सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होम और कार लोन वालों की धड़कनें तेज! 2-4 दिसंबर की बैठक में रेपो रेट बढ़ा सकता है RBI

By Jagran BusinessEdited By: Gyanendra Tiwari
Published: Sun, 29 Nov 2026 07:31 PM (IST)

विशेषज्ञों के एक सर्वेक्षण के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक दिसंबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर में कम से कम 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकता है।

दिसंबर में आरबीआई रेपो दर में 0.25% बढ़ोतरी संभव।

दिसंबर में आरबीआई रेपो दर में 0.25% बढ़ोतरी संभव।

HighLights

  1. दिसंबर में आरबीआई रेपो दर में 0.25% बढ़ोतरी संभव।

  2. महंगाई नियंत्रण और मूल्य उम्मीदों पर असर रोकने का लक्ष्य।

  3. मौद्रिक नीति समिति की बैठक 2 से 4 दिसंबर को।

एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI Repo Rate) दिसंबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में प्रमुख नीतिगत दर रेपो में कम से कम 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकता है। विशेषज्ञों के एक सर्वेक्षण में यह अनुमान जताया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, महंगाई का दबाव बढ़ने के बीच केंद्रीय बैंक यह कदम उठा सकता है।

पीटीआई द्वारा 17 अर्थशास्त्रियों, कोष प्रमुखों और कोष प्रबंधकों के बीच किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, रेपो दर बढ़ाने का मकसद महंगाई के दबाव को कम करना और इसका असर व्यापक कीमतों की उम्मीदों पर पड़ने से रोकना है।

कब होगी बैठक?

आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) नीतिगत ब्याज दर पर फैसला करने के लिए दो से चार दिसंबर तक बैठक करेगी। इस शुक्रवार को मौद्रिक नीति की घोषणा की जाएगी। यदि रेपो दर बढ़ाई जाती है, तो यह लगातार दूसरी बढ़ोतरी होगी। इससे पहले अक्टूबर में रेपो दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर 5.75 प्रतिशत की गई थी।

अक्टूबर में की गई बढ़ोतरी करीब चार साल में पहली थी। इससे बढ़ती महंगाई, रुपये में गिरावट और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच मौद्रिक नीति को और सख्त किए जाने की संभावना का संकेत मिला था।

रेटिंग एजेंसी इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई अगले कुछ महीनों तक आरबीआई की छह प्रतिशत की ऊपरी सहनशीलता सीमा से ऊपर रहने की संभावना है। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर पिछली तिमाही के मुकाबले थोड़ी कम रह सकती है।

0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी लगभग तय

ऐसे में दिसंबर में रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी लगभग तय लगती है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की मुख्य अर्थशास्त्री गौरा सेनगुप्ता ने कहा कि रेपो दर में बढ़ोतरी से महंगाई के दूसरे दौर के प्रभाव को सीमित करने में मदद मिलेगी।

इससे परिवारों और कंपनियों की महंगाई संबंधी उम्मीदों को नियंत्रित रखा जा सकेगा। हालांकि, देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अर्थशास्त्रियों ने रविवार को 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के अपने अनुमान को बदलकर 0.50 प्रतिशत कर दिया।

इस तरह वे विदेशी ब्रोकरेज कंपनी नोमुरा के अनुमान के करीब आ गए हैं, जो केंद्रीय बैंक से अधिक बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद कर रही है। एसबीआई के अर्थशास्त्रियों का मानना है कि रेपो दर में 0.50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी मौजूदा ब्याज दर वृद्धि चक्र की आखिरी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरबीआई अपने नीतिगत रुख में बदलाव करते हुए सुनियोजित सख्ती की नीति जारी रख सकता है।

सर्वेक्षण में शामिल अधिकतर विशेषज्ञों का मानना है कि आरबीआई दिसंबर में भी ‘सुनियोजित सख्ती’ का रुख बनाए रखेगा, जबकि दो प्रतिभागियों ने नीतिगत रुख को ‘तटस्थ’ किए जाने की संभावना जताई।

क्रिसिल की प्रधान अर्थशास्त्री दीप्ति देशपांडे ने कहा, "महंगाई का ऊंचा स्तर सख्त रुख अपनाने का आधार देता है, इसलिए मौद्रिक नीति का रुख ‘सुनियोजित सख्ती’ वाला ही रहने की संभावना है।"

सर्वेक्षण में शामिल सभी विशेषज्ञों को उम्मीद है कि दिसंबर की मौद्रिक नीति घोषणा में आरबीआई सख्त रुख बनाए रखेगा। महंगाई के परिदृश्य पर विशेषज्ञों का मानना है कि आरबीआई अपने अनुमान में मामूली बढ़ोतरी कर सकता है।

यह भी पढ़ें- 1 दिसंबर से होंगे बड़े बदलाव: क्रेडिट कार्ड से लेकर NPS और कमोडिटी ट्रेडिंग तक, जानें क्या-क्या बदलेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।