अकुशल विदेशी कामगारों का कोटा बढ़ाएगा अमेरिका
अमेरिकी सांसदों ने अकुशल कामगारों के लिए एच-2बी वीजा का कोटा करीब 400 फीसद बढ़ाने का फैसला किया है। आमतौर पर भारतीय इस वीजा के लिए कम ही आवेदन करते हैं, लेकिन डॉलर में कमाई करने के इच्छुक अकुशल कामगारों में इसने उम्मीद जगाई है।
वाशिंगटन। अमेरिकी सांसदों ने अकुशल कामगारों के लिए एच-2बी वीजा का कोटा करीब 400 फीसद बढ़ाने का फैसला किया है। आमतौर पर भारतीय इस वीजा के लिए कम ही आवेदन करते हैं, लेकिन डॉलर में कमाई करने के इच्छुक अकुशल कामगारों में इसने उम्मीद जगाई है।
भारतीयों की दिलचस्पी खासतौर से एच-1बी और एल1 वीजा में रहती है। ये विशेषज्ञता वाले पेशेवरों के लिए होते हैं। अमेरिकी संसद में सालभर के सरकारी खर्च पर एक बिल पेश किया गया। इसमें अकुशल विदेशी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध वीजा की संख्या बढ़ाने का प्रावधान है।
सांसद जेफ सेसंस ने जानकारी देते हुए कहा कि एच-2बी वीजा की संख्या 66,000 से बढ़ाकर 2,50,000 की गई है। यह कार्यबल होटल, रेस्तरां, निर्माण, ट्रक ड्राइविंग जैसे गैर-कृषि रोजगारों से जुड़ेगा। भारतीय एच-2बी वीजा का विकल्प कम चुनते हैं।
अधिकतर वीजा होटलों, थीम पार्क, स्की रिजॉर्ट, गोल्फ कोर्स, रेस्तरां आदि में विभिन्न कार्यों के लिए विदेशी कर्मचारियों को दिए जाते हैं। एच-2बी वीजा अस्थायी एवं मौसमी कार्यों के लिए कम कुशल कर्मचारियों को लाने के लिए तैयार किया गया है।