TVS ग्रुप में ₹2.8 लाख करोड़ के साम्राज्य की जंग: बेटी ने पिता और भाई के खिलाफ खोला मोर्चा, लक्ष्मी वेणु हाई कोर्ट पहुंचीं
TVS ग्रुप में ₹2.8 लाख करोड़ के साम्राज्य के बंटवारे को लेकर विवाद गहरा गया है। लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में अपने पिता वेणु श्रीनिवासन के खिलाफ मुकदमा दायर कर संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में अपना हिस्सा मांगा है।

लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की।
HighLights
लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की।
TVS ग्रुप की पारिवारिक संपत्ति में हिस्सा मांगा।
मां मल्लिका श्रीनिवासन ने बेटी के दावे का समर्थन किया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत के दिग्गज उद्योग घरानों में शामिल TVS ग्रुप इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। कारण है कि ग्रुप के बंटवारा। अब इसी मामले में TVS होल्डिंग्स के चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने 25 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया।
उन्होंने TVS परिवार की वेणु श्रीनिवासन शाखा की संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे और उसमें अपना हिस्सा दिए जाने की मांग की है। सूचीबद्ध TVS ग्रुप शेयरों का कुल मार्केट कैप लगभग ₹2.80 लाख करोड़ (₹280,371 करोड़) है।
यह मुकदमा 16 नवंबर को लक्ष्मी द्वारा भेजे गए बंटवारे के नोटिस के बाद आया है। इस नोटिस में उन्होंने परिवार के मुखिया के तौर पर अपने पिता से कहा है कि वे अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं और संपत्ति का उचित और कानूनी बंटवारा करें। वेणु श्रीनिवासन शाखा की संपत्ति में टीवीएस मोटर कंपनी, सुंदरम क्लेटन, टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और टीवीएस होल्डिंग्स की हिस्सेदारी शामिल होगी।
किस बात को लेकर TVS ग्रुप में है विवाद
विवाद इस बात पर है कि क्या 2020 में हुए व्यापक TVS परिवार पुनर्गठन और उसके बाद 2024 में वेणु श्रीनिवासन के करीबी परिवार के सदस्यों के बीच हुए समझौते (MoU) से, उनके परिवार की शाखा के भीतर आर्थिक हितों का भी निपटारा हो गया था या नहीं।
वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु का कहना है कि समझौता पहले ही हो चुका है, जबकि लक्ष्मी और उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन का तर्क है कि परिवार के आर्थिक हितों का कोई पूर्ण बंटवारा नहीं हुआ है।
मां ने बेटी के पक्ष में दिया बयान
पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी वेणु के अधिकारों का समर्थन करते हुए, मल्लिका श्रीनिवासन ने 25 नवंबर को कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लक्ष्मी के नोटिस के जवाब में उनके कानूनी अधिकारों को मान्यता नहीं दी गई है और आपसी सहमति से समाधान निकालने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। ऐसे हालात में, अपने अधिकारों की रक्षा के लिए उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाने पर मजबूर होना पड़ा है। एक मां के तौर पर, मेरे लिए बेटा और बेटी हर लिहाज से बराबर हैं। मेरा मानना है कि पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी का भी एक जायज हिस्सा है, जो सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं है।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।