Uber India ने 600 लोगों की छंटनी की, प्रभावित कर्मचारियों को 10 सप्ताह का पेमेंट, छह महीने मिलेगा चिकित्सा बीमा कवरेज
परमेस्वरन ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित कर्मचारी को न्यूनतम 10 सप्ताह का भुगतान अगले छह महीनों के लिए चिकित्सा बीमा कवरेज आउट-प्लेसमेंट सहायता मिलेगी।
नई दिल्ली, पीटीआइ। कैब सुविधा देने वाली Uber ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस के चलते उसका बिजनेस बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसके बाद कंपनी भारत से लगभग 600 कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। उसने बताया कि यह Uber के कर्मचारियों के एक चौथाई हिस्से के रूप में है। हाल ही में Ola ने अपनी कैब सेवा, वित्तीय सेवाओं और खाद्य कारोबार से 1,400 लोगों को हटाने की घोषणा की थी।
Uber ने एक ई-मेल के जवाब में कहा, भारत में जिन क्षेत्रों से लोगों को हटाया जा रहा है उनमें चालक, राइडर सपोर्ट ऑपरेशन शामिल हैं।
Uber इंडिया और दक्षिण एशिया के अध्यक्ष प्रदीप परमेस्वरन ने कहा कि COVID-19 के प्रभाव से Uber का बिजनेस बहुत खराब रहा है, जिसके चलते भारत में उसे अपने कर्मचारियों की छंटनी करनी पड़ी है। इसमें लगभग फुल टाइम काम करने वाले 600 लोगों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि ये कटौती इस महीने घोषित पहले वैश्विक नौकरी कटौती का हिस्सा है। इस महीने की शुरुआत में Uber ने लगभग 6,700 पूर्णकालिक कर्मचारियों को हटाने की घोषणा की थी।
परमेस्वरन ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित कर्मचारी को न्यूनतम 10 सप्ताह का भुगतान, अगले छह महीनों के लिए चिकित्सा बीमा कवरेज, आउट-प्लेसमेंट सहायता मिलेगी।
बता दें कि ऑटोमोबाइल पोर्टल CarDekho ने भी कर्मचारियों की छंटनी की है, साथ ही कुछ कर्मचारियों के वेतन में कटौती की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 200 कर्मचारियों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। पिछले कुछ हफ्तों में Zomato और Swiggy जैसे कई बिजनेस प्लेटफार्म ने COVID-19 महामारी और लॉकडाउन की वजह से छंटनी की है। पिछले हफ्ते, ओला ने कहा था कि वह सवारी, वित्तीय सेवाओं और खाद्य व्यवसाय से 1,400 कर्मचारियों की छंटनी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।