कच्चे तेल पर SBI की बड़ी भविष्यवाणी, 70 डॉलर प्रति बैरल तक आएगी कीमत; रेपो रेट पर कही यह बात
एसबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 2027 तक कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल तक गिर सकती हैं, जिसके ...और पढ़ें

2027 तक कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल संभव।
HighLights
2027 तक कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल संभव।
रेपो रेट में दिसंबर में 25 आधार अंक की वृद्धि अपेक्षित।
फरवरी में केंद्रीय बजट के बाद रेपो रेट में वृद्धि नहीं।
एजेंसी, नई दिल्ली। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2027 में कच्चे तेल की कीमतें कम होकर लगभग 70 डालर प्रति बैरल तक आ सकती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिसमें अमेरिका-ईरान संघर्ष के ठंडा पड़ने, पश्चिम एशिया से कच्चे तेल के निर्यात में वृद्धि और वैश्विक तेल बाजारों पर दबाव कम होना शामिल है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके एलटीएसएम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 10 दिनों में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में नरमी आ सकती है और औसत कीमत लगभग 87 डालर प्रति बैरल रह सकती है।
एलटीएसएम के एक डीप लर्निंग तकनीक है, जिसका उपयोग पुराने और क्रमबद्ध डेटा के आधार पर भविष्य की घटनाओं या आंकड़ों का सटीक अनुमान लगाने के लिए किया जाता है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बाहरी माहौल में सुधार उन कारकों में से एक है, जिसके आधार पर एसबीआई ने RBI की आगामी मौद्रिक नीति के फैसले का आकलन किया है।
नई सीरीज में पहली बार भारत का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआइ)आधारित मुद्रास्फीति (महंगाई दर) 6% के स्तर को पार कर गई। अक्टूबर 2026 में यह 6.09% पर पहुंच गई, जो RBI की ऊपरी सहनशीलता सीमा से अधिक है। एसबीआई का अनुमान है कि अगले महीने भी महंगाई दर 6% से ऊपर बनी रहेगी। हालांकि, उसके बाद इसमें कमी आनी शुरू होगी।
रेपो रेट में बदलाव की संभावना कम
बैंक का मानना है कि बाहरी स्थितियों में सुधार, विनिमय दर में स्थिरता और पूंजी प्रवाह में तेजी के चलते रेपो रेट में बहुत बड़े बदलाव की संभावना कम हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है, हमारा मानना है कि अब संभावना इस बात की अधिक है कि दिसंबर में ब्याज दरों में 25 आधार अंक की वृद्धि होगी न कि 50 आधार अंक की बड़ी बढ़ोतरी। बैंक का यह भी मानना है कि फरवरी में रेपो रेट में एक और वृद्धि करना उचित नहीं होगा, क्योंकि RBI की बैठक से पहले केंद्रीय बजट आ चुका होगा।
रिपोर्ट के अनुसार रुपये में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने के लिए RBI के प्रयासों का सकारात्मक असर दिखा है और दो दिन पहले भारतीय मुद्रा 94 रुपये प्रति डालर के स्तर से नीचे आ गई थी। हालांकि, उसके बाद इसमें फिर से कुछ तेजी आई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि छह नवंबर से अब तक 7.65 अरब डालर का विदेशी निवेश आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।