1 दिसंबर से होंगे बड़े बदलाव: क्रेडिट कार्ड से लेकर NPS और कमोडिटी ट्रेडिंग तक, जानें क्या-क्या बदलेगा
दिसंबर 1 से क्रेडिट कार्ड, एनपीएस और कमोडिटी ट्रेडिंग सहित कई वित्तीय नियमों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। इन परिवर्तनों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा, जिसमें बैंकों के शुल्क और निवेश योजनाएं प्रभावित होंगी।

क्रेडिट कार्ड शुल्क और नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव लागू होंगे।
HighLights
क्रेडिट कार्ड शुल्क और नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव लागू होंगे।
एनपीएस योजनाओं के वर्गीकरण और प्रस्तुति में संशोधन होगा।
कमोडिटी डेरिवेटिव्स के मार्जिन नियमों में भी परिवर्तन आएगा।
नई दिल्ली। दिसंबर का महीना शुरू होने में 48 घंटे से कम का समय शेष रह गया है। इसके साथ क्रेडिट कार्ड, NPS, कमोडिटी ट्रेडिंग समेत कई नियमों में बड़ा बदलाव होने वाला है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।
किन बैंकों के क्रेडिट होगा बदलाव
एसबीआई कार्ड के यूजर्स को एक दिसंबर से ट्रांसपोर्टेशन, पेट्रोल पंप पर ईंधन के हाई-वैल्यू यानी 30,000 रुपए से अधिक के लेनदेन पर एक प्रतिशत की फीस देनी होगी।
अगर एक बिलिंग साइकिल में ईंधन और ट्रांसपोर्टेशन पर खर्च 50,000 रुपए से अधिक होता है, तो एक प्रतिशत की अधिक फीस यूजर्स से चार्ज की जाएगी।
एचडीएफसी बैंक बिजब्लैक मेटल क्रेडिट कार्ड धारकों को अब एक्सेलरेटेड रिवॉर्ड पाने के लिए प्रति स्टेटमेंट चक्र न्यूनतम 50,000 रुपए की खुदरा खरीदारी करनी होगी। बैंक ने वाउचर के लिए तिमाही खर्च की सीमा को भी 5 लाख रुपए से घटाकर 4 लाख रुपए कर दिया है। ये संशोधित बदलाव 21 दिसंबर, 2026 से प्रभावी हैं।
वहीं, आईसीआईसीआई बैंक एक दिसंबर से बचत खाता ग्राहकों को प्रति माह तीन निःशुल्क नकद जमा और तीन निःशुल्क नकद निकासी की सुविधा मिलती रहेगी। लेकिन अगर जमा और निकासी के लिए तय 1 लाख रुपए प्रति माह की मुफ्त सीमा पार हो जाती है, तो लागू होने वाला शुल्क 4 रुपए प्रति 1,000 रुपए के ट्रांजैक्शन पर हो जाएगा, या फिर 150 रुपए - इनमें से जो भी अधिक हो, वह लिया जाएगा। पहले यह 3.50 रुपए प्रति 1,000 रुपए के ट्रांजैक्शन पर था।
आईसीआईसीआई बैंक ने कुछ चुनिंदा डेबिट और क्रेडिट कार्डों पर मिलने वाले मुफ्त आईनॉक्स बेनिफिट्स को भी 15 दिसंबर 2026 से बंद कर दिया है।
इसके अलावा, आईसीआईसीआई बैंक 11 दिसंबर, 2026 से क्रेडिट कार्ड रिप्लेसमेंट फीस को 200 रुपए + गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) से बढ़ाकर 300 रुपए + जीएसटी करने जा रहा है। इसके अलावा, बैंक 11 दिसंबर, 2026 से 'प्रायोरिटी पास' क्रेडिट कार्ड के लिए भी रिप्लेसमेंट फीस लागू करने वाला है। साथ ही, आईसीआईसीआई बैंक 15 दिसंबर, 2026 से कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्डों के साथ मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री (मुफ्त) इंश्योरेंस लाभों को बंद करने जा रहा है।
NPS से जुड़ी योजनाओं में क्या बदलाव होगा?
एक दिसंबर से एनपीएस से जुड़ी स्कीमों में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) ने नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के तहत योजनाओं के वर्गीकरण और प्रस्तुति के अपने ढांचे में संशोधन किया है।
इन बदलावों से यह स्पष्ट होता है कि 'मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क' (एमएसएफ) योजनाओं यानी पेंशन फंड योजनाओं का नाम कैसे रखा जाना चाहिए और उन्हें उन वेबसाइटों व प्लेटफॉर्मों पर कैसे प्रदर्शित किया जाना चाहिए, जिनका उपयोग सब्सक्राइबर्स एनपीएस खाता खोलने के लिए करते हैं।
कमोडिटी डेरिवेटिव्स में क्या बदलाव होगा?
कमोडिटी डेरिवेटिव्स के मार्जिन में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सेबी के एक सर्कुलर के अनुसार, संशोधित ढांचे के तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम शुरुआती मार्जिन 6 प्रतिशत तय किया गया है, जबकि मध्यम और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए यह क्रमशः 8 प्रतिशत और 10 प्रतिशत होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।