Published: Fri, 03 Jan 2020 11:54 AM (IST)Updated: Sat, 04 Jan 2020 09:09 AM (IST)

USA Airstrike at Baghdad हमले के बाद से क्रूड ऑयल और सोने के भाव में तेज उछाद दर्ज किया जा ...और पढ़ें

बगदाद हमले से पश्चिमी एशिया में तनाव, क्रूड ऑयल और सोने में उछाल, बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
बगदाद हमले से पश्चिमी एशिया में तनाव, क्रूड ऑयल और सोने में उछाल, बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। इराक की राजधानी बगदाद में शुक्रवार को हुए रॉकेट हमले का प्रभाव दुनिया भर के बाजारों पर पड़ना शुरू हो गया है। क्रूड ऑयल और सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है, वहीं शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिल रही है। भारतीय शेयर बाजार आज शुक्रवार को गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। क्रूड ऑयल की कीमतों में शुक्रवार को तीन फीसद से अधिक का उछाल देखा गया है। इससे आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के भाव में और अधिक तेजी आने के आसार हैं।

बगदाद एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ा रॉकेट हमला हुआ जिसमें ईरान समर्थित कुर्द बल के प्रमुख मेजर जनरल कासिम सुलेमानी सहित कुल आठ लोगों की मौत हुई है। माना जा रहा है कि यह हमला अमेरिका द्वारा किया गया है, जिसमें उसने अपने दूतावास पर हुए हमले का बदला लिया है।

हमले के चलते अमेरिका और इराक के बीच तनाव बहुत बढ़ गया है। इराक ने इस हमले को आतंकी हमला करार दिया है। इराकी सेना की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि बगदाद के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अमेरिका द्वारा तीन रॉकेट दागे गए जिनसे दो कारों में विस्फोट हुआ। हमले के कारण पूरे पश्चिमी एशिया में तनाव की स्थिति है। इसी तनाव की वजह से क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी तेजी देखने को मिल रही है। 

क्रूड ऑयल में आई भारी तेजी

ब्रेंट ऑयल की कीमत में शुक्रवार सुबह 3.43 फीसद की भारी तेजी देखी जा रही है। इस तेजी के चलते ब्रेंट ऑयल 68.47 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। उधर क्रूड ऑयल WTI में 3.12 फीसद की तेजी देखने को मिल रही है। इस तेजी के चलते क्रूड ऑयल WTI 63.10 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है। क्रूड ऑयल के वायदा भाव की बात करें, तो यह एमसीएक्स एक्सचेंज पर 3.80 फीसद यानी 165 रुपये की तेजी के साथ 4508 रुपये प्रति बैरल पर बना हुआ था।

सोने में आया जबरदस्त उछाल

पश्चिमी एशिया में बढ़े इस तनाव के चलते निवेशकों का रूख सेफ हैवन समझे जाने वाले सोने की तरफ हो गया है। इससे सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर शुक्रवार सुबह पांच फरवरी 2020 का सोने का वायदा भाव 1.52 फीसद या 596 रुपये की उछाल के साथ 39,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। सोने के साथ ही चांदी के वायदा भाव में भी बढ़ोत्तरी हुई है। पांच मार्च 2020 का चांदी का वायदा भाव शुक्रवार सुबह 1.46 फीसद या 688 रुपये की तेजी के साथ 47,710 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेंड कर रहा था।

ब्लूमबर्ग के अनुसार, वैश्विक स्तर पर सोना शुक्रवार को 0.86 फीसद या 13.19 डॉलर की भारी तेजी के साथ 1,542.32 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी 0.86 फीसद या 0.15 डॉलर की तेजी के साथ 18.18 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही थी।

ऑयल मार्केटिंग और पेंट कंपनीज के शेयरों में गिरावट

क्रूड ऑयल में उछाल के चलते ऑयल मार्केटिंग और पेंट कंपनीज के शेयरों में शुक्रवार सुबह गिरावट देखने को मिल रही है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन का शेयर शुक्रवार सुबह 1.87 फीसद की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) का शेयर 1.29 फीसद की गिरावट के साथ ट्रेंड कर रहा था। वहीं, एशियन पेंट्स का शेयर 1.76 फीसद और बर्जर पेंट का शेयर 0.13 फीसद की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।

साल की शुरुआत में आई थी तेजी अब है गिरावट

भारतीय शेयर बाजरों में नए साल के शुरुआती दोनों दिन अच्छी-खासी तेजी देखने को मिल रही थी, लेकिन बगदाद में हुए हमले के चलते शुक्रवार को गिरावट देखी जा रही है। आज शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 0.29 फीसद या 119.17 अंक की गिरावट के साथ 41,507.47 पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.28 फीसद या 34.25 अंक की गिरावट के साथ 12,247.95 पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान निफ्टी की 50 कंपनियों में से 14 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर और 36 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।