SoftBank ने बेचे मीशो के ₹1885 करोड़ के शेयर, खरीदने के लिए टूटे दिग्गज निवेशक; लिस्ट में मॉर्गन स्टेनली-HDFC शामिल
जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप ने मीशो में अपनी 1.65 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,885 करोड़ रुपये में बेच दी है, जिससे भारतीय ...और पढ़ें

सॉफ्टबैंक ने बेचे मीशो के शेयर
HighLights
सॉफ्टबैंक ने मीशो में 1.65% हिस्सेदारी 1,885 करोड़ रुपये में बेची
सोसिएट जेनरल सबसे बड़ा खरीदार, कई निवेशकों ने शेयर खरीदे
यह सॉफ्टबैंक की भारतीय पोर्टफोलियो से पूंजी निकालने की रणनीति
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। जापान के इंवेस्टर सॉफ्टबैंक ग्रुप ने मीशो (Meesho) में 1.65 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है, जिसकी वैल्यू 1,885 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही, भारतीय ई-कॉमर्स सेक्टर में सॉफ्टबैंक का निवेश और कम हो गया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के ब्लॉक डील डेटा के अनुसार, इस नई डील में सॉफ्टबैंक की सहयोगी कंपनी 'SVF II मीरकट (DE) LLC' ने बेंगलुरु स्थित मीशो के 7.64 करोड़ शेयर बेचे हैं।
मीशो के शेयरों की बिक्री शुक्रवार को 246.75 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर हुई, जिससे कुल डील की वैल्यू 1,885.17 करोड़ रुपये बनती है। शुक्रवार को NSE पर मीशो का शेयर 1.53 प्रतिशत बढ़कर 257.99 रुपये पर बंद हुआ।
किस-किसने खरीदे शेयर?
इस डील के बाद मीशो में सॉफ्टबैंक की सहयोगी कंपनी की हिस्सेदारी 6.84 प्रतिशत से घटकर 5.19 प्रतिशत रह गई है। इस हिस्सेदारी को खरीदने में कई घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई, जिनमें 'सोसिएट जेनरल' (SocGen) सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा।
पेरिस की फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी 'सोसिएट जेनरल' ने 364.65 करोड़ रुपये में 1.47 करोड़ से अधिक शेयर (यानी 0.32 प्रतिशत हिस्सेदारी) खरीदे। घरेलू संस्थागत खरीदारों में मोतीलाल ओसवाल, HDFC, एडलवाइस और आदित्य बिड़ला सन लाइफ द्वारा प्रबंधित म्यूचुअल फंड और बजाज लाइफ इंश्योरेंस शामिल रहे।
विदेशी निवेशकों में कौन-कौन रहा शामिल?
विदेशी निवेशकों में मॉर्गन स्टेनली, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, BNP पारिबा, गोल्डमैन सैक्स, घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, विलियम ब्लेयर इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट और टेक्सास म्युनिसिपल रिटायरमेंट सिस्टम शामिल रहे। सिंगापुर सरकार, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर और नॉर्वे के सॉवरेन वेल्थ फंड 'गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल' ने भी इस डील में हिस्सा लिया।
कई कंपनियों में घटाई हिस्सेदारी
यह ताजा डील सॉफ्टबैंक द्वारा अपनी भारतीय पोर्टफोलियो कंपनियों (खासकर ई-कॉमर्स और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी सेक्टर) में की गई हिस्सेदारी बिक्री का हिस्सा है। इससे पहले इस महीने, इस इसने आईवियर रिटेलर 'लेंसकार्ट सॉल्यूशंस' (Lenskart Solutions) में 1.56 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,896 करोड़ रुपये में बेची थी।
उससे पहले, सितंबर में, इसने मीशो (Meesho) में 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,650 करोड़ रुपये में बेची थी। सॉफ्टबैंक ने अगस्त में लेंसकार्ट (Lenskart) में लगभग 2.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,888 करोड़ रुपये में, और जून में 3.25 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,873 करोड़ रुपये में बेची थी।
जनवरी में, इस टेक्नोलॉजी इन्वेस्टर ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Ola Electric Mobility) में अपनी हिस्सेदारी 2.15 प्रतिशत कम कर दी। यह प्रोसेस भारत में अपने पोर्टफोलियो से कैपिटल निकालने की इसकी प्लानिंग का हिस्सा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।