Paytm की बल्ले-बल्ले! वॉलेट सर्विस पर RBI की मुहर लगते ही शेयरों में तेजी का तूफान, NSE पर टच किया ऑल टाइम हाई
पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 Communications की सहायक कंपनी PPSL को RBI से वॉलेट सर्विस शुरू करने की सैद्धांतिक ...और पढ़ें

RBI ने पेटीएम की वॉलेट सर्विस को सैद्धांतिक मंजूरी दी।
HighLights
RBI ने पेटीएम की वॉलेट सर्विस को सैद्धांतिक मंजूरी दी।
मंजूरी मिलते ही पेटीएम के शेयरों में भारी तेजी दर्ज।
शेयरों ने ₹1,960 का नया 52-वीक हाई बनाया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत की दिग्गज फिनटेक कंपनी पेटीएम को भारतीय रिजर्व बैंक से वॉलेट सर्विस शुरू करने की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस खबर के आते ही आज यानी शुक्रवार को पेटीएम के शेयरों में तूफानी तेजी देखी गई, जिसके चलते इसने आज अपना नया 52 वीक का हाई बना दिया।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 Communications की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Paytm Payments Services Ltd (PPSL) को प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) जारी करने और उनका संचालन करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसमें प्रीपेड वॉलेट जैसी सेवाएं भी शामिल हैं।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि RBI की यह मंजूरी कुछ शर्तों के साथ मिली है। कंपनी को 27 अगस्त 2021 को जारी प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट से जुड़े RBI के मास्टर निर्देशों और समय-समय पर उनमें होने वाले बदलावों का पालन करना होगा।
RBI की मंजूरी मिलते ही शेयरों ने बनाया 52 वीक का नया हाई
एक तरफ पेटीएम को RBI से वॉलेट सर्विस शुरू करने की मंजूरी मिली, तो दूसरी ओर शुक्रवार को इसके शेयरों में तेजी देखी गई। शुक्रवार को इसके शेयरों ने ₹1,960 के स्तर को टच किया, जो इसका अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है। शुक्रवार को पेटीएम के शेयर NSE पर 1,920 रुपये के स्तर पर खुले और 1,960 रुपये के उच्चतम स्तर तक गए और यह 1,939.90 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
18 नवंबर 2026 को जब इसके शेयर NSE पर ₹1,950 और BSE पर ₹1,955 पर लिस्ट हुए थे। लिस्टिंग के दिन यह NSE पर ₹1,955 (और BSE पर ₹1,961.05) के उच्च स्तर तक पहुंचा, लेकिन उसके बाद इसमें भारी गिरावट आई। और अब NSE पर इसने NSE पर ऑल टाइम हाई ₹1,960 के स्तर को टच किया।
अभी शुरू नहीं होगी पेटीएम वॉलेट सर्विस
RBI से मिली इस सैद्धांतिक मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि पेटीएम तुरंत अपनी वॉलेट सर्विस शुरू कर सकती है। इसके लिए कंपनी को केंद्रीय बैंक से अंतिम मंजूरी यानी Certificate of Authorisation (CoA) लेना होगा।
One 97 Communications ने बताया कि PPSL ने वॉलेट लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। कंपनी ने अपने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजों के दौरान भी इस आवेदन की जानकारी दी थी।
अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही कंपनी ग्राहकों को प्रीपेड वॉलेट समेत अन्य PPI सेवाएं उपलब्ध करा सकेगी।
RBI ने Paytm Payments Bank का लाइसेंस क्यों रद किया था?
पेटीएम के लिए यह मंजूरी इसलिए भी अहम है, क्योंकि RBI ने 24 अप्रैल 2026 को Paytm Payments Bank Ltd (PPBL) का बैंकिंग लाइसेंस रद कर दिया था। केंद्रीय बैंक ने बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949 की धारा 22(4) के तहत यह कार्रवाई की थी।
RBI ने उसी दिन कारोबार खत्म होने के बाद से Paytm Payments Bank को बैंकिंग गतिविधियां करने से रोक दिया था। साथ ही बैंक को बंद करने के लिए हाई कोर्ट में आवेदन करने की बात भी कही थी।
यह भी पढ़ें- अनिल अंबानी की Reliance Power ने जारी किए तिमाही नतीजे, मुनाफे में 65% की भारी गिरावट; शेयर की कीमत ₹20 से कम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।