Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Cost of Living survey : मुंबई भारत में सबसे महंगा; जानिए किस शहर की क्या है रैंकिंग

    By Siddharth PriyadarshiEdited By:
    Updated: Thu, 30 Jun 2022 07:22 AM (IST)

    Mercers 2022 Cost of Living survey के मुताबिक रहन-सहन और खान-पान के मामले में मुंबई भारत का सबसे महंगा शहर है। उसके बाद नई दिल्ली का स्थान है। हालांकि दुनिया के बड़े शहरों के मुकाबले अब भी इन शहरों में कीमतें कम हैं।

    Hero Image
    Mumbai Leads in Mercer's 2022 Cost of Living survey

    नई दिल्ली, पीटीआइ/बिजनेस डेस्क। मुंबई (Mumbai) की चमक-दमक के किस्से तो दुनियाभर में मशहूर हैं, लेकिन यहां जिंदगी गुजारना आसान नहीं है। Mercer's 2022 Cost of Living survey में पता चला है कि बाहर से आने वाले प्रवासियों के लिए यह भारत का सबसे महंगा शहर है। खाने-पीने और रहन-सहन की ऊंची लागत के चलते मुंबई को सबसे महंगे शहर का दर्जा मिला है। दूसरा स्थान नई दिल्ली का है। हालांकि सर्वे में यह बात भी सामने आई है कि ये दोनों मेट्रो शहर दुनिया के दूसरे शहरों के मुकाबले अब भी काफी सस्ते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सबसे महंगा और सस्ता शहर

    Mercer's 2022 Cost of Living survey में मुंबई का स्थान 127वां है। रहने के खर्च और आवास की लागत, दोनों मामलों में प्रवासियों के लिए यह भारत का सबसे महंगा शहर है। इसके बाद नई दिल्ली (155), चेन्नई (177), बेंगलुरु (178) और हैदराबाद (192) हैं। पुणे और कोलकाता की रैकिंग 201 और 203 है, यानी भोजन और आवास के मामले में ये सबसे कम महंगे भारतीय शहर हैं।

    जितने शहर, उतनी खूबियां

    सर्वे में पाया गया कि भारत के वित्तीय केंद्र के रूप में मुंबई बहुराष्ट्रीय कंपनियों की पहली पसंद है। कोलकाता में दूध, ब्रेड और सब्जी जैसी रोजमर्रा की चीजों की लागत सबसे कम है, जबकि मुंबई और नई दिल्ली में इनकी कीमत सबसे अधिक है। घर में इस्तेमाल होने वाली अन्य चीजों की लागत मुंबई में सबसे अधिक है और चेन्नई तथा हैदराबाद में सबसे कम है। मुंबई में फिल्म देखना सबसे महंगा है, जबकि हैदराबाद में इसके लिए कम दाम चुकाने पड़ते हैं। घर की कीमतें भी हैदराबाद में कम हैं, लेकिन अगर रहने और आवास की लागत को जोड़ दिया जाए तो यह पुणे और कोलकाता की तुलना में अधिक महंगा है। किराए के घर के लिए मुंबई में सबसे ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं, नई दिल्ली और बेंगलुरु का स्थान दूसरा और तीसरा है।

    सबसे ऊंचे पायदान पर हांगकांग

    सर्वे के अनुसार, हांगकांग रहने के लिए दुनिया का सबसे महंगा शहर है। इसके बाद स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख, जिनेवा, बेसल और बर्न का नंबर आता है। तेल अवीव, न्यूयॉर्क, सिंगापुर, टोक्यो और बीजिंग का नाम भी इस सूची में दर्ज है। मर्सर द्वारा कॉस्ट ऑफ लिविंग सर्वे (Cost of Living survey) मार्च 2022 में किया गया था। इस वर्ष की रैंकिंग में पांच महाद्वीपों के 227 शहरों में आवास, परिवहन, भोजन, कपड़े, घरेलू सामान और मनोरंजन सहित 200 से अधिक वस्तुओं की कीमतों की तुलना की गई है।