ट्रंप की 'टैरिफ धमकी' के 253 दिन, राष्ट्रपति चुनाव जीतते ही किया था ऐलान; कब-क्या हुआ, जानें पूरी टाइमलाइन?
US tariffs on India Trump ने राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद 20-21 नवंबर 2024 को पहली बार टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। तब से ट्रंप 35 बार और राष्ट्रपति बनने के बाद 33 बार धमकी दे चुके हैं। उन्होंने भारत पर टैरिफ लगाने की बात पहली बार 4 मार्च को की थी। जानिए 253 दिन में ट्रंप ने टैरिफ को लेकर क्या-क्या कहा और अब तक क्या-क्या हुआ?

नई दिल्ली| US‑India trade tensions : डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद पहली बार 20-21 नवंबर 2024 को टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने एक बयान में 'अमेरिका को पहले रखने' की बात कही थी। ट्रंप ने अपने इस बयान के 253 दिन बाद भारत पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया, जो 1 अगस्त से लागू होगा।
ट्रंप राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद 35 बार और राष्ट्रपति बनने के बाद 33 बार 'टैरिफ बम' की धमकी दे चुके हैं। ट्रंप ने पहली बार 4 मार्च को भारत पर 25% टैक्स लगाने की बात कही थी। वहीं, 23 मई को अमेरिकी टेक कंपनी Apple को धमकी दी थी।
इस दौरान उन्होंने कहा था कि अगर कंपनी अमेरिका के बजाय भारत में iPhone बनाती है तो उस पर 25% का टैक्स लगा दिया जाएगा। आइए अब जानते हैं कि राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद ट्रंप ने कब-कब टैरिफ को लेकर बयान दिया और कब-क्या हुआ?
Trumps Tariff Threat Timeline : ट्रंप की 'टैरिफ धमकी' की पूरी टाइमलाइन
- 20 नवंबर 2024 : राष्ट्रपति चुनाव जीतने बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि वह मैक्सिको और कनाडा सहित देशों पर 25% टैरिफ लगाएंगे।
- 30 नवंबर 2024 : ट्रंप ने दूसरी बार चेतावनी दी और कहा कि BRICS (Brazil, Russia, India, China, and South Africa) देशों ने नई मुद्रा बनाने की कोशिश की, तो उन पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा।
- 20 जनवरी 2025 : राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के कुछ घंटों बाद ही डोनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको और कनाडा से आयात पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया।
- 26 जनवरी 2025 : कोलंबिया पर टैरिफ की धमकी दी, लेकिन फिर फैसला टाल दिया।
- 1 फरवरी 2025 : ट्रंप ने कार्यकारी आदेश के तहत कनाडा और मेक्सिको पर 25% और चीन पर 10% टैरिफ लागू करने की घोषणा की। यह आदेश 4 फरवरी से प्रभावी होना था, लेकिन सीमा सुरक्षा मुद्दों की वजह से कुछ टैरिफ रोक दिए गए।
- 4 फरवरी 2025 : चीन से सभी आयातों पर 10% टैरिफ लागू हुआ। इससे पहले की घोषणाओं के तहत निर्धारित चीन ने तुरंत जवाबी टैरिफ लागू कर दिया।
- 4 मार्च 2025 : मेक्सिको, कनाडा और चीन पर टैरिफ लागू हुए। विदेशी गाड़ियों पर टैरिफ को फिलहाल टाल दिया गया। भारत पर 25% टैरिफ की घोषणा इसी दौरान हुई।
- 10 मार्च 2025 : चीन ने अमेरिकी कृषि उत्पादों पर टैक्स लगा दिया। कनाडा ने अमेरिका के तीन राज्यों पर बिजली पर 25% सरचार्ज लगाया।
- 2 अप्रैल 2025 : अमेरिका ने हर देश से आने वाले सामान पर 10% टैक्स लगा दिया। इस दौरान चीन ने 34% टैरिफ और वियतनाम ने 46% एक्सपोर्ट टैक्स में राहत मांगी।
- 9 अप्रैल 2025 : चीन पर कुल टैरिफ 145% कर दिया गया। साथ ही, यूरोप पर 20% और जापान पर 24% टैक्स लगा दिया गया। जिसके जवाब में चीन ने 125% टैरिफ लगा दिया।
- 23 अप्रैल 2025 : 12 अमेरिकी राज्यों ने ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा किया।
- 29 अप्रैल 2025 : ऑटोमोबाइल पर 25% टैक्स जारी रखा। लेकिन स्टील और एल्युमिनियम पर अलग टैक्स नहीं लगने की बात कही गई।
- 4 मई 2025 : ट्रंप ने विदेशी फिल्मों पर 100% टैक्स का ऐलान किया।
- 5 मई 2025 : चीन के खिलाफ ट्रंप के सुर बदले और कहा- "चीन से टैक्स हटाऊंगा लेकिन धीरे-धीरे, क्योंकि उनकी इकॉनोमी गिर रही है।"
- 8 मई 2025 : ब्रिटेन से कुछ कारों पर टैक्स कम किया गया। लेकिन ज्यादातर सामान पर 10% ड्यूटी जारी रखी।
- 9 मई 2025 : चीन पर टैरिफ 145% से घटाकर 80% करने की बात कही। लेकिन फाइनल फैसला पेंडिंग रखा।
- 12 मई 2025 : अमेरिका और चीन ने 90 दिनों के लिए टैरिफ घटा दिया। जिसमें अमेरिका ने 145% से घटाकर 30% कर दिया तो वहीं चीन ने 125% से घटाकर 10% कर दिया।
- 17 मई 2025 : ट्रंप ने टैरिफ पर बयान दिया और कहा कि दुनिया के 150 देश डील करना चाहते हैं। लेकिन मैं सिर्फ दो हफ्ते का समय दूंगा और फिर नया टैरिफ तय करूंगा।
- 23 मई 2025 : यूरोपीय यूनियन (EU) से आयात पर 50% टैरिफ 1 जून से लागू करने की धमकी दी। साथ ही अमेरिकी टेक कंपनी Apple को धमकी दी कि अगर iPhone अमेरिका में नहीं बना तो 25% टैक्स लगेगा। इस दौरान उन्होंने टिम कुक से भी कहा कि iPhone भारत में न बनाए जाएं।
- 25 मई 2025 : EU पर टैरिफ को 9 जुलाई तक टाल दिया ताकि बातचीत हो सके।
- 28 मई 2025 : अमेरिका की न्यूयॉर्क कोर्ट ने ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी को "अधिकार से बाहर" बताया। साथ ही, कोर्ट ने 10 दिन में टैरिफ हटाने को भी कहा।
- 29 मई 2025 : फेडरल कोर्ट ने ट्रंप के ज्यादातर टैरिफ फिर से लागू किए। हालांकि, ये सभी अस्थाई रूप से लागू हुए।
- 30 मई 2025 : स्टील और एल्युमिनियम पर टैरिफ बढ़ाकर 50% कर दिया गया, जो 4 जून से लागू हुआ।
- 3 जून 2025 : कोर्ट ने टैरिफ रोकने का ऑर्डर टाल दिया। जिसके बाद मामला अपील कोर्ट में चला गया।
- 11 जून 2025 : ट्रंप ने घोषणा की कि उनका प्रशासन अगले कुछ हफ्तों में व्यापार साझेदार देशों को नए टैरिफ की औपचारिक शर्तें तय करने के लिए लेटर भेजेगा। जिसमें कहा जाएगा कि "आप इस डील को स्वीकार सकते हैं या फिर छोड़ सकते हैं।"
- 12 जून 2025 : चीन पर नया 55% टैक्स लगाया गया। जवाब में चीन ने अमेरिकी सामानों पर 10% टैक्स लगा दिया। वहीं दोनों देशों ने छात्रों और खास मैटेरियल के एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट को जारी रखा।
- 27 जून 2025 : ट्रंप ने कनाडा से ट्रेड बातचीत तोड़ दी। जिसकी बड़ी वजह थी- कनाडा का 3% डिजिटल टैक्स, जिससे अमेरिकी टेक कंपनियों को 2.7 बिलियन डॉलर देना पड़ेगा।
- 29 जून 2025 : कनाडा ने डिजिटल टैक्स वापस ले लिया।
- 30 जून 2025 : ट्रंप ने जापान पर भी टैरिफ की धमकी दी। ट्रंप ने कहा कि अगर वो अमेरिकी चावल नहीं खरीदते तो उस पर भी टैक्स लगाया जाएगा।
- 7 जुलाई 2025 : ट्रंप ने 14 देशों को पत्र भेजे, जिनमें लिखा कि अगर डील नहीं हई तो 1 अगस्त से 25% या उससे ज़्यादा टैक्स लगेगा। इसमें भारत को छोड़कर बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया जैसे एशियाई देश शामिल थे।
- 9 जुलाई 2025 : दवाओं पर 200% टैक्स लगाने की बात कही। साथ ही, ब्राजील और कॉपर (तांबा) पर 50% टैरिफ की घोषणा की।
- 12 जुलाई 2025 : एक अगस्त से EU और मैक्सिको पर 30% टैरिफ की घोषणा की। इस दौरान ट्रंप ने धमकी भी दी। ट्रंप ने कहा कि अगर जवाबी कार्रवाई हुई तो टैक्स और बढ़ा दिया जाएगा।
- 28 जुलाई 2025 : अमेरिका का ईयू के साथ समझौता हुआ। जिसमें कहा गया कि अब अमेरिका में यूरोपीय सामान पर 15% टैक्स लगेगा, जो पहले प्रस्तावित 30% से आधा है।
- 29 जुलाई 2025 : अमेरिकी दल भारत आएगा और ट्रेड डील पर बात करेगा।
- 30 जुलाई 2025 : ट्रंप ने India-US Trade Deal पर चल रही बातचीत के बीच टैरिफ बम फोड़ दिया और भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया। साथ ही जुर्माना वसूलने की भी बात कही, क्योंकि भारत रूस से ऊर्जा व रक्षा खरीद डील कर रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।