Swiggy Serves: रेस्टोरेंट में बचा खाना बांटेगी स्विगी, खाने की बर्बादी रोकने में मिलेगी मदद
Swiggy Serves स्विगी ने अपने रेस्टोरेंट पार्टनर के बचे खाने को जरूरतमंदों में बांटने की पहल शुरू की है। इसका नाम स्विगी सर्व्स रखा है। स्विगी ने इस पहल के लिए स्वयंसेवी संगठन रॉबिन हुड आर्मी (आरएचए) के साथ भागीदारी की है। स्विगी का कहना है कि इससे खाने की बर्बादी को रोकने में मदद मिलेगी। आइए जानते हैं पूरी डिटेल।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। फूड डिलीवरी एग्रीगेटर स्विगी ने गुरुवार 'स्विगी सर्व्स' पहल की शुरुआत की। इसका मकसद खाद्य पदार्थों की बर्बादी को कम करना और भूख (Hunger) की समस्या से लड़ना है। इस प्रोग्राम के तहत स्विगी अपने रेस्टोरेंट पार्टनर से बचा खाना लेगी और उसे जरूरतमंदों में बांटेगी। स्विगी ने इस पहल के लिए स्वयंसेवी संचालित संगठन रॉबिन हुड आर्मी (आरएचए) के साथ भागीदारी की है।
रॉबिन हुड आर्मी एक स्वयंसेवी संगठन है। इससे हजारों युवा पेशेवर, सेवानिवृत्त लोग, गृहिणियां और कॉलेज के छात्र जुड़े हैं। स्विगी फूड मार्केटप्लेस के सीईओ रोहित कपूर ने नई पहल की जानकारी देते हुए कहा, "फिलहाल स्विगी सर्व्स योजना 33 शहरों में चल रही है। हम इस पहल को और अधिक शहरों में ले जाने की योजना बना रहे हैं। इसका मकसद है कि कोई भी खाना बर्बाद न हो।"
भारत में कुपोषण गंभीर समस्या
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, भारत में लगभग 19.5 करोड़ कुपोषित लोग हैं। यह दुनिया की कुपोषित आबादी का एक-चौथाई है। 2024 में भारत का ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) स्कोर 27.3 था। इसमें भूख को एक गंभीर समस्या बताया गया था। साथ ही, 2024 GHI में भारत 127 देशों में से 105वें स्थान पर था। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, भारत हर साल प्रति व्यक्ति 55 किलोग्राम भोजन बर्बाद करता है।

यही वजह है कि स्विगी सर्व्स को काफी सार्थक पहल माना जा रहा है। बिक्गाने बिरयानी, बिरयानी बाय द किलो, दाना चोगा, वर्धास, चारकोल ईट्स - बिरयानी एंड बियॉन्ड, डब्बा गरम, हाउस ऑफ बिरयानी, बी.टेक मोमोज वाला, समोसा सिंह, बाबई टिफिन्स, डोसा अन्ना, अर्बन तंदूर जैसे ब्रांडों ने स्विगी सर्व्स-आरएचए पहल का हिस्सा बनने के लिए हस्ताक्षर किए हैं।
जल्द आएगा स्विगी इंस्टामार्ट का अलग ऐप
भारत में क्विक कॉमर्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। फूड डिलीवरी एग्रीगेटर स्विगी का इंस्टामार्ट इस सेगमेंट की टॉप कंपनियों में शुमार है। हालांकि, इसकी सुविधा अभी भी स्विगी के मेन ऐप में ही मिलती है। लेकिन, जल्द ही स्विगी इंस्टामार्ट का अपना ऐप होगा। कंपनी इसके लिए पूरी तैयारी कर रही है।
स्विगी इंस्टामार्ट का कहना है कि अलग ऐप आने से उसके लाखों ग्राहकों खरीदारी का और भी ज्यादा बेहतर अनुभव मिलेगा। स्विगी इंस्टामार्ट फिलहाल देश के 76 शहरों में सर्विस देता है। कंपनी अपनी विस्तार योजना पर भी लगातार काम कर रही है।


कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।