SBI ग्राहकों के लिए अलर्ट! डेटा लीक के बाद बैंक ने आपके पैसे की सिक्योरिटी पर दिया बड़ा अपडेट
SBI Data leak: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने 3,897 ग्राहकों के डेटा लीक होने की पुष्टि के बाद उन्हें ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए सूचित करना शुरू कर दिया है।

SBI Data leak: ग्राहकों के लिए अलर्ट!
HighLights
3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक हुआ।
बैंक ने ईमेल और व्हाट्सएप से ग्राहकों को सूचित किया।
एसबीआई ने ग्राहकों के फंड को सुरक्षित बताया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI के ग्राहकों के डेटा लीक होने की आशंका ने साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, बैंक ने साफ किया है कि ग्राहकों के खाते में जमा पैसा सुरक्षित है। अब बैंक ने प्रभावित ग्राहकों को ईमेल और WhatsApp के जरिए व्यक्तिगत रूप से सूचना देना शुरू कर दिया है। बैंक ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की सलाह भी दी है।
3,897 ग्राहकों का डेटा आया जांच के दायरे में
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के मुताबिक, डार्क वेब पर अपलब्ध करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की शुरुआती जांच में 3897 ऐसे रिकॉर्ड मिले, जिनमें ग्राहकों की पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल थी। बैंक ने डेटा के संभावित लीक की जांच के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद ली है।
बैंक ने जारी किया बयान
SBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी एक बयान में कहा, हाल ही में हुई साइबर घटना के संबंध में हमारी पिछली पोस्ट के बाद, बैंक ने उन सभी ग्राहकों को ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अलग से सूचित कर दिया है, जिनका डेटा इस घटना से प्रभावित हुआ है ।"
साथ ही कहा, हम फिर से स्पष्ट करते हैं कि आपके खाते की शेष राशि और फंड हसारे पास सुरक्षित हैं।" बैंक ने ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग तौर-तरीके अपनाने, अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड कभी किसी के साथ साझा न करने ओर संदिग्ध कॉल, मैसेज व ईमेल को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
https://t.co/lrIZtM5nnQ
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) October 23, 2026
यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब इस हफ्ते की शुरुआत में भारत के सबसे बडे बेंक ने स्पष्ट किया कि उसके यहां डेटा लीक हुआ है, जिसमें 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर पब्लिश हो गया है।
हफ्ते की शुरुआत में, बैंक ने बताया कि उसे अपने 'थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर, 'डिफेंस साइबर एजेंसी' और 'सीईआरटी-इन' से ग्राहकों के डेटा के संभावित रूप से लीक होने के संबंध में एक अलर्ट मिला है।
कौन-कौन सी जानकारी लीक होने की आशंका?
जांच में सामने आए रिकॉर्ड में ग्राहकों से जुड़ी कई तरह की निजी जानकारियां शामिल होने की बात कही गई है। इनमें शामिल हैं:
- ग्राहकों के नाम और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर
- जन्मतिथि और ईमेल आईडी
- घर का पता और जेंडर से जुड़ी जानकारी
- बैंक शाखा और कस्टमर आईडी (CIF) से संबंधित विवरण
- लोन और लीड रिकॉर्ड से जुड़ी कुछ जानकारियां
आपका पैसा सुरक्षित है या नहीं?
SBI ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनके खाते में जमा रकम सुरक्षित है। बैंक के मुताबिक, इस घटना का उसके मुख्य बैंकिंग परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की निरंतरता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
