सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TATA Salt का इतिहास: ₹1 वाले खुले नमक को हराकर कैसे बना 'देश का नमक'; 90 करोड़ से ज्यादा लोगों की बना पसंद

Published: Tue, 10 Nov 2026 11:16 AM (IST)

टाटा नमक 1983 में भारत में आयोडीन की कमी से निपटने के लिए एक राष्ट्रीय मिशन के रूप में लॉन्च ...और पढ़ें

10 नवंबर 1983 को लॉन्च हुआ था टाटा नमक (AI फोटो)

10 नवंबर 1983 को लॉन्च हुआ था टाटा नमक (AI फोटो)

HighLights

  1. 1983 में भारत में आयोडीन की कमी से निपटने हेतु लॉन्च

  2. वैक्यूम इवेपोरेशन तकनीक से शुद्ध, आयोडीन युक्त नमक बनाया

  3. "देश का नमक" बनकर लाखों घरों का भरोसा जीता

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। साल 1983 में भारत क्रिकेट में विश्व कप जीता था। उसी साल आज ही के दिन यानी 10 नवंबर को टाटा ग्रुप ने टाटा नमक (Tata Salt History) को भी लॉन्च किया था। टाटा नमक सिर्फ एक कमर्शियल प्रोडक्ट नहीं था, बल्कि भारत को एक बड़े स्वास्थ्य संकट से बचाने का एक राष्ट्रीय मिशन था।
दरबारी सेठ के नेतृत्व में टाटा केमिकल्स और रतन टाटा के विजन ने मिलकर इस ब्रांड को जन्म दिया, जिसने भारत के हर घर की रसोई का स्वाद और सेहत हमेशा के लिए बदल दी। आइए जानते हैं टाटा नमक का इतिहास।

आयोडीन की भारी कमी

70 और 80 के दशक में भारत की एक बहुत बड़ी आबादी आयोडीन की भारी कमी से जूझ रही थी। उस समय देश में ब्रांडेड या पैकेट वाले नमक का कोई चलन नहीं था। लोग दुकानों से खुला नमक खरीदते थे, जिसमें धूल-मिट्टी, कंकड़ और कभी-कभी चाक या जिप्सम जैसी अशुद्धियाँ मिली होती थीं।

दरअसल शरीर में आयोडीन न मिलने के कारण देश भर में घेंघा रोग (Goiter), बच्चों में मानसिक विकास की रुकावट और गर्भवती महिलाओं में कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं राष्ट्रीय चिंता का विषय बन चुकी थीं।

सरकार की चुनौती और टाटा का आगे आना

भारत सरकार इस समस्या से निपटने के लिए एक समाधान चाहती थी। सरकार ने इसके लिए निर्माताओं से संपर्क किया, लेकिन चुनौती बहुत बड़ी थी - वैज्ञानिक सटीकता के साथ नमक में आयोडीन मिलाना। टाटा के पास इस काम के लिए केवल एक महीने का समय था। टाटा केमिकल्स के तत्कालीन प्रमुख दरबारी सेठ ने इस 'असंभव' काम को स्वीकार किया और अपनी पूरी टीम को दिन-रात काम पर लगा दिया।

वैक्यूम इवेपोरेशन' तकनीक की क्रांति

टाटा ने गुजरात के मीठापुर (Mithapur) प्लांट में आधुनिक वैक्यूम इवेपोरेशन टेक्नोलॉजी (Vacuum Evaporation Technology) का इस्तेमाल किया। इस तकनीक के जरिए नमक को पूरी तरह से रीफाइंड, रोगाणुमुक्त और शुद्ध बनाया गया, जिसमें आयोडीन की बिल्कुल सही मात्रा मिलाई गई थी। इसके साथ ही 1983 में भारत का पहला नेशनल ब्रांडेड, पैकेज्ड आयोडीन युक्त नमक "टाटा नमक" लॉन्च हुआ।

जब ₹1 के खुले नमक के सामने आई चुनौती

लॉन्च के बाद सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि भारतीय बाजार में खुला नमक महज ₹1 किलो के आसपास मिल जाता था। ऐसे में लोगों को पैकेट वाले महंगे नमक के लिए राजी करना बहुत मुश्किल था। लोग सोचते थे, "नमक तो नमक है, इसके लिए ज्यादा पैसे क्यों दें?"
टाटा ने लोगों को सिर्फ नमक नहीं बेचा, बल्कि 'शुद्धता और सेहत' का भरोसा बेचा। विज्ञापनों और "नमक हो टाटा का, टाटा नमक" जैसे जिंगल्स के जरिए लोगों को आयोडीन के फायदों के बारे में जागरूक किया गया।

'देश का नमक' तक का सफर

धीरे-धीरे यह ब्रांड देश के भरोसे का पर्याय बन गया। इसके लोगो में बना पीला रंग मानवीय देखभाल की गर्माहट और सफेद रंग 100% शुद्धता का प्रतीक बना। बाद में इसकी टैगलाइन "देश का नमक" और "देश की सेहत, देश का नमक" सीधे भारतीयों के दिलों से जुड़ गई।
आज, टाटा नमक भारत के 22.2 करोड़ से भी ज्यादा घरों (90 करोड़ से अधिक लोग, यदि एक परिवार में 4 लोग माने जाएं तो) में इस्तेमाल होता है और पैकेटबंद नमक बाजार के एक बहुत बड़े हिस्से पर राज करता है। यह व्यापार से कहीं ज्यादा इस बात की मिसाल है कि कैसे एक कॉर्पोरेट विजन ने पूरे देश को कुपोषण और बीमारी से मुक्ति दिलाने में मदद की।

ये भी पढ़ें - भारत के सबसे पुराने हलवाई: 231 साल तक पुराना इतिहास; लाहौर-कराची वालों का स्वाद दिल्ली-मुंबई वालों को खूब भाया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।