Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पाकिस्तान के पास कितना कच्चा तेल, क्या ट्रंप की बात होगी सच; भारत को PAK बेच पाएगा क्रूड ऑयल? समझिए पूरी कहानी

    Updated: Thu, 31 Jul 2025 12:16 PM (IST)

    रूस के साथ तेल और रक्षा उपकरणों के आयात को लेकर अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ और जुर्माना लगाया। इसके कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ एनर्जी डील की घोषणा की जिसके तहत अमेरिका पाकिस्तान के तेल भंडार (Pakistan Oil Reserves News) को विकसित करेगा। इसकी घोषणा करते हुए ट्रंप ने यह भी कहा कि शायद एक दिन पाकिस्तान भारत को तेल बेच पाए।

    Hero Image
    पाकिस्तान के पास कितना कच्चा तेल, क्या ट्रंप की बात होगी सच

    नई दिल्ली। बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक तरफ भारत पर 25 फीसदी का टैरिफ लगाया तो दूसरी ओर पाकिस्तान से डील की। ये डील तेल को लेकर हुई। इस डील की घोषणा करते हुए ट्रंप ने कहा कि शायद पाकिस्तान आगे चलकर भारत को तेल बेचे। अब ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या ट्रंप की बात सच हो सकती है? क्या पाकिस्तान के पास इतना तेल (Pakistan Oil Reserves News) हो जाएगा कि वह हिंदुस्तान को बेच पाए? आइए इसे समझने की कोशिश करते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ की एनर्जी डील पर क्या कहा?

    आगे बढ़ें इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ हुई डील पर क्या कहा। दरअसल, अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान उस तेल कंपनी को चुनने की प्रक्रिया में हैं जो इस साझेदारी का नेतृत्व करेगी, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान के तेल संसाधनों का विकास करना है।

    इस समझौते को फ्यूचर ओरिएंटेड एनर्जी पार्टनरशिप के रूप में प्रस्तुत करते हुए लिखा, "कौन जाने, शायद वे (पाकिस्तान) किसी दिन भारत को तेल बेचें!"

    पाकिस्तान के पास कितना है तेल का भंडार?

    अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन और वर्ल्डोमीटर के आंकड़ों के अनुसार 2016 तक पाकिस्तान के पास 353.5 मिलियन बैरल तेल भंडार (Pakistan Oil Reserves) था। यह आंकड़ा इस मामले में उसे वैश्विक स्तार पर 52वें नंबर पर रखता है। पाकिस्तान के पास पूरी दुनिया का केवल 0.021% ही तेल भंडार है।

    पाकिस्तान में कितनी है तेल की खपत?

    पाकिस्तान की एक दिन की तेल खपत 556,000 बैरल है। पाकिस्तान के पास जितना तेल भंडार है, वह उससे अपनी जरूरतें भी नहीं पूरी कर सकता। बिना आयात किए वह घरेलू मांग को शायद ही पूरा कर पाए।

    पाकिस्तान कितना करता है तेल का उत्पादन?

    पाकिस्तान में दैनिक तेल उत्पादन लगभग 88,262 बैरल (Pakistan Oil Production) है, जो राष्ट्रीय खपत से बहुत कम है। पाकिस्तान को अपनी घरेलू खपत को पूरा करने के लिए दूसरे देशों से लगभग 85% तेल आयात करना पड़ता है।

    पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होगा तेल भंडारण करना?

    अमेरिका और पाकिस्तान ने भले ही एनर्जी डील कर ली है। और इस डील के अनुसार वाशिंगटन, इस्लामाबाद में ऑयल रिजर्व पर काम करेगा और पाकिस्तान के तेल भंडारण को गति देगा। लेकिन यह इतना आसान भी नहीं होने वाला है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि ऑफशोर साइटों की पुष्टि और विकास शुरू करने में ही 5 अरब डॉलर और लगभग 4 से 5 साल तक का समय लग सकता है।

    बुनियादी ढांचे - पाइपलाइन, रिफाइनरियां, बंदरगाह के लिए और भी अधिक पूंजी की आवश्यकता होगी। और पाकिस्तान इस समय बाहरी कर्ज के तले दबा हुआ है। उसके पास 126 अरब डॉलर बाहरी कर्ज की देनदारी है।

    क्या सच में भारत को तेल बेच पाएगा पाकिस्तान?

    ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ डील की घोषणा करते हुए कहा कि शायद पाकिस्तान किसी दिन भारत को तेल की आपूर्ति कर सकता है। लेकिन यह इतना आसान नहीं होगा। पाकिस्तान तेल भंडारण के लिए उपयुक्त ढांचा बनाने में शायद ही भारी निवेश करे। इसके साथ उसके यहां राजनीतिक और रसद संबंधी बाधाएं भी हैं।

    भारत पहले से ही मध्य पूर्व और रूस से बड़े पैमाने पर तेल की खरीदारी करता है। अगर पाकिस्तान, अमेरिका के साथ मिलकर तेल भंडारण को बढ़ा भी लेता है तो उसे भारत को तेल बेचने के लिए राजनीतिक संबंध सुधारने होंगे।