Nvidia संकट से अंबानी-अदाणी की चमकेगी किस्मत? भारत बन सकता है AI का नया ग्लोबल हब! ₹18 लाख करोड़ का है 'गेम'
Nvidia विवाद और अमेरिकी प्रतिबंधों से भारतीय कंपनियों के लिए AI इंफ्रास्ट्रक्चर में 200 अरब डॉलर से अधिक निवेश का बड़ा अवसर खुला है। रिलायंस, अदाणी और टाटा जैसे समूह इस मौके का लाभ उठा रहे हैं, हालांकि उन्हें अमेरिकी तकनीकी पाबंदियों का सख्ती से पालन करना होगा।

भारत बन सकता है AI का नया ग्लोबल हब! (AI फोटो)
HighLights
Nvidia विवाद से भारतीय AI इंफ्रास्ट्रक्चर को मिला बड़ा अवसर
रिलायंस, अदाणी, टाटा समूह कर रहे भारी निवेश की योजना
अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद भारत बन रहा भरोसेमंद साझेदार
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। सिलिकॉन वैली के लिए Nvidia से जुड़ा एक विवाद भारत के सबसे बड़े औद्योगिक घरानों के लिए बड़ा मौका बनकर उभरता दिख रहा है। Nvidia के सिंगापुर स्थित क्लाउड पार्टनर से जुड़े कथित घोटाले और चीन को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराने की आशंकाओं के बाद अमेरिका ने दक्षिण-पूर्व एशिया के डेटा सेंटरों पर शिकंजा कस दिया है। इसका सीधा फायदा मुकेश अंबानी, गौतम अदाणी और टाटा ग्रुप को मिल सकता है, जो AI इंफ्रास्ट्रक्चर में 200 अरब डॉलर (18.59 लाख करोड़ रुपये) से ज्यादा निवेश की योजनाएं बना रहे हैं।
अमेरिका ने क्यों कसी लगाम?
अमेरिकी ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी ने सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड और इंडोनेशिया से हाई-एंड चिप्स के निर्यात के लिए केस-बाय-केस लाइसेंसिंग अनिवार्य कर दी है। चीन से जुड़ी कंपनियों के रिमोट एक्सेस पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस कदम का उद्देश्य उन कंपनियों को रोकना है जो दूसरे देशों के डेटा सेंटरों के जरिए चीन को अत्याधुनिक कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध करा सकती हैं। इसके उलट भारत ने अमेरिका की Pax Silica पहल के आधार सैन फ्रांसिस्को घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं और फिलहाल संदिग्ध देशों की सूची में शामिल नहीं है।
अंबानी और अदाणी का AI साम्राज्य
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपये यानी करीब 107 अरब डॉलर निवेश कर विशाल AI हब बनाने का वादा किया है। वहीं अदाणी ग्रुप ने 2035 तक 100 अरब डॉलर के डेटा सेंटर डेवलप करने की योजना पेश की है।
कच्छ में दोनों ग्रुप बड़े ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट तैयार कर रहे हैं। अदाणी का सोलर पार्क पेरिस से पांच गुना बड़ा है, जबकि रिलायंस का प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स सिंगापुर के क्षेत्रफल से तीन गुना बड़ा बताया गया है। अदाणी के पास डेटा सेंटरों के लिए बिजली और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर है, जबकि रिलायंस के पास पांच करोड़ से अधिक टेलीकॉम ग्राहक हैं।
टाटा समेत दूसरी कंपनियों से मुकाबला
भारत में AI डेटा सेंटर्स की संभावित क्षमता के मुकाबले घरेलू मांग अभी सीमित है। सरकार के IndiaAI मिशन के तहत Yotta Data Services, Tata Communications और E2E Networks जैसे नियोक्लाउड ऑपरेटरों के पास पहले से 44,000 से ज्यादा GPU हैं।
AdaniConneX भी CoreWeave को डेटा सेंटर स्पेस देकर इस मिशन में सहयोग करेगा। सरकार राज्य समर्थित क्लाउड ऑपरेटर्स को अतिरिक्त क्षमता विदेशी ग्राहकों को बेचने की अनुमति देती है, ताकि महंगे GPU खाली न रहें और भारत AI कंप्यूटिंग सेवाओं का निर्यात कर सके।
अमेरिकी कंपनियों से साझेदारी है ताकत
अदाणी ने Google के साथ विशाखापत्तनम में डेटा सेंटर डेवलप करने की साझेदारी की है। Google वहां सबसी केबल भी बिछा रही है। इसके अलावा फ्लोरिडा की Jabil के साथ AI सर्वर और कूलिंग सिस्टम के स्थानीय निर्माण की योजना है।
दूसरी ओर रिलायंस Meta के लिए 168 मेगावाट का डेटा सेंटर बना रही है और 100 मिलियन डॉलर की अलग साझेदारी के तहत Meta का Llama AI एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर भारत में बेचेगी। टाटा ग्रुप OpenAI के लिए 100 मेगावाट की सुविधा बनाएगा, जिसे भविष्य में एक गीगावाट तक बढ़ाया जा सकता है।
अमेरिका के लिए भरोसेमंद साझेदार बनने की चुनौती
माना जा रहा है कि इन भारतीय ग्रुप्स की सबसे बड़ी ताकत उनकी वित्तीय क्षमता है। तेल, टेलीकॉम, बंदरगाह, बिजली और सॉफ्टवेयर कारोबार से होने वाली कमाई के कारण वे Nvidia जैसे चिप निर्माताओं की फाइनेंसिंग पर निर्भर हुए बिना निवेश कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत दौरे में अदाणी और टाटा के प्रमुखों से मुलाकात की और गुजरात में रिलायंस के जामनगर कॉम्प्लेक्स का दौरा भी किया।
कम नहीं हैं चुनौतियां
वैसे चुनौती कम नहीं हैं। Nvidia के ब्लैकवेल प्रोसेसर जैसे अत्याधुनिक चिप्स पर अमेरिकी रिमोट-एक्सेस नियम लागू होंगे। डेटा सेंटरों को ग्राहकों के वास्तविक कॉर्पोरेट मालिकों की KYC जांच भी करनी होगी, ताकि चीन या मकाऊ से जुड़ी शेल कंपनियां प्रतिबंधों को दरकिनार न कर सकें।
इसके अलावा अमेरिकी सांसद एलिजाबेथ वॉरेन और रिचर्ड ब्लुमेंथल ने अदाणी के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोपों से जुड़े मामलों पर सवाल उठाए हैं। अदाणी समूह इन आरोपों से इनकार करता रहा है। ऐसे में भारत के इन उद्योगपतियों के सामने अवसर बड़ा है, लेकिन अमेरिकी भरोसा बनाए रखने के लिए उन्हें चीन से जुड़ी तकनीकी पाबंदियों का सख्ती से पालन भी करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।