सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Home Loan वालों को लगेगा झटका! दिसंबर में RBI 0.25% बढ़ा सकता है Repo Rate, एक्सपर्ट्स ने लगाया अनुमान

By Jagran BusinessEdited By: Gyanendra Tiwari
Published: Wed, 25 Nov 2026 08:56 PM (IST)

भारतीय रिजर्व बैंक दिसंबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि कर सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू महंगाई और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण यह बढ़ोतरी व्यावहारिक होगी, हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से कुछ राहत मिली है।

आरबीआई दिसंबर में नीतिगत दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाने का अनुमान।

आरबीआई दिसंबर में नीतिगत दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाने का अनुमान।

HighLights

  1. आरबीआई दिसंबर में नीतिगत दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाने का अनुमान।

  2. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई के मोर्चे पर राहत।

  3. खाद्य महंगाई और मानसून से जुड़े प्रभावों का जोखिम अब भी।

एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक दिसंबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि कर सकता है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई के मोर्चे पर कुछ राहत मिली है।

एक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह बात कही। हालांकि, बड़ौदा बीएनपी पारिबा म्यूचुअल फंड के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खाद्य महंगाई और मानसून से जुड़े प्रभावों का जोखिम अब भी बना हुआ है।

क्या बोले एक्सपर्ट?

फंड हाउस में मुख्य निवेश अधिकारी (फिक्स्ड इंकम) प्रशांत पिंपले ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में प्रमुख नीतिगत दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी अधिक व्यावहारिक होगी।

इससे केंद्रीय बैंक को घरेलू महंगाई के दबाव और बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रभाव का आकलन करने का समय मिलेगा।

उन्होंने कहा, ''पिछले कुछ दिनों में खासकर अमेरिका के मध्यावधि चुनाव के बाद स्थितियों में थोड़ा बदलाव आया है। बातचीत शुरू होने से वैश्विक तनाव कुछ कम हुआ है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है।''

पिंपले ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए मेरा मानना है कि ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछली मौद्रिक नीति समीक्षा में भी आरबीआई ने अपना रुख बदलकर चरणबद्ध सख्ती का संकेत दिया था। इसलिए धीरे-धीरे कदम उठाना अधिक उचित होगा।''

4 दिसंबर से होगी मौद्रिक नीति समिति की बैठक

आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक दो से चार दिसंबर के बीच होनी है। इसमें नीतिगत ब्याज दर पर फैसला किया जाएगा। केंद्रीय बैंक ने अक्टूबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। करीब चार साल में यह पहली बार था जब आरबीआई ने ब्याज दरें बढ़ाई थीं। उस समय केंद्रीय बैंक ने बढ़ती महंगाई, रुपये में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच आगे भी दरें बढ़ाने के संकेत दिए थे।

आरबीआई ने पिछली मौद्रिक नीति समीक्षा में अपना रुख तटस्थ से बदलकर चरणबद्ध सख्ती वाला कर दिया था। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी स्पष्ट किया था कि फिलहाल ब्याज दरों में कटौती की संभावना नहीं है। पिंपले ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद मौद्रिक नीति में आक्रामक सख्ती की उम्मीदें कम हुई हैं।

कच्चे तेल की कीमतें अब 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई हैं, जबकि पहले ये 115-118 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर थीं। इससे पहले कुछ विशेषज्ञों ने ब्याज दर में 0.25 से 0.50 प्रतिशत तक की वृद्धि का अनुमान जताया था। उनका अनुमान था कि अगली कुछ मौद्रिक नीति समीक्षाओं में कुल मिलाकर 0.75 से एक प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

हालांकि, पिंपले ने कहा कि घरेलू महंगाई अब भी चिंता का विषय है। मानसून की कमी और आपूर्ति से जुड़ी अन्य बाधाओं के कारण खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- कभी बाजार पर था राज, आज बर्बाद! JP Associates से अनिल अंबानी की RHFL तक, 21वीं सदी में डूबीं ये 5 बड़ी कंपनियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।