बचपन में जरूर खाई होगी सतमोला! इस घोड़े वाले ने चांदनी चौक से की थी शुरुआत; एक आइडिया से हाजमोला को दी टक्कर
सतमोला ब्रांड की शुरुआत 1940 के दशक में शिव शंकर मित्तल ने की थी, जिसे बाद में अनिल कुमार मित्तल ...और पढ़ें

सतमोला की रोचक कहानी
HighLights
शिव शंकर मित्तल ने 1940 के दशक में सतमोला की नींव रखी
अनिल मित्तल ने छोटे दुकानदारों को अधिक मार्जिन देकर विस्तार किया
सतमोला ने हाजमोला को 'वैल्यू फॉर मनी' से चुनौती दी
बिजनेस डेस्क, मुंबई। आपने हाजमोला तो जरूर खाई होगी। हाजमोला डाबर का प्रोडक्ट है। पाचन गोलियों के मामले में एक लंबे समय तक मार्केट में हाजमोला का दबदबा रहा। पर इसे टक्कर देने आई सतमोला। आप सतमोला (Satmola History) के बारे में जानते हैं? यहां हम आपको बताएंगे कि इस पाचन गोली ब्रांड की शुरुआत किसने और कब की।
कब हुई थी शुरुआत?
सतमोला की नींव असल में 1940 के दशक में रखी गई थी। शिव शंकर मित्तल (जिन्हें 'शिव शंकर घोड़ेवाला' के नाम से भी जाना जाता है) ने पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक (किनारी बाजार) से चूर्ण और आयुर्वेदिक पाचन गोलियों का काम शुरू किया था। उनका ट्रेडमार्क 'सतमोला' आधिकारिक तौर पर 20 अप्रैल 1983 को पंजीकृत (Register) हुआ था।
ब्रांड को एक प्रमुख FMCG निर्माता के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से, अनिल कुमार मित्तल के नेतृत्व में मूल कंपनी का औपचारिक रूप से पुनर्गठन किया गया और 18 फरवरी, 1997 को इसे 'SSG फार्मा प्राइवेट लिमिटेड' के रूप में निगमित (इनकॉर्पोरेट) किया गया।
बेटे ने किया ब्रांड का विस्तार
सतमोला ब्रांड और पारिवारिक बिजनेस को आगे बढ़ाने का श्रेय शिव शंकर के पुत्र अनिल कुमार मित्तल (चेयरमैन एवं एमडी, सतमोला ग्रुप) को जाता है। उन्होंने इसे छोटे स्तर से आगे बढ़ाकर एक बड़े फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) ब्रांड के रूप में स्थापित किया और SSG Pharma (P) Ltd की शुरुआत की।
हाजमोला को कैसे टक्कर दी?
आज एसएसजी फार्मा प्राइवेट लिमिटेड साहिबाद (गाजियाबाद) समेत कई जगहों पर अपने पाचन चूर्ण, गोलियों, नमकीन और अन्य उत्पादों का निर्माण करती है। सतमोला ने डाबर के दिग्गज ब्रांड हाजमोला को महंगे टीवी विज्ञापनों के बजाय स्मार्ट डिस्ट्रीब्यूशन, अधिक रिटेलर मार्जिन और 'ज्यादा मात्रा' (Value for Money) की रणनीति से कड़ी टक्कर दी।
इसे केवल मेडिकल स्टोर तक सीमित न रखकर किराने की दुकानों और आम रिटेल स्टोर्स पर आसानी से उपलब्ध कराया गया, जिससे लोगों के लिए इसे खरीदना बहुत सुविधाजनक हो गया। जहाँ हाजमोला बाजार के बड़े हिस्से पर काबिज था, वहीं सतमोला ने जमीनी स्तर के दुकानदारों को अपने साथ जोड़कर ₹200 करोड़ से अधिक का कारोबार खड़ा किया।
शुरुआत में आई ये चुनौतियां
शुरुआत में बड़े थोक विक्रेताओं ने हाजमोला के दबदबे के कारण अनिल को सतमोला रखने से ही मना कर दिया। इसके जवाब में अनिल ने सीधे छोटे दुकानदारों, पान वालों और ढाबों से संपर्क किया। सतमोला ने सप्लाई चेन से बिचौलियों को कम करके छोटे दुकानदारों को हाजमोला के मुकाबले कहीं ज्यादा मार्जिन दिया।
ज्यादा मुनाफे के लालच में पान वाले और किराना दुकानदार ग्राहक के मांगने पर खुद आगे बढ़कर हाजमोला की जगह सतमोला थमाने लगे। एक और खास बात कि ₹1 के छोटे पाउच में जहाँ हाजमोला की 4 गोलियां आती थीं, वहीं सतमोला ने उसी ₹1 की कीमत में 7 गोलियां देना शुरू किया।
आज क्या-क्या बेचती है कंपनी?
पाचन कैंडी के क्षेत्र में दशकों की सफलता के बाद, SSG फार्मा ने मई 2010 के आसपास 'सतमौला' ब्रांड का विस्तार करते हुए नमकीन और स्नैक्स के बाजार में कदम रखा। आज ये मिठाई, नमकीन के अलावा माउथ फ्रेशनर्स भी बेचती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।