Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Stock Market today: महाराष्ट्र में बीजेपी की जीत समेत पांच कारण, जिनकी वजह से सरपट भागा बाजार

    Stock Market today भारतीय शेयर बाजार में आज यानी सोमवार 25 नवंबर 2024 को जोरदार तेजी दिख रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही एक फीसदी से अधिक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। आज अदाणी ग्रुप के स्टॉक में भी रिकवरी देखने को मिल रही है। आइए जानते हैं भारतीय शेयर बाजार में तेजी की वजह क्या है।

    By Suneel Kumar Edited By: Suneel Kumar Updated: Mon, 25 Nov 2024 10:33 AM (IST)
    Hero Image
    शेयर बाजार महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों से काफी खुश दिख रहा है।

    बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को जोरदार तेजी दिखी। दोनों ही प्रमुख सूचकांक यानी सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में एक फीसदी से अधिक तेजी के साथ खुले। सेंसेक्स एक बार फिर 80,000 और निफ्टी 24,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार पहुंच गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 80,193.47 पर खुला। शुक्रवार को यह जोरदार तेजी के साथ 79,117.11 के स्तर पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी जोरदार उछाल के साथ 24,253.55 अंक पर खुला। आइए जानते हैं भारतीय शेयर बाजार में तेजी के पांच कारण।

    महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे

    शेयर बाजार महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों से काफी खुश दिख रहा है। महाराष्ट्र आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम राज्य है। मुंबई को तो भारत की आर्थिक राजधानी भी कहा जाता है। यहां सत्ता में बीजेपी की अगुआई वाली महायुति गठबंधन की वापसी से निवेशक गदगद दिखे। उनका मानना है कि महाराष्ट्र में पुरानी सरकार अपनी नीतियों को आगे बढ़ाएगी, जिसका बाजार को फायदा मिलेगा।

    तिमाही नतीजों का खत्म होना

    वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही के नतीजे काफी खराब रहे। इसमें कई बड़ी ब्लूचिप कंपनियां शामिल रहीं। इससे शेयर बाजार में लगातार अनिश्चितता का माहौल रहा। हालांकि, अब तिमाही नतीजे खत्म होने के बाद स्टॉक मार्केट में स्थिरता की उम्मीद है, जिसके चलते निवेशक दोबारा बाजार में वापसी कर रहे हैं।

    अच्छे स्टॉक सस्ते वैल्यूएशन पर

    सितंबर तिमाही में उम्मीद से कमजोर नतीजों के चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स जैसी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दिखी। इस करेक्शन के चलते ये शानदार स्टॉक काफी अच्छे वैल्यूएशन पर आ गए हैं। इससे निवेशकों को इनमें खरीदारी के मौके दिख रहे हैं। वे 'गिरावट में खरीदारी' वाली रणनीति पर अमल कर रहे हैं, जिसका असर ओवरऑल मार्केट पर दिख रहा है।

    अदाणी ग्रुप के स्टॉक में तेजी

    पिछले हफ्ते अमेरिका में रिश्वत और धोखाधड़ी का आरोप लगने के बाद अदाणी ग्रुप के स्टॉक में भारी गिरावट आई। लेकिन, ग्रुप ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। आज अदाणी ग्रुप की ज्यादातर कंपनियों में तेजी आई है। अरबपति कारोबारी गौतम अदाणी के ग्रुप ने आज यह भी दावा किया है कि उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत है और उन्हें बाहर से कर्ज जुटाने की जरूरत नहीं है। इससे भी निवेशकों का हौसला बढ़ा है।

    वैश्विक बाजारों से मजबूत संकेत

    भारतीय शेयर बाजार को मजबूत वैश्विक रूख से भी सपोर्ट मिला है। आज ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.17 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.44 फीसदी तक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। चीन और हांगकांग के बाजारों में गिरावट दिख रही है, जो भारतीय बाजार के लिए निवेश के लिहाज से सकारात्मक बात है। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी हरे निशान में बंद हुए थे।

    यह भी पढ़ें : बार-बार रिजेक्ट हो रहा लोन एप्लीकेशन? जानिए आवेदन से पहले किन बातों का ध्यान रखना है जरूरी