यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Toll Tax : टोल टैक्स बढ़ने से महंगाई का झटका, पर इन दो कंपनियों के शेयरहोल्डर्स की हो गई मौज
टोल टैक्स बढ़ने से आम लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। लेकिन दो हाइवे ऑपरेटर्स- आईआरबी इंफ्रा डेवलपर्स ...और पढ़ें

HighLights
- IRB Infra के शेयर फिलहाल 9.83 फीसदी की बढ़त के साथ 72.65 रुपये पर हैं।
- अशोक बिल्डकॉन के शेयर में शुरुआती कारोबार में 9 फीसदी का भारी उछाल दिखा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव का एग्जिट पोल जारी होने के बाद टोल टैक्स में 5 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। इससे आम लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। लेकिन, दो हाइवे ऑपरेटर्स- आईआरबी इंफ्रा डेवलपर्स (IRB Infra) और अशोक बिल्डकॉन के शेयरहोल्डर्स की चांदी हो गई है।
टोल महंगा होने से IRB Infra के शेयर आज इंट्रा-डे में 13 फीसदी से अधिक उछलकर रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गए। फिलहाल यह 9.83 फीसदी की बढ़त के साथ 72.65 रुपये पर हैं। इसका रिकॉर्ड हाई 76.55 रुपये है। इस स्तर तक यह 27 मई 2024 को पहुंचा था।
अशोक बिल्डकॉन के निवेशक भी मालामाल

टोल टैक्स बढ़ने से अशोक बिल्डकॉन (Ashoka Buildcon) के स्टॉक में भी जबरदस्त तेजी देखी गई। इंट्रा-डे में शेयर 9 फीसदी उछलकर 199.90 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए। कुछ निवेशकों ने तेजी का फायदा उठाकर मुनाफावसूली की। लेकिन, शेयरों की जोरदार मांग रही इसलिए इसमें ज्यादा गिरावट नहीं आई। अशोक बिल्डकॉन का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर फिलहाल 6.76 फीसदी की बढ़त के साथ 195.75 रुपये हैं।
चुनाव के बाद कितना बढ़ा टोल टैक्स?
टोल टैक्स अमूमन हर साल अप्रैल में बढ़ता है। लेकिन, इस बार लोकसभा चुनाव के चलते टोल टैक्स में बढ़ोतरी का फैसला सरकार ने टाल दिया था। अब इसे आज 3 से 5 फीसदी के बीच बढ़ाया गया है। देश में टोल टैक्स में महंगाई के हिसाब से हर साल बदलाव किया जाता है। हाइवे ऑपरेटर्स ने देश के करीब 1100 टोल प्लाजा पर टोल में 3-5 फीसदी की बढ़ोतरी का नोटिस जारी किया है। टोल कलेक्शन की बात करें, तो यह वित्त वर्ष 2023 में यह 54 हजार करोड़ रुपये पर पहुंच गया था।

